Source :- LIVE HINDUSTAN
New Born Baby Care Tips: घर में न्यू बॉर्न बेबी आने के बाद माता-पिता हर छोटी बात को लेकर सतर्क हो जाते हैं। गर्मियों में AC चलाने को लेकर भी कई पेरेंट्स कंफ्यूज रहते हैं। ऐसे में डॉक्टर वैदेही मराठे ने सही जवाब दिया है।
‘बच्चे को ठंडी हवा लग जाएगी, पंखा धीमा कर दो, ठंडी हवा बच्चे तक नहीं जानी चाहिए…’ – ऐसी कई सलाह लगभग हर नई मां को मिलती है।
घर में नन्हे मेहमान के आने के बाद हर छोटी-बड़ी बात चिंता का कारण बन जाती है, खासकर गर्मियों में। कोई कहता है बच्चे के सामने ठंडी हवा मत चलाओ, कोई कहता है गर्मी से ज्यादा खतरा है। ऐसे में नई मां अक्सर समझ नहीं पाती कि आखिर सही क्या है। कई घरों में तो ठंडी हवा चलाने को लेकर छोटी-सी बहस भी हो जाती है।
अगर आपके घर में भी हाल ही में बच्चा हुआ है और आप इसी उलझन में हैं, तो आपको राहत मिल सकती है। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर वैदेही मराठे ने इस सवाल का आसान जवाब दिया है।
डॉक्टर वैदेही का जवाब है- नहीं, समस्या ठंडी हवा नहीं, बल्कि उसका गलत इस्तेमाल है। असल खतरा ठंडी हवा नहीं, जरूरत से ज्यादा गर्मी भी हो सकती है।
- अक्सर लोग बच्चे को गर्म रखने के चक्कर में कमरे को बहुत गर्म बना देते हैं। लेकिन बहुत ज्यादा गर्म माहौल भी बच्चे को परेशान कर सकता है।
- जरा सोचिए, अगर बड़े लोग ही गर्मी में बेचैन हो जाते हैं, तो एक नवजात शिशु कितना असहज महसूस करता होगा।
- ज्यादा गर्मी के कारण बच्चे को चिड़चिड़ापन, बेचैनी और नींद की परेशानी भी हो सकती है। यही वजह है कि आरामदायक तापमान बनाए रखना जरूरी है।
तो फिर कितना होना चाहिए कमरे का तापमान?
- डॉक्टरों के अनुसार कमरे को बहुत ज्यादा ठंडा बनाने की जरूरत नहीं होती। करीब 24-26 डिग्री का तापमान आमतौर पर सही माना जाता है।
- इस तापमान पर बच्चा भी सहज महसूस करेगा और मां को भी गर्मी से राहत मिल जाएगी।
सबसे बड़ी गलती जो कई लोग कर बैठते हैं!
- ठंडी हवा समस्या नहीं है, प्रॉब्लम तब होती है जब हवा सीधे बच्चे के चेहरे या शरीर पर पड़ने लगे। अगर पालना या बिस्तर बिल्कुल हवा के सामने रखा है, तो उसे थोड़ा दूसरी जगह कर दें।
- कमरा ठंडा रहे, लेकिन हवा सीधे बच्चे तक ना पहुंचे। यही सबसे आसान और जरूरी नियम है।
नई मां के लिए भी उतना ही जरूरी है आराम
- बच्चे की देखभाल में अक्सर मां की जरूरतों को इग्नोर कर दिया जाता है।
- लेकिन प्रसव के बाद मां का शरीर भी आराम और अच्छी नींद मांगता है।
- अगर कमरा बहुत गर्म होगा, तो मां की थकान और बेचैनी बढ़ सकती है इसलिए आरामदायक तापमान सिर्फ बच्चे के लिए नहीं, मां के लिए भी जरूरी है।
नोट: किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए बच्चों के डॉक्टर से भी सलाह ले सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



