Source :- LIVE HINDUSTAN

दुनिया के पहले खरबपति एलन मस्क की शेयर बाजार में लिस्टेड कंपनी- स्पेसएक्स (SpaceX) ने मार्केट कैपिटल के मामले में कई बड़ी कंपनियों को पीछे छोड़ दिया है। स्पेसएक्स ने मार्केट कैप के मामले में सॉफ्टवेयर बनाने वाली Microsoft को भी पीछे छोड़ते हुए अमेरिका की चौथी सबसे बड़ी कंपनी का तमगा हासिल किया है।

बता दें कि ऐतिहासिक आईपीओ के बाद स्पेसएक्स ने यह कारनामा हासिल किया है। मंगलवार को कंपनी के शेयर करीब 8 फीसदी चढ़े जबकि पहले दो कारोबारी सत्रों में भी 19-20 फीसदी से अधिक की तेजी दर्ज की गई थी। इस दौरान अमेजन भी पीछे छूट गया है। अब मार्केट कैप के मामले में स्पेसएक्स से आगे Nvidia, गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट और Apple है।

क्यों आई स्पेसएक्स के शेयर में तेजी?

दरअसल, स्पेसएक्स ने 60 अरब डॉलर में एआई कोडिंग प्लेटफॉर्म कर्सर (Cursor) के अधिग्रहण की घोषणा की है। Cursor एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कोडिंग एजेंट है जो अपने-आप सॉफ्टवेयर लिख सकता है और एंथ्रोपिक के क्लाउड कोड और OpenAI के कोडेक्स को सीधे टक्कर देता है। स्पेसएक्स ने अप्रैल में बताया था कि कर्सर ने कंपनी को उसे खरीदने का अधिकार दे दिया है। कंपनी की अपनी वेबसाइट के अनुसार Fortune 500 की 64% कंपनियां कर्सर का इस्तेमाल करती हैं, जिससे यह AI कोडिंग के कॉम्पिटिटिव मार्केट में सबसे तेजी से बढ़ने वाले टूल्स में से एक बन गया है।

इस अधिग्रहण से स्पेसएक्स के पहले से ही बड़े आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कैपिटल एक्सपेंडिचर में और बढ़ोतरी हुई है। कंपनी ने 2025 में AI पर 12.7 बिलियन डॉलर और 2026 के शुरुआती तीन महीनों में ही इस टेक्नोलॉजी पर 7.7 बिलियन डॉलर खर्च किए थे। कर्सर डील से अब इस आंकड़े में 60 बिलियन डॉलर की स्टॉक ऑब्लिगेशन यानी शेयर से जुड़ी देनदारी और जुड़ गई है।

बता दें कि स्पेसएक्स ने इस साल की शुरुआत में एलन मस्क की AI कंपनी xAI के साथ मर्जर किया था। इसका मकसद भविष्य में अंतरिक्ष में डेटा सेंटर लॉन्च करना है, जिसमें सस्ते कूलिंग और मुफ्त सोलर बिजली की संभावनाओं को कम्युनिकेशन के लिए अपने स्टारलिंक सैटेलाइट नेटवर्क के साथ जोड़ा जाएगा। कंपनी ने 2025 में xAI को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के साथ मिला दिया। अब यह मिली-जुली कंपनी एयरोस्पेस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस रिसर्च और सोशल मीडिया के क्षेत्रों में काम करती है।

स्पेसएक्स की शेयर बाजार में शुरुआत

बीते शुक्रवार को स्पेसएक्स ने अमेरिकी शेयर बाजार में अपनी सूचीबद्धता के दिन 23 प्रतिशत की जोरदार उछाल दर्ज की। इसके साथ कंपनी के सीईओ एलन मस्क दुनिया के पहले ट्रिलियनियर यानी खरबपति बन गए। मस्क की कंपनी स्पेसएक्सल के शेयर 150 डॉलर के भाव पर खुले जो इश्यू प्राइस से 11 प्रतिशत अधिक है। थोड़ी देर में ही इसके शेयर का भाव बढ़कर 166.90 डॉलर तक पहुंच गया। इस स्तर पर कंपनी का मार्केट कैपिटल करीब 2.18 लाख करोड़ डॉलर आंका गया। इसके साथ ही फोर्ब्स ने अनुमान जताया कि मस्क की कुल संपत्ति बढ़कर 1.1 लाख करोड़ डॉलर हो गई है।

संस्थागत और खुदरा निवेशकों ने 135 डॉलर प्रति शेयर के इश्यू प्राइस पर 55.56 करोड़ शेयर खरीदने में रुचि दिखाई, जिससे कंपनी ने 75 अरब डॉलर जुटाए। यह 2019 में सऊदी अरामको के 26 अरब डॉलर के रिकॉर्ड आईपीओ से काफी अधिक है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN