Source :- LIVE HINDUSTAN
केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में सीएनजी और पीएनजी की कीमतों पर बड़ी राहत मिली है। दरअसल, चंडीगढ़ प्रशासन ने प्राकृतिक गैस पर मूल्य संवर्धित कर (वैट) की दर को 12.5 प्रतिशत से घटाकर पांच प्रतिशत कर दिया है। कहने का मतलब है कि यह 7 प्रतिशत से ज्यादा की कटौती है।
क्या होगा फायदा?
आधिकारिक बयान में कहा गया कि इस निर्णय से केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में कॉम्प्रेस्ड प्राकृतिक गैस (सीएनजी) और पाइप वाली रसोई गैस (पीएनजी) का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं को टैक्स राहत मिलेगी। प्रशासन ने कहा कि वैट में कटौती से प्राकृतिक गैस अधिक किफायती होने की उम्मीद है और शहर में प्राकृतिक गैस अवसंरचना के विकास एवं विस्तार को बढ़ावा मिलेगा। बता दें कि यह फैसला 18 सितंबर की मध्यरात्रि से प्रभावी हो गया है।
भारत टैक्सी की चंडीगढ़ में भी हुई शुरुआत
इस बीच, देश की पहली सहकारी मॉडल पर आधारित ऑनलाइन सवारी सेवा ‘भारत टैक्सी’ की चंडीगढ़ में शुक्रवार को शुरुआत की गई। इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रशासन के सहकारिता विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पंजाब के राज्यपाल एवं केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने भारत टैक्सी सेवा का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन किया और इसके बाद भारत टैक्सी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
भारत टैक्सी के बारे में
भारत टैक्सी को ओला, उबर और अन्य निजी ऐप आधारित कैब सर्विसेज के विकल्प के तौर पर पेश किया गया है। इसकी शुरुआत ऐसे समय हुई है जब चंडीगढ़ प्रशासन ने ओला, उबर, इनड्राइव और रैपिडो के एग्रीगेटर लाइसेंस छह महीने के लिए निलंबित किए हैं।
भारत टैक्सी की खासियत इसका सहकारी मॉडल है। इसमें ड्राइवरों को ‘सारथी’ कहा गया है और उन्हें केवल सर्विस प्रोवाइडर के बजाय प्लेटफॉर्म में हिस्सेदार बनाने पर जोर है। सत्यापन के बाद सारथी 500 रुपये का निवेश कर पांच शेयर खरीद सकते हैं और भविष्य के मुनाफे में हिस्सेदारी का अवसर पा सकते हैं। यह प्लेटफॉर्म जीरो-कमीशन मॉडल पर काम करेगा। यानी ड्राइवरों से प्रत्येक राइड पर कमीशन नहीं लिया जाएगा और राइड से हुई कमाई सीधे उन्हें मिलेगी। व्यस्त घंटों में किराया बढ़ाने वाले मॉडल के बजाय पारदर्शी और स्थिर किराये पर जोर दिया गया है।
बता दें कि ड्राइवर भारत टैक्सी ऐप के माध्यम से रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। इसके लिए ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, वाहन की आरसी और फोटो जैसे दस्तावेज जमा करने होंगे। सत्यापन के बाद उन्हें प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा। यात्रियों के लिए ऐप के जरिए कैब, बाइक या ऑटो बुक करने की सुविधा उपलब्ध होगी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




