Source :- LIVE HINDUSTAN

Iran Team Fifa World Cup 2026: अमेरिका ने ईरान फुटबॉल टीम को न्यूजीलैंड मैच के बाद फौरन जाने का निर्देश दिया। ईरान का न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबला ड्रॉ रहा।

फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में हो रहा है। अमेरिका और ईरान के रिश्ते ठीक नहीं हैं। ईरान ने अपना पहला मैच लॉस एंजिल्स में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला, जो 2-2 से ड्रॉ रहा। मैच के बाद अमेरिकी अधिकारियों ने ईरान फुटबॉल टीम को फौरन लॉस एंजिलिस से निकलने के निर्देश दिए। ऐसे में ईरान के कोच अमीर गालेनोई ने फीफा को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने ईरान को सबसे पीड़ित टीम करार दिया।

‘रिकवरी करना बहुत जरूरी था’

ईरान के कप्तान मेहदी तारेमी और कोच गालेनोई ने बार-बार लॉजिस्टिक दिक्कतों का सामना करना पर अपनी निराशा जाहिर की, जिससे टीम की तैयारियों में रुकावट आई। कोच के मुताबिक, टीम को रिकवरी के लिए लॉस एंजिल्स में रहने के बजाय सोमवार रात के मैच के तुरंत बाद मेक्सिको के तिजुआना में अपने ट्रेनिंग बेस पर लौटने के लिए कहा गया। गालेनोई ने कहा, ”आज के गेम के बाद उन्होंने हमसे कहा कि ‘तुम्हें फौरन निकलना होगा।’ जबकि आज हमारे लिए रिकवरी करना बहुत जरूरी था।”

ईरान टीम ने बनाया था ये प्लान

कोच ने ईरान को टूर्नामेंट की तैयारी के दौरान मुश्किलों का सामना करना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि टीम मैच से दो दिन पहले लॉस एंजिल्स आने और मैच के बाद रात वहीं रुकने और अगले दिन मेक्सिको लौटने का प्लान बनाया था। गालेनोई ने कहा, ”मुझे लगता है कि हमारी टीम पूरे वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा पीड़ित है। हमारा फेडरेशन यहां नहीं है, हमारा मीडिया यहां नहीं है, हमारा मैनेजमेंट यहां नहीं है।”

इन दिक्कतों से तैयारी पर असर

वीजा और ट्रैवल की दिक्कतों की वजह से ईरान की तैयारियों पर असर पड़ा है। अमेरिकी इमिग्रेशन प्रोसेस को लेकर चिंताओं की वजह से टीम को एरिजोना में ट्रेनिंग बेस का प्लान छोड़ना पड़ा और इसके बजाय तिजुआना में कैंप लगाना पड़ा। हालांकि, बाद में ये चिंताएं सही साबित हुईं क्योंकि ईरान के सपोर्ट स्टाफ के कई सदस्यों को अमेरिका में आने के लिए वीजा नहीं दिया गया।

‘फीफा को हमारी मदद करनी चाहिए’

ईरान के कप्तान तारेमी ने कहा कि लगातार ट्रैवल और अनिश्चितता की वजह से टीम की मैचों के लिए ठीक से तैयारी करने की क्षमता पर असर पड़ रहा। उन्होंने बताया कि तिजुआना से लॉस एंजिल्स का सफर में कुछ घंटे लगते हैं लेकिन इमिग्रेशन प्रोसेस में देरी की वजह से करीब पांच घंटे लगे। उन्होंने कहा कि फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो सोमवार के मैच के बाद ड्रेसिंग रूम में टीम से मिलने आए थे। तारेमी ने कहा, ”निश्चित रूप से वह हमारी मदद करना चाहते हैं, लेकिन यह दूसरी चीजों के बारे में भी है। यह बात सब जानते हैं। मुझे यह बताने की जरूरत नहीं है, क्योंकि आप जानते हैं कि हम कहां हैं। मुझे लगता है कि फीफा को इससे ज्यादा हमारी मदद करनी चाहिए। देखते हैं आगे क्या होता है।”

SOURCE : LIVE HINDUSTAN