Source :- LIVE HINDUSTAN

Banana Storage Tips: केले घर में सबसे ज्यादा खरीदे जाने वाले फलों में से एक हैं, लेकिन ये जल्दी खराब भी हो जाते हैं। अगर आप बार-बार केले फेंकने से परेशान हैं, तो यह आसान स्टोरेज ट्रिक आपके काम आ सकती है।

केला एक ऐसा फल है जो लगभग हर घर में खरीदा जाता है। यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पेट भरने वाला और आसानी से मिलने वाला फल भी है। लेकिन इसकी एक बड़ी समस्या है कि यह बहुत जल्दी पक जाता है और काला भी पड़ने लगता है। कई बार लोग ज्यादा मात्रा में केले खरीद लेते हैं, लेकिन समय पर खा नहीं पाते। नतीजा यह होता है कि केले खराब होने लगते हैं और उन्हें फेंकना पड़ जाता है।

अगर आपके घर में भी अक्सर ऐसा होता है, तो अब चिंता की बात नहीं है। एक सिंपल हैक की मदद से आप केले को लंबे समय तक ताजा रख सकते हैं। खास बात यह है कि इसके लिए किसी महंगे सामान की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।

केले जल्दी खराब क्यों हो जाते हैं?

केले पकने के दौरान एक खास तरह की गैस छोड़ते हैं जिससे उनका पकने का समय और तेज हो जाता है। इसी वजह से एक-दो दिनों के अंदर ही उनका रंग बदलने लगता है और वे ज्यादा नरम हो जाते हैं। इसके अलावा गर्मी और नमी भी केले को जल्दी खराब करने का कारण हो सकती है।

महीनेभर तक केले स्टोर करने की आसान ट्रिक

अगर आप चाहते हैं कि केले ज्यादा समय तक सही रहें, तो यह तरीका आजमा सकते हैं। इंस्टाग्राम पर कॉन्टेंट क्रिएटर ‘मॉम्स गपशप’ ने यह हैक शेयर किया है।

  1. सबसे पहले केले के ऊपर और नीचे वाले हिस्से को लगभग आधा इंच तक काट लें।
  2. अब एक एयर टाइट कंटेनर लें और उसमें टिशू पेपर बिछा दें।
  3. कटे हुए केले इस पर सलीके से रख दें।
  4. अब ऊपर से भी टिशू पेपर से उन्हें कवर कर दें।
  5. डिब्बे का ढक्कन बंद करके उसे फ्रिज में रख दें।

एक साथ ज्यादा केले कैसे रखें?

अगर आपके पास ज्यादा केले हैं, तो उन्हें एक के ऊपर एक रख सकते हैं। बस ध्यान रखें कि हर परत के बीच टिशू पेपर जरूर लगाएं। इससे नमी कम फैलती है और केले एक-दूसरे के संपर्क में कम आते हैं।

यह तरीका कैसे मदद करता है?

टिशू पेपर अतिरिक्त नमी को सोखने में मदद करता है। वहीं, एयर टाइट कंटेनर केले को बाहरी नमी और दूसरे फलों के असर से बचाने में मदद कर सकता है। यही वजह है कि केले ज्यादा समय तक सही रह सकते हैं।

केले स्टोर करते समय इन बातों का रखें ध्यान

  • अगर कोई केला पहले से बहुत ज्यादा नरम हो चुका है, तो उसे बाकी केलों से अलग रखें।
  • केलों को रखने से पहले जरूर देख लें कि वो गीले ना हो।
  • गंदे कंटेनर में रखने से फल जल्दी खराब हो सकते हैं, तो डिब्बा साफ ही हो।

क्या इस ट्रिक से हमेशा एक महीना तक केले ताजा रहेंगे?

यह कई बातों पर निर्भर करता है, जैसे केले कितने पके हुए थे, फ्रिज का तापमान कैसा है और स्टोरेज की स्थिति कैसी है। इसलिए रिजल्ट्स अलग-अलग हो सकते हैं लेकिन सही तरीके से रखने पर केले सामान्य से ज्यादा समय तक सही रह सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN