Source :- LIVE HINDUSTAN
इस हफ्ते कई कंपनियों के आईपीओ एक्टिव मोड में हैं। इनमें से दो आईपीओ LEAP इंडिया लिमिटेड और टेक्नोक्राफ्ट वेंचर्स का है। इन दोनों आईपीओ की क्लोजिंग हो चुकी है। अब निवेशकों को आईपीओ के अलॉटमेंट का इंतजार है। वैसे तो दोनों ही आईपीओ ग्रे मार्केट में पॉजिटिव लिस्टिंग के संकेत दे रहे हैं। हालांकि, इनमें से एक आईपीओ को ग्रे मार्केट में जबरदस्त रेस्पॉन्स मिल रहा है।
LEAP इंडिया आईपीओ
LEAP इंडिया आईपीओ को 8.38 गुना सब्सक्रिप्शन मिला और सभी तरह के निवेशकों की ओर से इनकी जबरदस्त मांग देखी गई। LEAP इंडिया आईपीओ के QIB हिस्से की बात करें तो 16.84 गुना और NII हिस्से को 12.64 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। रिटेल हिस्से को 1.71 गुना और कर्मचारियों वाले हिस्से को 10.99 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। LEAP इंडिया ने स्मॉलकैप वर्ल्ड फंड और मॉनेटरी अथॉरिटी ऑफ सिंगापुर जैसे इंस्टीट्यूशनल निवेशकों से ₹743.62 करोड़ जुटाए।
इस आईपीओ में ₹480 करोड़ तक के नए इक्विटी शेयर जारी करना और ₹2,000 करोड़ तक का ऑफर फॉर सेल शामिल है। इसके लिए प्राइस बैंड ₹151-₹159 प्रति शेयर तय किया गया था। इस आईपीओ का ग्रे मार्केट प्रीमियम ₹7 है। इसका मतलब है कि अपर बैंड से आईपीओ 165 रुपये के पार लिस्ट हो सकता है। LEAP इंडिया आईपीओ से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कुछ कर्ज चुकाने के लिए किया जाएगा। इस पैसे को वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा। इससे पहले, कंपनी ने 3-4 अगस्त को हुए प्री-IPO प्लेसमेंट के जरिए लगभग ₹371.3 करोड़ जुटाए थे।
टेक्नोक्राफ्ट वेंचर्स आईपीओ
इसके अलावा, टेक्नोक्राफ्ट वेंचर्स आईपीओ की भी क्लोजिंग हो गई है। इस आईपीओ को कुल मिलाकर 38.69 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। QIB हिस्से को 42.26 गुना सब्सक्रिप्शन मिला जबकि NII हिस्से को 65.06 गुना सब्सक्राइब हुआ। रिटेल हिस्से को 25.35 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। टेक्नोक्राफ्ट वेंचर्स ने एंकर निवेशकों से ₹75.55 करोड़ जुटाए। कंपनी ने इस इश्यू के लिए ₹200-₹212 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया। ग्रे मार्केट में शेयर ₹30 पर है। इस हिसाब से शेयर की लिस्टिंग 240 रुपये के पार हो सकती है। बता दें कि इस IPO में 95.05 लाख तक इक्विटी शेयरों का फ्रेश इश्यू और प्रमोटर कार्तिकेय कंस्ट्रक्शन्स द्वारा 23.76 लाख तक शेयरों का OFS शामिल है। प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर पर कुल इश्यू का साइज लगभग ₹251.88 करोड़ बैठता है।
फ्रेश इश्यू से मिली रकम में से ₹150 करोड़ का इस्तेमाल कंपनी की वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा जबकि बाकी रकम का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट कामों और ऑफर से जुड़े खर्चों के लिए किया जाएगा। खंबाटा सिक्योरिटीज इस इश्यू की बुक-रनिंग लीड मैनेजर है, जबकि बिगशेयर सर्विसेज रजिस्ट्रार है। बता दें कि टेक्नोक्राफ्ट वेंचर्स एक इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) कंपनी है जो पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में काम करती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




