Source :- LIVE HINDUSTAN
कैंसर से ले कर किडनी-लिवर फेलियर तक, गंभीर बीमारी होने से पहले शरीर में कुछ संकेत देखने को मिल सकते हैं। अगर इन संकेतों को नजरंदाज ना किया जाए तो शुरुआती स्टेज में ही बीमारी का सही इलाज शुरू किया जा सकता है।
कैंसर हो या किडनी-लिवर से जुड़ी कोई बड़ी बीमारी, इनका पता ज्यादातर मामलों में तब लगता है जब बहुत देर हो चुकी होती है। यही वजह है कि ये बीमारियां इतना गंभीर रूप ले लेगी हैं कि इन्हें ठीक करना मुश्किल होता है। हेल्थ एक्सपर्ट्स बताते हैं कि अगर शुरुआती स्टेज में ही बीमारी का पता लग जाए तो वो इतना गंभीर रूप ले ही नहीं पाती और उससे रिकवर होना भी आसान होता है। ऐसे में सवाल है कि इनका पता कैसे लगाया जाए? दरअसल हमारा शरीर किसी भी बड़ी बीमारी के होने से पहले से कुछ संकेत देने लगता है। अगर उन्हें नजरंदाज ना कर के, सही समय पर जांच करा ली जाए तो बीमारी को गंभीर होने से पहले ठीक किया जा सकता है। आयुर्वेद एक्सपर्ट डॉ दिव्यानी भगत ने ऐसे ही कुछ संकेतों के बारे में एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताया है।
किडनी की बीमारी से पहले दिखता है ये संकेत
डॉ दिव्यानी भगत बताती हैं कि ज्यादातर मामलों में कोई बड़ी किडनी की बीमारी होने से पहले सुबह आंखों में सूजन आना एक कॉमन लक्षण है। अगर आपको सुबह उठने के बाद अपनी आँखें सूजी हुई लगती हैं, तो एक बार डॉक्टर की सलाह लेना अच्छा हो सकता है।
फेफड़ों के कैंसर में बदल सकती है आवाज
अगर आपको महसूस हो रहा है कि बिना किसी कारण के आपकी आवाज लगातार बदल रही है, तो इस बारे में अपने डॉक्टर को जरूर बताएं। फेफड़ों के कैंसर में ये एक शुरुआती लक्षण हो सकता है।
पार्किंसन में लिखावट का छोटा होना है संकेत
डॉक्टर बताती हैं कि पार्किंसन में लिखावट का छोटा हो जाना और सिमटते जाना एक शुरुआती संकेत हो सकता है। इसे मेडिकल भाषा में माइक्रोग्राफिया कहा जाता है। अगर आपको अचानक से ऐसा महसूस हो रहा है कि आपकी हैंडराइटिंग छोटी होती जा रही है, तो एक बार अपने डॉक्टर को जरूर बताएं।
हमेशा प्यास लगती है? डायबिटीज चेक कराएं
पानी पीने के बाद भी अगर आपका गला सूखा ही रहता है और बार-बार प्यास लगती है, तो ये शरीर में बढ़े हुए ब्लड शुगर का संकेत हो सकता है।ऐसी स्थिति में आपको एक बार डायबिटीज की जांच जरूर करानी चाहिए। खासकर अगर थकान, धुँधला दिखना और बार-बार पेशाब आने जैसे लक्षण भी दिखें तो शुगर टेस्ट जरूर कराएं।
थायरॉइड की वजह से हो सकता है हेयरफॉल
डॉ दिव्यानी कहती हैं कि अगर आपके बाल बिना किसी कारण जरूरत से ज्यादा झड़ रहे हैं तो एक बार अपना थाइरॉइड जरूर चेक कराएं। थायरॉइड होने का ये एक शुरुआती संकेत हो सकता है।
लिवर की बीमारी में खाने के बाद फूल सकता है पेट
खाना खाने तुरंत बाद अगर आपका पेट भी गुब्बारे की तरह फूल जाता है, तो ये लिवर से जुड़ी किसी बीमारी का संकेत हो सकता है। हर बार इसे गैस या ब्लोटिंग समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। खासकर अगर लंबे समय से आपको ये दिक्कत हो रही है तो डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
कोलन कैंसर में मल पतला होना
कोलन कैंसर में मल सामान्य से पतला होना एक शुरुआती लक्षण हो सकता है। खासकर अगर बिना किसी खास वजह के कई दिनों से ये बदलाव बना रहे, तो डॉक्टर की सलाह लेना बहुत जरूरी हो जाता है।
सीढ़िया चढ़ते समय सांस फूलना
सीढ़िया चढ़ते समय सांस फूलना कभी कभी हार्ट से जुड़ी बीमारियां का शुरुआती संकेत भी हो सकता है। खासकर अगर ये पहले नहीं होता था और अब कम मेहनत में ही आपकी सांस फूलने लगती है, तो डॉक्टर को बताना जरूरी हो जाता है।
बार-बार चीजें भूलना, अल्जाइमर का संकेत तो नहीं?
बार-बार चीजें भूलना अल्जाइमर का प्रमुख शुरुआती संकेत हो सकता है। छोटी मोटी बातें भूलना नॉर्मल है, लेकिन अगर आप हाल फिलहाल की बातें भी ठीक से याद नहीं रख पा रहे हैं और ये समस्या लगातार बढ़ रही हैं तो एक बार डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।
बिना कारण के पेट दर्द होना, पैंक्रिएटिक कैंसर का संकेत
डॉक्टर बताती हैं कि बिना किसी कारण के लगातार पेट में दर्द होना पैंक्रिएटिक कैंसर का भी शुरुआती संकेत हो सकता है। इसमें दर्द अक्सर ऊपरी या पेट के बीच वाले हिस्से में होता है और कभी-कभी पीठ तक भी फैल सकता है।
जरूरी सलाह- डॉक्टर कहती हैं कि ये सब सिर्फ संकेत हैं। जरूरी नहीं है आपको कोई बीमारी हो आगे चलकर। इस जानकारी का मकसद सिर्फ इतना है कि आप लोग सावधान रहें और समय पर अपनी जांच कराते रहें।
नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर मौजूद यूजर-जनरेटेड कंटेंट पर आधारित है। लाइव हिन्दुस्तान ने इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है और न ही इनका समर्थन करता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



