Home National news hindi उत्तराखंड के हल्द्वानी में ‘शुद्धीकरण’ टिप्पणी मामले में राहुल गांधी के ख़िलाफ़...

उत्तराखंड के हल्द्वानी में ‘शुद्धीकरण’ टिप्पणी मामले में राहुल गांधी के ख़िलाफ़ एफ़आईआर

5
0

Source :- BBC INDIA

राहुल गांधी

इमेज स्रोत, Getty Images

उत्तराखंड के हल्द्वानी में वाल्मीकि समुदाय के एक सदस्य की शिकायत के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई है.

शिकायतकर्ता का आरोप है कि कांग्रेस नेता ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल पर हुए एक धार्मिक अनुष्ठान को जातिगत रंग दिया.

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ पुलिस ने बताया कि एफ़आईआर भारतीय न्याय संहिता की उन विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज की गई है, जो समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने और जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने से संबंधित हैं.

पुलिस के मुताबिक़, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 की धाराएं भी लगाई गई हैं.

पीटीआई के मुताबिक़ जवाहर नगर निवासी और श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास के सदस्य अमित कुमार ने हल्द्वानी थाने में शिकायत दर्ज कराई है.

उन्होंने दावा किया कि वह उस “धार्मिक अनुष्ठान और साफ़-सफाई अभियान” के दौरान मौके पर मौजूद थे.

अमित कुमार के मुताबिक़, 29 अगस्त को दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी की टिप्पणियों से समुदाय की भावनाएं आहत हुईं.

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद रामलीला मैदान का शुद्धीकरण किया गया, ‘क्योंकि खड़गे दलित हैं.’

राहुल गांधी ने इस मामले में फ़ौरन एफ़आईआर दर्ज करने की मांग की थी.

राहुल गांधी ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा था, “आठ अगस्त को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी में रैली होती है और 10 अगस्त को बीजेपी-आरएसएस के लोग उनके मंच का शुद्धीकरण करते हैं.”

इस प्रेस कॉन्फ़्रेंस करने के बाद यह मामला फिर से गर्म हो गया है और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पर सफ़ाई दी है.

इस प्रेस कॉन्फ़्रेंस में राहुल गांधी की ओर से लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा था, “जिन्होंने भी वहां पर शुद्धीकरण किया था, उनमें बीजेपी का कोई कार्यकर्ता शामिल नहीं था.”

SOURCE : BBC NEWS