Source :- LIVE HINDUSTAN
नाश्ते में बेसन का चीला तो आपने खूब खाया होगा, लेकिन क्या कभी बेसन का डोसा ट्राई किया है? सिर्फ 10 मिनट में बन जाता है और इतना क्रिस्पी और टेस्टी बनता है कि बार-बार घरवाले इसी की डिमांड करेंगे।
सुबह के नाश्ते में कुछ ऐसा चाहिए होता है, जो खाने में टेस्टी भी हो और हेल्दी भी। साथ ही फटाफट बन भी जाए, क्योंकि सुबह इतना टाइम किसी के पास नहीं होता। ऐसे में डोसा बैटर पहले से तैयार हो तो क्रिस्पी और टेस्टी डोसा फटाफट बन जाता है। लेकिन बैटर रेडी ना हो तब? तब आप ये इंस्टेंट बेसन का डोसा बनाकर ट्राई कर सकती हैं। इतना कुरकुरा और स्वादिष्ट बनता है कि नाश्ते में रोज इसे ही खाने का मन करे। बेसन का चीला तो आपने खूब बनाया होगा, लेकिन एक बार इस रेसिपी से बेसन का डोसा जरूर बनाकर देखिए। ये चीले से ज्यादा क्रिस्पी बनता है और मुश्किल से 10 मिनट में रेडी हो जाता है। सुबह के नाश्ते के लिए ये एक परफेक्ट ऑप्शन है। तो चलिए फटाफट से इसकी रेसिपी देख लेते हैं।
बेसन का कुरकुरा डोसा बनाने के लिए सामग्री
सुबह के नाश्ते में बेसन का क्रिस्पी और टेस्टी डोसा बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- बेसन (1 कप), सूजी (2 चम्मच), चावल का आटा ( 3 चम्मच), नमक (1 चम्मच), बारीक कटी हुई प्याज (1 कप), शिमला मिर्च, टमाटर, अजवाइन (आधा चम्मच), चिली फ्लेक्स (आधा चम्मच), जीरा (आधा चम्मच), लाल मिर्च-लहसुन का पेस्ट (एक चम्मच), हल्दी पाउडर (आधा चम्मच), कटा हुआ हरा धनिया पत्ता और तेल।
सिर्फ 10 मिनट में बनाएं क्रिस्पी बेसन का डोसा
बेसन का डोसा बनाने के लिए एक बाउल में बेसन लें, इसमें थोड़ी सी सूजी और चावल का आटा मिलाएं। सूजी से डोसा का दरदरा टेक्चर आता है और चावल के आटे से कुरकुरापन। साथ ही इसमें थोड़ा सा नमक एड करें और थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए एक पतला सा बैटर तैयार कर लें। इसे अच्छे से मिक्स करें ताकि किसी तरह की कोई गुठलियां ना रहें।
अब बेसन के घोल में बारीक कटी हुई प्याज, शिमला मिर्च और टमाटर एड करें। साथ में थोड़ा सा अजवाइन, चिली फ्लेक्स (मोटी कुटी हुई लाल मिर्च), जीरा और लाल-मिर्च लहसुन का पेस्ट मिलाएं। सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करें, फिर थोड़ा सा और पानी मिलाएं और एक पतला सा घोल तैयार कर लें। इसे आपको 5 मिनट के लिए रेस्ट करने छोड़ देना है।
5 मिनट के बाद बेसन के बैटर में थोड़ा सा हल्दी पाउडर और ताजा हरा धनिया पत्ता एड करें। जरूरत के हिसाब से थोड़ा सा और पानी भी मिला सकती हैं, ताकि घोल बिल्कुल पतला रहे। डोसा का बैटर बिल्कुल पतला ही रखा जाता है। अब गैस पर तवा गर्म करें और उसपर एक चम्मच तेल डालकर फैला लें। चमचे से डोसा बैटर को तवे पर फैलाएं और तेज फ्लेम पर सिकने दें। जैसे ही ये हल्का सा सिक जाए, इसपर तेज, घी या बटर लगा लें और नीचे की साइड क्रिप्स होने तक पकाएं। डोसा एक ही साइड से सेंका जाता है।
बोनस रेसिपी: डोसा के साथ टेस्टी हरी चटनी बनाएं
बेसन के डोसा के साथ चटपटी सी हरी चटनी खूब टेस्टी लगती है। इसे बनाने के लिए एक मिक्सर में थोड़ा सा नमकीन या सेव लें, साथ में ताजा हरा धनिया पत्ता, पुदीने के पत्ते, लहसुन की कलियां, हरी मिर्च, भुना जीरा पाउडर, नमक, नींबू का रस और थोड़ा सा पानी डालकर चटनी पीस लें। बहुत ही तीखी और चटपटी सी चटनी बनकर तैयार होती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



