Home LIFESTYLE NEWS HINDI एक कप मूंग दाल से बनाएं कुरकुरी और चटपटी नमकीन, झटपट रेसिपी

एक कप मूंग दाल से बनाएं कुरकुरी और चटपटी नमकीन, झटपट रेसिपी

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

चाय के साथ कुछ कुरकुरा और चटपटा खाने का मन हो तो बाजार से नमकीन लाने की जरूरत नहीं। घर पर ही मूंग दाल से ऐसी कुरकुरी नमकीन बनाएं, जिसे खाते-खाते हाथ रुकना मुश्किल हो जाएगा।

शाम की चाय के साथ कुछ कुरकुरा मिल जाए, तो मूड ही बदल जाता है। लेकिन हर बार बाजार की नमकीन लाने की जरूरत नहीं है। घर में रखी साधारण मूंग दाल से आप ऐसी चटपटी और कुरकुरी नमकीन बना सकते हैं, जिसका स्वाद बाजार वाली नमकीन को भी टक्कर देगा। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे अपनी पसंद के हिसाब से तीखा, हल्का या मसालेदार बनाया जा सकता है। दाल को सही तरीके से भिगोकर और कुरकुरा तलकर तैयार की गई यह नमकीन चाय के साथ तो अच्छी लगेगी ही, साथ ही अचानक लगी छोटी-मोटी भूख के लिए भी बढ़िया ऑप्शन है। तो चलिए जानते हैं इसे घर पर बनाने का आसान तरीका।

मूंग दाल नमकीन बनाने के लिए सामग्री

1 कप मूंग दाल

तलने के लिए तेल

स्वादानुसार नमक

आधा छोटा चम्मच काला नमक

आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर

आधा छोटा चम्मच चाट मसाला

चौथाई छोटा चम्मच हल्दी

थोड़ा सा अमचूर पाउडर

मूंग दाल नमकीन बनाने का तरीका

1. दाल को भिगोकर रखें

सबसे पहले मूंग दाल को साफ करके अच्छी तरह धो लें। अब इसे पानी में करीब 3 से 4 घंटे के लिए भिगो दें। दाल अच्छी तरह फूल जाए तो इसका पानी निकाल दें।

2. दाल को अच्छी तरह सुखाएं

दाल का पानी निकालने के बाद इसे किसी साफ कपड़े या सूती कपड़े पर फैला दें। ऊपर से भी हल्के हाथ से पोंछ लें। दाल में ज्यादा पानी नहीं रहना चाहिए, वरना तलते समय तेल उछल सकता है और दाल भी अच्छी तरह कुरकुरी नहीं होगी।

3. तेल गर्म करें

कड़ाही में तेल डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें। तेल बहुत ज्यादा गर्म ना हो, वरना दाल बाहर से जल्दी भूरी हो जाएगी लेकिन अंदर से ठीक से कुरकुरी नहीं बनेगी।

4. मूंग दाल तलें

अब थोड़ी-थोड़ी मूंग दाल तेल में डालें और मीडियम फ्लेम पर इसे सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। जब दाल अच्छी तरह कुरकुरी हो जाए तो इसे छलनी की मदद से निकाल लें। (थोड़ी-थोड़ी दाल तलने से सभी दाने अच्छी तरह पकते हैं और बराबर कुरकुरे बनते हैं)

5. मसाले मिलाएं

एक बड़ी प्लेट या कटोरे में तली हुई दाल निकालें। इसमें नमक, काला नमक, लाल मिर्च, चाट मसाला और अमचूर पाउडर डालें। अब सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। (दाल हल्की गर्म हो तो मसाले अच्छी तरह चिपक जाते हैं और हर दाने में स्वाद आता है)

नमकीन को कैसे स्टोर करें?

तली हुई मूंग दाल को पूरी तरह ठंडा होने दें। इसके बाद इसे किसी साफ और सूखे एयरटाइट डिब्बे में भरकर रखें। डिब्बे में नमी जाने से नमकीन जल्दी नरम हो सकती है।

घर की मूंग दाल नमकीन क्यों है खास?

  • घर पर नमकीन बनाने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आप इसमें अपनी पसंद के हिसाब से मसाले डाल सकते हैं। ज्यादा नमक या तीखा स्वाद पसंद नहीं है तो उसे आसानी से कम किया जा सकता है। साथ ही, घर पर बनाते समय सामग्री और तेल की मात्रा पर भी आपका पूरा कंट्रोल रहता है।
  • तो अगली बार शाम की चाय के साथ कुछ चटपटा खाने का मन हो, बाजार जाने की बजाय रसोई में रखी मूंग दाल निकालिए और तैयार कर लीजिए यह कुरकुरी नमकीन।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN