Home - एक Earbud में आवाज हो गई कम? नया लेने से पहले ये...

एक Earbud में आवाज हो गई कम? नया लेने से पहले ये 3 ट्रिक्स जरूर करें ट्राई, बच सकते पैसे

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

एक ईयरबड में आवाज कम आ रही है तो नया खरीदने से पहले जान लें ये तीन खास टिप्स जिनकी मदद से शायद आपको नया ईयरबड नहीं खरीदना पड़े। जानें क्या है ये तरीके।

म्यूजिक सुनने, वीडियो देखने और कॉल करने के लिए TWS और वायरलेस ईयरबड्स का इस्तेमाल काफी लोग करते हैं। लेकिन कई बार अचानक ऐसा होता है कि दोनों ईयरबड में से एक की आवाज तेज और दूसरे की आवाज बहुत धीमी आने लगती है। ऐसे में ज्यादातर लोग तुरंत मान लेते हैं कि ईयरबड खराब हो गया है। लेकिन आप एक बार ये ट्रिक्स इस्तेमाल कर आप ईयरबड्स को ठीक करने का ट्राई कर सकते हैं। कई बार ईयरबड की जाली में जमा गंदगी, कान के हिसाब से सही फिट न होना या फोन की ऑडियो सेटिंग में लेफ्ट और राईट साइड में बैलेंस बदल जाना भी इसकी वजह हो सकता है। ऐसी समस्या आने पर सबसे पहले यह पता करना जरूरी है कि दिक्कत ईयरबड में है या फोन में। इसके लिए ईयरबड को दूसरे कान में लगाकर सुनें या किसी दूसरे फोन पर कनेक्ट करके चेक करें।

सम्बंधित सुझाव

1. ईयरबड की जाली में जमा गंदगी साफ करें

एक ईयरबड में आवाज धीमी होने की सबसे आम वजहों में से एक धूल, कान की मैल या दूसरी गंदगी हो सकती है। ईयरबड के जिस हिस्से से आवाज बाहर आती है, वहां छोटी जाली लगी होती है। लंबे समय तक इस्तेमाल के बाद इस जाली पर गंदगी जमा हो सकती है और इससे आवाज पहले की तुलना में धीमी सुनाई दे सकती है। इसे साफ करने के लिए पहले ईयरबड को एक सूखे और मुलायम कपड़े से पोंछें। जाली पर जमी गंदगी को बहुत हल्के हाथ से हटाएं। इसके लिए मुलायम ब्रश या कॉटन स्वैब का इस्तेमाल किया जा सकता है। सफाई करते समय नुकीली चीज को जाली के अंदर डालने से बचें, क्योंकि इससे ईयरबड के अंदर मौजूद हिस्से को नुकसान हो सकता है। सफाई के बाद ईयरबड दोबारा कनेक्ट करके म्यूजिक चलाएं। कई बार सिर्फ जाली साफ करने से ही आवाज में फर्क महसूस होने लगता है।

2. ईयर-टिप का साइज बदलकर देखें

अगर आपके TWS ईयरबड में अलग-अलग साइज की सिलिकॉन ईयर-टिप दी गई हैं, तो सही साइज चुनना भी काफी जरूरी है। कई बार ईयरबड कान में ढीला रहता है और ठीक से सील नहीं बनती। इससे बाहर का शोर ज्यादा सुनाई दे सकता है और म्यूजिक की आवाज कम लग सकती है। एक साइड के लिए अलग फिटिंग की जरूरत भी पड़ सकती है, क्योंकि दोनों कानों का आकार बिल्कुल एक जैसा होना जरूरी नहीं है। इसलिए दिए गए अलग-अलग टिप साइज को ट्राई करके देखें। जो टिप कान में आराम से फिट हो और बहुत ढीली न लगे, उसे इस्तेमाल करें। ईयर-टिप पर गंदगी जमा हो तो उसे हटाकर साफ करें और पूरी तरह सूखने के बाद दोबारा लगाएं।

सम्बंधित सुझाव

3. फोन की Left-Right Audio Balance सेटिंग चेक करें

कई बार ईयरबड सही होता है, लेकिन फोन की ऑडियो बैलेंस सेटिंग बदल जाने के कारण एक तरफ की आवाज कम सुनाई देती है। फोन में Left और Right ऑडियो को अलग-अलग एडजस्ट करने का विकल्प मौजूद होता है। अगर स्लाइडर एक तरफ ज्यादा चला गया है, तो दूसरे ईयरबड की आवाज कम हो सकती है। फोन की सेटिंग में जाकर Accessibility या Hearing से जुड़ा विकल्प खोजें। यहां आपको Audio Balance, Left/Right Balance या इसी तरह का ऑप्शन दिखाई दे सकता है। स्लाइडर को बीच में रखने के बाद दोनों ईयरबड से आवाज दोबारा चेक करें। अलग-अलग कंपनियों के फोन में सेटिंग का नाम और रास्ता अलग हो सकता है।

Vivo फोन में ऐसे चेक करें सेटिंग

Vivo फोन में यह सेटिंग Shortcut and Accessibility > Accessibility > Audio Adjustment के अंदर मिलती है। यहां Mono Audio को ऑन करने का ऑप्शन और Left-Right ऑडियो बैलेंस को एडजस्ट करने के लिए स्लाइडर दिया जाता है। अगर एक ईयरबड में आवाज बहुत कम है, तो पहले ऑडियो बैलेंस स्लाइडर को बीच में सेट करके चेक करें। इसके बाद जरूरत के हिसाब से Mono Audio का विकल्प भी आजमाया जा सकता है।

Samsung फोन में कहां मिलेगा ऑप्शन

Samsung फोन में रास्ता अलग है। सेटिंग्स खोलकर Accessibility > Hearing Enhancements में जाएं। यहां आपको Mono Audio का ऑप्शन मिल सकता है। जरूरत के अनुसार ऑडियो एडजस्टमेंट भी किया जा सकता है। अगर Left-Right बैलेंस एक तरफ झुका हुआ है, तो उसे सामान्य स्थिति में लाकर ईयरबड दोबारा टेस्ट करें।

ईयरबड को रीसेट करके दोबारा कनेक्ट करें

अगर सफाई, ईयर-टिप और ऑडियो सेटिंग चेक करने के बाद भी समस्या बनी हुई है, तो ईयरबड को रीसेट करके फोन से दोबारा पेयर करना भी एक आसान कदम है। इसके लिए फोन की Bluetooth लिस्ट में जाकर ईयरबड को Forget या Unpair करें। इसके बाद फिर Bluetooth के जरिए दोबारा कनेक्ट करें। कई बार पुराना पेयरिंग कनेक्शन ठीक तरह से काम नहीं करता और दोबारा कनेक्ट करने से परेशानी दूर हो सकती है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN