Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- Tonbo Imaging India IPO: टोनबो इमेजिंग इंडिया का आईपीओ पहले ही दिन शुरुआती 2 घंटे में 100% से ज्यादा सब्सक्राइब हो गया है
- कंपनी का आईपीओ दांव लगाने के लिए 19 अक्टूबर तक खुला रहेगा
- ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयर 500 रुपये के प्रीमियम पर चल रहे हैं
डिफेंस इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनी टोनबो इमेजिंग इंडिया के आईपीओ को खुलते ही अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। कंपनी का आईपीओ शुरुआती 2 घंटे में ही 100 पर्सेंट से ज्यादा सब्सक्राइब हो गया है। कंपनी का आईपीओ 15 अक्टूबर को खुला है और यह 19 अक्टूबर तक ओपन रहेगा। IPO का प्राइस बैंड 665 रुपये से 700 रुपये है। आईपीओ का टोटल साइज 852 करोड़ रुपये तक का है। इश्यू पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) है। यानी, आईपीओ से कंपनी को एक भी पैसा नहीं मिलेगा। IPO का पूरा पैसा इश्यू में हिस्सेदारी बेचने वाले निवेशकों के पास जाएगा। इश्यू का टोटल साइज 1,21,74,046 शेयरों का है।
ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयरों की स्थिति
टोनबो इमेजिंग इंडिया (Tonbo Imaging India) के शेयर ग्रे मार्केट में 500 रुपये या 71.43 पर्सेंट के प्रीमियम के साथ कारोबार कर रहे हैं। ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) का यह डेटा हमने investorgain से लिया है। कंपनी के आईपीओ में शेयरों का अलॉटमेंट बुधवार 21 अक्टूबर तक फाइनल हो सकता है। वहीं, आईपीओ में शेयर न पाने वाले निवेशकों को पैसों का रिफंड 22 अक्टूबर तक मिल सकता है। टोनबो इमेजिंग इंडिया के शेयर शुक्रवार 23 अक्टूबर 2026 को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) दोनों प्लेटफॉर्म पर लिस्ट होंगे।
100% से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ कंपनी का आईपीओ
टोनबो इमेजिंग इंडिया का आईपीओ पहले ही दिन दोपहर 12 बजे तक 100 पर्सेंट से ज्यादा सब्सक्राइब हो गया है। कंपनी का आईपीओ दोपहर 12 बजे तक 1.09 गुना सब्सक्राइब हो गया है। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशकों का कोटा 1.32 गुना सब्सक्राइब हुआ है। वहीं, एंप्लॉयीज कैटेगरी में 2.96 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। आईपीओ में गैर संस्थागत निवेशकों या नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का कोटा 1.98 गुना सब्सक्राइब हुआ है। टोनबो इमेजिंग इंडिया के आईपीओ में आम निवेशक 1 लॉट के लिए ही दांव लगा सकते हैं। आईपीओ की एक लॉट में 21 शेयर हैं। एक लॉट के लिए आम निवेशकों को 14,700 रुपये का निवेश करना होगा।
| टोनबो इमेजिंग इंडिया के IPO के डीटेल्स | |
|---|---|
| आईपीओ खुलने का दिन और तारीख | गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026 |
| आईपीओ बंद होने का दिन और तारीख | सोमवार, 19 अक्टूबर 2026 |
| शेयरों का अलॉटमेंट | बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 |
| शेयरों के लिस्टिंग की तारीख | शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 |
| IPO का प्राइस बैंड | 665-700 रुपये |
क्या करती है टोनबो इमेजिंग इंडिया?
टोनबो इमेजिंग इंडिया (Tonbo Imaging India) की शुरुआत दिसंबर 2003 में हुई है। टोनबो इमेजिंग इंडिया लिमिटेड एक ग्लोबल डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स ओरिजनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर है। कंपनी एडवांस्ड इलेक्ट्रो-ऑप्टिक, इंफ्रारेड इंबेडेड विजन, कम्युनिकेशन, गाइडेंस और डिफेंस एंड सिक्योरिटी एप्लीकेशंस के लिए सर्वेलांस सिस्टम्स के डिजाइन, डिवेलपमेंट और मैन्युफैक्चरिंग करती है। कंपनी बैटलफील्ड सॉल्यूशंस का एक डायवर्सिफाइड पोर्टफोलियो ऑफर करती है, जिसमें थर्मल इमेजिंग सिस्टम्स, वीपन साइट्स, मिसाइल सीकर्स, फायर कंट्रोल सिस्टम्स, मिसाइल गाइडेंस सिस्टम्स, टारगेटिंग सिस्टम और हैंडहेल्ड थर्मल इमेजिंग डिवाइसेज शामिल हैं।
कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन
टोनबो इमेजिंग इंडिया (Tonbo Imaging India) की टोटल इनकम जून 2026 तिमाही में 37.32 करोड़ रुपये रही है। कंपनी को टैक्स भुगतान के बाद 17.74 करोड़ रुपये का घाटा लगा है। वहीं, वित्त वर्ष 2026 में कंपनी की टोटल इनकम 369.94 करोड़ रुपये थी। टैक्स भुगतान के बाद कंपनी को 50.88 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ था। आईपीओ से पहले कंपनी में प्रमोटर एंड प्रमोटर ग्रुप की हिस्सेदारी 18.58 पर्सेंट है, जो कि आईपीओ के बाद 15.72 पर्सेंट रह जाएगी।
(डिस्क्लेमर: ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयरों का प्रीमियम लगातार बदलता रहता है, इसलिए किसी भी आईपीओ पर दांव लगाने से पहले कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन और उसके कारोबार की पूरी जानकारी जरूर कर लें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



