Home National news hindi कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ में 19 लोगों की मौत,...

कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ में 19 लोगों की मौत, चश्मदीदों ने क्या बताया

4
0

Source :- BBC INDIA

क़रीब 90 साल के इतिहास में चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में ऐसा हादसा हुआ है

प्रकाशित

पढ़ने का समय: 5 मिनट

कोलकाता में चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ होने के कारण कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई है.

कोलकाता से बीबीसी के सहयोगी पत्रकार प्रभाकर मणि तिवारी ने बताया है कि शुभेंदु अधिकारी ने मारे गए हर व्यक्ति के परिवार को 25 लाख रुपये के मुआवज़े की घोषणा की है और कहा है कि हर परिवार से एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी. हर घायल के इलाज का ख़र्च सरकार देगी और उन्हें पांच लाख का मुआवज़ा दिया जाएगा.

हादसे में ज़्यादातर महिलाओं और बच्चों की मौत हुई है. मुख्यमंत्री ने बताया है कि कोलकाता हाईकोर्ट के जज से मामले की जांच कराई जाएगी.

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पीड़ित परिवार के लिए मुआवज़े की घोषणा की

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया है कि यह हादसा शनिवार शाम क़रीब 7:30 बजे हुआ है.

कोलकाता पुलिस की एएफएस टीम सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है. जो भी लापरवाही का दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

पश्चिम बंगाल में 58,000 दुर्गा पूजा आयोजित हो रही हैं.

चश्मदीदों ने क्या बताया

कोट कार्ड

चोरबागान में आयोजित होने वाली पूजा 90 साल से ज़्यादा पुरानी है, लेकिन यहां पहले कभी ऐसी घटना देखने को नहीं मिली है.

हादसे में ज़्यादातर महिलाओं और बच्चों की मौत हुई है

घटना के एक पीड़ित ने बताया, “वहां जगह काफ़ी संकरी थी. काफ़ी लोग कतार में खड़े थे. वहां पूरी तरह अंधेरा था और एक भी लाइट नहीं लगी थी. मेरी नातिन और अन्य बच्चे मेरे साथ थे. दो बच्चे अस्पताल में भर्ती हैं. मैं भी गिर गया था. वहां हादसे के आधे घंटे तक कोई पुलिस या कोई कार्यकर्ता मौजूद नहीं था.”

एक शख़्स ने बताया, “यह नहीं पता कि भगदड़ क्यों हुई, लेकिन यह हादसा भगदड़ की वजह से हुई. काफ़ी बारिश हो रही थी.”

कई चश्मदीदों ने घटना के बारे में जानकारी दी

एक शख़्स ने समाचार एजेंसी पीटीआई के साथ बातचीत में कहा, “पंडाल से निकलते समय भगदड़ हुई. कोई वॉलंटियर वहां मौजूद नहीं था. कोई व्यवस्था नहीं की गई. “

एक अन्य स्थानीय शख़्स ने बताया कि जब बहुत तेज़ बारिश हो रही थी, उसी वक़्त यह घटना हुई और कई लोगों को बाइक में बैठाकर बाहर निकाल रहे थे, ये लोग अचेत हो गए थे.

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “चोर बागान पूजा पंडाल में भगदड़ की घटना के बारे में जानकर मैं स्तब्ध और बेहद दुखी हूं. मैं मां दुर्गा से प्रार्थना करता हूं कि सभी घायलों को जल्द स्वस्थ होने की शक्ति मिले और इस मुश्किल समय में उनके परिवारों को हिम्मत और संबल मिले.”

घटनास्थल पर पहुंचे एक युवक ने बताया, “हमलोग इंस्टाग्राम रील देखकर यहां आए थे. इंस्टाग्राम से पता चला कि यह पंडाल बहुत अच्छा है. रील में यहां बहुत भीड़ दिख रही थी. यहां आए तो पता चला कि हादसा हो गया है.”

पीएम मोदी और राहुल गांधी ने भी जताया दुख

लोगों ने आरोप लगाया कि हादसे वाली जगह पर लाइट की व्यवस्था नहीं थी और न ही सुरक्षाकर्मी या कार्यकर्ता मौजूद थे

कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल में हुए हादसे पर पीएम मोदी ने दुख जताया है और मारे गए लोगों के प्रति सहानुभूति जाहिर की है.

पीएम मोदी ने मारे गए लोगों के परिवार के लिए 2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50 हज़ार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है.

हालांकि हादसे की जानकारी मिलने के बाद उनका कार्यक्रम रद्द कर दिया गया.

अमित शाह ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “अभी-अभी कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ का अत्यंत दु:खद समाचार मिला. इस संबंध में मुख्यमंत्री श्री शुभेंदु अधिकारी जी से बात की. पश्चिम बंगाल के अपने कल के सभी कार्यक्रम स्थगित कर अस्पताल जाकर घायलों से मिलूँगा. माँ दुर्गा से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ.”

वहीं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, “कोलकाता के चोरबागान पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की ख़बर बेहद दुखद है. इस हादसे में कई लोगों की जान जाने और बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने की सूचना है.”

“मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ. प्रशासन से अपील है कि सभी घायलों को तुरंत बेहतर इलाज मिले, और इस हादसे की निष्पक्ष जाँच हो ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी न दोहराई जाए.”

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी इस हादसे पर दुख जताया.

उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ की दुखद घटना से मैं बेहद दुखी हूं. इस घटना में कई लोगों की जान चली गई है. जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं. मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.”

“मैं पश्चिम बंगाल सरकार से आग्रह करता हूं कि वह तत्काल बचाव कार्य और चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करे, मृतकों और घायलों के परिवारों को पर्याप्त मुआवजा दे और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मामले की गहन जांच कराए.”

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS