Home rss world hindi कुछ नहीं दिख रहा; 2 मिनट में 13 हजार फीट नीचे गिरा...

कुछ नहीं दिख रहा; 2 मिनट में 13 हजार फीट नीचे गिरा विमान, क्रैश से पहले का ऑडियो आया सामने

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

नैन्टकेट के दक्षिण में लगभग 1,644 वर्ग मील के क्षेत्र में चले सघन तलाशी अभियान के बाद तटरक्षक बल ने दुर्घटनाग्रस्त विमान से जुड़े मलबों को ढूंढ निकाला है।

बरमूडा से अमेरिका के बोस्टन जा रहा एक एयर एम्बुलेंस अटलांटिक महासागर में क्रैश हो गया है। एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूटने से ठीक पहले विमान में तकनीकी खराबी की बात सामने आई थी। अमेरिकी तटरक्षक बल को नैन्टकेट द्वीप के दक्षिण में समुद्र से लापता विमान का मलबा मिल गया है। जहाज पर सवार 6 लोगों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फिलहाल उनका पता नहीं चल सका है।

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, लैटीट्यूड एयर एम्बुलेंस द्वारा संचालित गल्फस्ट्रीम जी100 (Gulfstream G100) जेट ने शनिवार तड़के स्थानीय समयानुसार लगभग 12:41 बजे बरमूडा के एल.एफ. वेड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। यह विमान बोस्टन के लोगन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर जा रहा था।

एविएशन वेबसाइट LiveATC.net के द्वारा अंतिम ऑडियो क्लिप शेयर किया गया है, जिसमें एयर ट्रैफिक कंट्रोलर और पायलट के बीच की बातचीत रिकॉर्ड है। कंट्रोलर को यह पूछते हुए सुना जा सकता है कि क्या विमान में कोई आपात स्थिति है, जिसके बाद प्लेन का संपर्क पूरी तरह टूट गया। कंट्रोलर ने पायलट से पूछा, “आपने कहा कि आपको कुछ दिखाई नहीं दे रहा है। क्या आपने यही कहा था?” पायलट का जवाब साफ सुनाई नहीं दिया। इसके बाद कंट्रोलर ने पूछा कि क्या क्रू इमरजेंसी घोषित कर रहा है।

2 मिनट में 13000 फीट नीचे गिरा विमान

एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, नैन्टकेट के दक्षिण में पहुंचने पर विमान में गंभीर इलेक्ट्रिकल खराबी आ गई थी। आंकड़े बताते हैं कि 24000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा यह जेट महज 2 मिनट के भीतर लगभग 13000 फीट नीचे आ गिरा और अंततः 10000 फीट की ऊंचाई पर इसका रडार और रेडियो संपर्क पूरी तरह खत्म हो गया।

लगभग 1:20 बजे एक अलर्ट जारी किया गया। इसके बाद अमेरिकी तटरक्षक बल ने नौकाओं और विमानों की मदद से खोज अभियान शुरू किया। नैन्टकेट के दक्षिण में लगभग 1,644 वर्ग मील के क्षेत्र में चले सघन तलाशी अभियान के बाद तटरक्षक बल ने दुर्घटनाग्रस्त विमान से जुड़े मलबों को ढूंढ निकाला है।

विमान में सवार थे 6 लोग

रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान में कुल 6 लोग सवार थे। इनमें 2 पायलट, 2 मेडिकल कर्मी, 1 मरीज और मरीज का 1 रिश्तेदार शामिल हैं। चारों क्रू मेंबर्स कनाडाई नागरिक थे। मरीज और उसका परिजन बरमूडा के रहने वाले थे। दुर्घटना के कारणों की सटीक जांच के लिए उड्डयन अधिकारी मलबे और अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण कर रहे हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN