Source :- LIVE HINDUSTAN
जहरा के इस दौरे के वीडियो भारत में मौजूद ईरानी दूतावास के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किए गए। वीडियो सामने आने के बाद उनकी यात्रा की चर्चा होने लगी। जहरा का यह दौरा उस समय हुआ, जब उनके पिता मसूद पेजेशकियन नई दिल्ली में BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले रहे थे
राजधानी दिल्ली में आयोजित 18वां BRICS समिट रविवार को खत्म हो गया। भारत ने 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी की। इस समिट में रूस के राष्ट्रपति पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन समेत कई देशों के नेता शामिल हुए। वहीं BRICS समिट 2026 के दौरान जाहरा पेजेश्कियन की खूब चर्चा हो रही है। दरअसल, जाहरा, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन की बेटी हैं। ब्रिक्स समिट में जाहरा, अपने पिता और पति हसन मजीदी के साथ नई दिल्ली के दौरे पर आई थीं।
शनिवार को जहरा पेजेशकियन ने दिल्ली के राष्ट्रीय शिल्प संग्रहालय में लगाए गए BRICS बाजार का दौरा किया। यहां BRICS के सदस्य और साझेदार देशों की पारंपरिक चीजों को प्रदर्शित किया गया था। जहरा ने बाजार में लगे अलग-अलग स्टॉल देखे। इनमें हस्तशिल्प, कपड़े, कला से जुड़ी चीजें, खाने-पीने के सामान और कई अन्य पारंपरिक उत्पाद शामिल थे। उन्होंने इन चीजों को करीब से देखा और बाजार का जायजा लिया।
जहरा के इस दौरे के वीडियो भारत में मौजूद ईरानी दूतावास के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किए गए। वीडियो सामने आने के बाद उनकी यात्रा की चर्चा होने लगी। जहरा का यह दौरा उस समय हुआ, जब उनके पिता मसूद पेजेशकियन नई दिल्ली में BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले रहे थे। सम्मेलन के दौरान सदस्य देशों के नेताओं ने दुनिया से जुड़े अहम मुद्दों, विकास और आपसी सहयोग पर चर्चा की।
जहरा पेजेशकियन कौन हैं?
जहरा पेजेशकियन ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन की इकलौती बेटी हैं। वह पेशे से केमिकल एक्सपर्ट हैं। उन्होंने ईरान की शरीफ यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी से कमेंस्ट्री में मास्टर डिग्री हासिल की है। इसके बाद उन्होंने ईरान के पेट्रोकेमिकल उद्योग में भी काम किया। जहरा को अपने पिता की राजनीतिक सलाहकार के तौर पर भी बताया जाता है। वह अक्सर अपने पिता के साथ सरकारी कार्यक्रमों और विदेश दौरों में नजर आती हैं।
जहरा अपने पिता के साथ कई विदेशी दौरों पर भी जा चुकी हैं। मसूद पेजेशकियन की पत्नी की 1994 में एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इस हादसे में उनके एक बेटे की भी जान चली गई थी। इसके बाद मसूद पेजेशकियन ने अपनी बेटी जहरा और अपने दो अन्य बेटों की अकेले परवरिश की।
BRICS बाजार में जहरा का खास स्वागत
BRICS बाजार में दौरे के दौरान जहरा पेजेशकियन का खास स्वागत किया गया। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री और कोडरमा से लोकसभा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने उनका स्वागत किया। अन्नपूर्णा देवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जहरा के साथ अपनी कुछ तस्वीरें शेयर कीं। उन्होंने बताया कि उन्होंने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन की बेटी को BRICS बाजार का दौरा कराया। अन्नपूर्णा देवी ने पोस्ट में लिखा कि, नई दिल्ली के राष्ट्रीय शिल्प संग्रहालय में आयोजित BRICS बाजार में जहरा पेजेशकियन का स्वागत करके उन्हें खुशी हुई। उन्होंने जहरा को बाजार की अलग-अलग जगहों पर ले जाकर BRICS के सदस्य और साझेदार देशों की कला, हस्तशिल्प, पारंपरिक चीजों और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



