Source :- LIVE HINDUSTAN
Vi (Vodafone Idea) के शेयर लगातार सातवें कारोबारी दिन तेजी के साथ नए 52-वीक हाई पर पहुंच गए। कंपनी के शेयर ने पिछले एक साल में 100% से ज्यादा रिटर्न दिया है। TRAI के आंकड़ों के मुताबिक कंपनी लगातार तीसरे महीने नए सब्सक्राइबर जोड़ने में सफल रही है।
Vodafone Idea share price: अगर आपने पिछले कुछ महीनों में शेयर बाजार पर नजर रखी है, तो वोडाफोन आइडिया (Vodafone Idea) यानी Vi का शेयर जरूर चर्चा में देखा होगा। लंबे समय तक दबाव में रहने के बाद अब यह टेलीकॉम स्टॉक जोरदार वापसी करता दिखाई दे रहा है। बुधवार को कंपनी के शेयर ने नया 52-वीक हाई छू लिया और लगातार सातवें कारोबारी दिन तेजी के साथ कारोबार करता दिखा। शेयर शुरुआती कारोबार में करीब 1% चढ़कर ₹14.29 तक पहुंच गया, जो पिछले एक साल का सबसे ऊंचा स्तर है। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।
दिलचस्प बात यह है कि पिछले एक महीने में यह शेयर करीब 46% उछल चुका है। वहीं, तीन महीनों में 33%, 6 महीनों में 40% और 1 साल में 100% से ज्यादा का रिटर्न देकर यह मल्टीबैगर स्टॉक की कैटेगिरी में शामिल हो गया है। यही वजह है कि अब रिटेल निवेशकों से लेकर मार्केट एक्सपर्ट्स तक सभी की नजर इस शेयर पर बनी हुई है।
इस तेजी के पीछे सबसे बड़ी वजह कंपनी के सब्सक्राइबर बेस में लगातार सुधार माना जा रहा है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण यानी टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉर्टी ऑफ इंडिया (Telecom Regulatory Authority of India -TRAI) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक Vi (Vodafone Idea) ने अप्रैल 2026 में 53,257 नए ग्राहक जोड़े हैं। इससे पहले मार्च में कंपनी ने 1.03 लाख और फरवरी में करीब 22 हजार नए यूजर्स जोड़े थे, यानी लगातार तीसरे महीने कंपनी के ग्राहक बढ़े हैं, जिसे बाजार सकारात्मक संकेत के रूप में देख रहा है।
हालांकि, सब्सक्राइबर जोड़ने के मामले में भारती एयरटेल (Bharti Airtel) और रिलायंस जियो (Reliance Jio) अभी भी आगे हैं, लेकिन Vi (Vodafone Idea) के लिए यह सुधार काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि पिछले कुछ सालों में कंपनी लगातार ग्राहकों को खो रही थी।
शेयर में तेजी की दूसरी बड़ी वजह कंपनी की क्रेडिट रेटिंग अपग्रेड होना है। रेटिंग एजेंसी CRISIL ने Vi (Vodafone Idea) की रेटिंग बढ़ाकर A- कर दी है और स्टेबल आउटलुक दिया है। एजेंसी का कहना है कि आदित्य बिरला ग्रुप (Aditya Birla Group) का लगातार समर्थन, कंपनी की बाजार में मजबूत मौजूदगी और बिजनेस ऑपरेशन में सुधार इस अपग्रेड की मुख्य वजह हैं।
CRISIL ने यह भी कहा कि कंपनी अगले कुछ सालों में ₹45,000 करोड़ का बड़ा निवेश करने की योजना बना रही है। यह पैसा 4G नेटवर्क मजबूत करने और 5G साइट्स बढ़ाने में लगाया जाएगा। इससे कंपनी की कमाई और कैश फ्लो बेहतर हो सकता है।
इसके अलावा AGR यानी एडजेस्टेड ग्रॉस रेवेन्यू (Adjusted Gross Revenue) बकाया मामले में राहत भी कंपनी के लिए बड़ी खबर रही। दूरसंचार विभाग द्वारा AGR देनदारी घटाए जाने के बाद कंपनी पर नकदी का दबाव कम हुआ है। पहले कंपनी की AGR देनदारी ₹87,695 करोड़ थी, जो अब घटकर ₹64,046 करोड़ रह गई है।
Vi का शेयर परफॉर्मेंस
Vi (Vodafone Idea) के शेयरों में हाल के दिनों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। बुधवार को कंपनी का शेयर NSE पर ₹14.20 के स्तर पर कारोबार करता दिखा, जिसमें 0.42% की बढ़त दर्ज की गई। खास बात यह है कि शेयर लगातार कई कारोबारी सत्रों से मजबूती बनाए हुए है।
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर कंपनी इसी तरह अपने नेटवर्क और ग्राहक आधार में सुधार करती रही, तो आने वाले समय में इसका प्रदर्शन और मजबूत हो सकता है। हालांकि, निवेशकों को यह भी ध्यान रखना चाहिए कि टेलीकॉम सेक्टर में प्रतिस्पर्धा काफी तेज है और Vi (Vodafone Idea) को अभी भी कई बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। लेकिन, फिलहाल, बाजार में इस शेयर को लेकर सकारात्मक माहौल बना हुआ है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







