Source :- LIVE HINDUSTAN
इडली-सांभर खाना ज्यादातर लोगों को पसंद होता है लेकिन इसे बनाने के झंझट में कोई पड़ना नहीं चाहता। अगर आप भी लंबे प्रॉसेस के कारण इडली नहीं बनाते हैं, तो हम आपके लिए इंस्टेंट इडली-सांभर रेसिपी लेकर आए हैं।
इडली-सांभर खाना ज्यादातर लोगों को पसंद होता है और ये हेल्दी भी होता है। अगर आप भी इडली-सांभर खाना पसंद करते हैं लेकिन उसे बनाने के लंबे प्रॉसेस से घबराते हैं, तो अब चिंता न करें। शेफ भरत ने सिर्फ आधे घंटे में इंडली और सांभर बनाने की आसान रेसिपी शेयर की है। इस रेसिपी से आप बिल्कुल मुलायम इडली बना सकते हैं और सांभर भी बाजार जैसा टेस्टी बनेगा। खास बात ये है कि इसमें आपको चावल भिगोने का झंझट नहीं है। तो चलिए आपको इडली-सांभर की सिंपल रेसिपी बताते हैं।
इडली बनाने के लिए सामग्री: 2 कप सूजी, 2 कप दही, 1 छोटा चम्मच नमक, 1 बड़ा चम्मच चीनी, 1 छोटा चम्मच ईनो, 1/2 कप पानी।
सांभर बनाने के लिए सामग्री: 30-40 ग्राम इमली (भीगी हुई), 1 कप तूर दाल, 2 प्याज, 2 टमाटर, 200 ग्राम कद्दू, 250-300 ग्राम लौकी, 7-8 बीन्स, 1 गाजर, 1 छोटा चम्मच नमक (दाल के लिए), 1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, 3 कप पानी (दाल उबालने के लिए), थोड़ा सा तेल (दाल उबालने के लिए), 2 बड़े चम्मच तेल (सब्जियां भूनने के लिए), 1 छोटा चम्मच नमक (सब्जियों के लिए), 1 छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, 2 बड़े चम्मच सांभर मसाला, 1 बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट, 1.5 बड़ा चम्मच गुड़ पाउडर।
तड़के के लिए सामग्री: 1 कलछी तेल, 1 छोटा चम्मच राई, 1 छोटा चम्मच जीरा, 5-6 साबुत सूखी लाल मिर्च, एक चुटकी हींग, कुछ करी पत्ते, 1/2 छोटा चम्मच मेथी दाना।
इडली बनाने का तरीका
इडली बनाने के लिए आपको 2 कप सूजी, 2 कप दही, 1 छोटा चम्मच नमक, 1 बड़ा चम्मच चीनी मिक्स करना है और इसे 15 मिनट के लिए रेस्ट करने के लिए छोड़ देना है। जब सूजी फूल जाए, तब इसमें ईनो मिला दें। आपका इडली का बैटर बनकर रेडी हो जाएगा। अब इडली स्टैंड में तेल या घी लगाकर ग्रीस करें और फिर इसमें स्टीम करते हुए इडली बनने के लिए रख दें। करीब 15 मिनट तक स्टीम करने के बाद आपकी सॉफ्ट-सॉफ्ट इडली बन जाएगी।
दाल और सब्जी करें तैयार
सांभर के लिए सबसे पहले तो अरहर की दाल को नमक, हल्दी, पानी और 2 चम्मच तेल के साथ कुकर में चढ़ा दें। दाल में करीब 3 सीटी लगाकर पकाएं, तब तक आप सब्जियों को काटने का काम कर लें। सब्जियां कट जाए, तब आपको पैन में तेल डालना है और प्याज को लाल होने तक भूनें। फिर सब्जियों को हल्का रोस्ट करें और साथ में 1 छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, 2 बड़े चम्मच सांभर मसाला, 1 बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट डाल दीजिए। इससे सांभर का फ्लेवर काफी अच्छा मिलेगा।
सांभर बनाने का सिंपल तरीका
तब तक आपकी दाल पक जाएगी और सब्जियां भी रोस्ट हो चुकी होंगी। अब इन सब्जियों को दाल में डाल दीजिए और ऊपर से गुड़ का पाउडर, इमली का पानी और थोड़ा पानी अलग से डालकर चलाएं। फिर ढक्कन लगाकर 2 सीटी लगाकर सांभर पका लें। अगर आपको सब्जियां गलानी है, तो 2 से ज्यादा सीटी लगाएं लेकिन सब्जियां खड़ी खाना पसंद है तो सिर्फ 2 में सांभर बन जाएगा।
तड़का लगाकर करें तैयार
1 कलछी तेल में 1 छोटा चम्मच राई, 1 छोटा चम्मच जीरा, 5-6 साबुत सूखी लाल मिर्च, एक चुटकी हींग, कुछ करी पत्ते, 1/2 छोटा चम्मच मेथी दाना डालकर तड़का लगाएं और सांभर में छौंका मार दें। इस तड़के से आपके सांभर का स्वाद और टेस्टी आएगा। बस ऐसे आपकी इडली-सांभर फटाफट रेडी हो जाएगी और चावल भिगोने का झंझट भी नहीं होगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




