Home rss world hindi गधा गाड़ी से विधानसभा पहुंचे विधायक, पाकिस्तान में पेट्रोल की बढ़ती कीमतों...

गधा गाड़ी से विधानसभा पहुंचे विधायक, पाकिस्तान में पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ हल्लाबोल

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

पाकिस्तान में हालिया बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल की कीमत 390.79 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर हो गई है। हाई-स्पीड डीजल 424.92 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। इन कीमतों में सरकार की ओर से लगाया गया टैक्स और टैरिफ भी शामिल है।

पाकिस्तान में पेट्रोल की बढ़ती कीमतों से जनता बेहाल है। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के सिंध से जुड़े विधायकों ने शुक्रवार को इस मामले पर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। विधायक गधा गाड़ी पर सवार होकर सिंध विधानसभा पहुंचे। उनका कहना था कि पेट्रोल इतना महंगा हो गया है कि आम लोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों के लिए भी रोजमर्रा का सफर मुश्किल हो रहा है। पीटीआई नेता सज्जाद अली ने इस प्रदर्शन की अगुवाई की। वह हाथ में पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ तख्ती लेकर गधा गाड़ी पर सवार थे। उनके साथ पार्टी के दूसरे विधायक भी पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारे लगाए। विधायकों ने पेट्रोल की बढ़ी कीमत तुरंत वापस लेने की मांग की।

विधायक विधानसभा के आसपास के इलाकों से गधे की गाड़ियों पर सवार होकर एंट्री गेट तक पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान सज्जाद अली ने कहा कि सरकार के मंत्रियों और सत्ता पक्ष के विधायकों को भी इसी तरह विधानसभा आना चाहिए। उन्होंने पेट्रोल की बढ़ती कीमत को जनता पर गिराया जा रहा ‘पेट्रोल बम’ बताया। उन्होंने कहा कि पेट्रोल इतना महंगा हो गया है कि विधायक अपनी गाड़ियों से विधानसभा तक नहीं आ सकते। इस प्रदर्शन का मकसद आम लोगों की परेशानी को सामने लाना है।

390.79 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर पेट्रोल

पाकिस्तान में हालिया बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल की कीमत 390.79 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर हो गई है। हाई-स्पीड डीजल 424.92 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। इन कीमतों में सरकार की ओर से लगाया गया टैक्स और टैरिफ भी शामिल है। पेट्रोल पर करीब 114 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 100 रुपये प्रति लीटर टैक्स और टैरिफ बताया गया है। मध्य पूर्व में दोबारा शुरू हुई हिंसा से तेल की प्रमुख आपूर्ति मार्ग प्रभावित हुए हैं। इसके चलते पिछले दो महीनों में ईंधन की कीमतों पर दबाव बढ़ा है।

पाकिस्तान सरकार से राहत देने की मांग

पाकिस्तान बार काउंसिल की कार्यकारी समिति और नियम समिति ने भी ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी की आलोचना की है। इसने सरकार से लोगों को राहत देने की मांग की है। बढ़ती कीमतों के असर को कम करने के लिए पाकिस्तान सरकार ने मोटरसाइकिल, रिक्शा और छोटे वाहनों के लिए राहत योजना भी शुरू की है। इसके तहत मोटरसाइकिल, रिक्शा और दूसरे दोपहिया-तिपहिया वाहनों को हर महीने 20 लीटर पेट्रोल पर राहत दी जानी है। 800 सीसी तक की कारों के मालिकों को हर महीने 30 लीटर पेट्रोल पर 100 रुपये प्रति लीटर की राहत देने का प्रावधान है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN