Source :- LIVE HINDUSTAN
बार-बार होने वाले पिंपल्स से परेशान हैं? तो इस बार रसोई में मौजूद चाय पत्ती को चेहरे की देखभाल में शामिल करें। चाय पत्ती से बना यह आसान फेस पैक त्वचा को साफ और ताजगी भरा महसूस कराने में मदद कर सकता है।
मुंहासे चेहरे पर सिर्फ छोटे-छोटे दाने नहीं होते, बल्कि कई बार ये कॉन्फिडेंस भी कम कर देते हैं। खासकर जब कहीं जाना हो और ठीक उसी दिन चेहरे पर पिंपल निकल आए, तो पूरा मूड खराब हो जाता है। अगर आप भी बार-बार होने वाले मुंहासों से परेशान हैं और बाजार के तमाम प्रोडक्ट्स को इस्तेमाल करके थक चुके हैं, तो एक बार रसोई में मौजूद चाय पत्ती से बना यह घरेलू फेस पैक ट्राई कर सकते हैं।
जी हां, सुबह की चाय बनाने वाली ताजा चाय पत्ती त्वचा की देखभाल में भी काम आ सकती है। शहद और दूध के साथ मिलकर यह फेस पैक त्वचा को साफ, मुलायम और ताजगी भरा महसूस कराने में मदद कर सकता है।
क्या स्किन के लिए सही है चाय पत्ती?
चाय पत्ती में ऐसे तत्व पाए जाते हैं, जो त्वचा को साफ रखने और अतिरिक्त तेल को कम करने में मदद कर सकते हैं। इसी वजह से कई लोग इसे घरेलू स्किन केयर का हिस्सा बनाते हैं।
फेस पैक बनाने के लिए क्या चाहिए?
एक छोटा चम्मच ताजा चाय पत्ती
एक छोटा चम्मच शहद
एक छोटा चम्मच मिल्क पाउडर या थोड़ा-सा दूध
ऐसे बनाएं फेस पैक
- सबसे पहले एक कटोरी में चाय पत्ती, शहद और मिल्क पाउडर या दूध डालें। अब सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं।
- पेस्ट को इतना गाढ़ा रखें कि वह चेहरे पर आसानी से लग जाए। पेस्ट हल्का दरदरा रहेगा।
- चेहरे को सामान्य पानी से धो लें। अब तैयार पेस्ट को पूरे चेहरे पर हल्के हाथों से लगाएं।
- आंखों के आसपास का हिस्सा छोड़ दें। पैक को 15-20 मिनट तक लगा रहने दें।
- बाद में पानी से साफ कर लें। चेहरा धोने के बाद त्वचा पहले से ज्यादा फ्रेश और क्लियर महसूस होगी।
ये पैक कैसे फायदेमंद है?
- चाय पत्ती स्किन पर मौजूद एक्सट्रा ऑयल को कंट्रोल करती है जिससे त्वचा साफ नजर आती है।
- शहद त्वचा को नमी देने का काम करता है। यह त्वचा को रूखा होने से बचाने और उसे मुलायम बनाए रखने में मदद करता है।
- दूध या मिल्क पाउडर स्किन पर नेचुरल एक्सफोलिएटर की तरह काम करता है। त्वचा को पोषण मिलता है और वो सॉफ्ट भी रहती है।
कितनी बार इस्तेमाल करना चाहिए?
अगर आपकी त्वचा सामान्य या तैलीय है, तो सप्ताह में एक या दो बार इस फेस पैक का इस्तेमाल किया जा सकता है।
नोट: हर व्यक्ति की त्वचा अलग होती है इसलिए चेहरे पर लगाने से पहले हाथ पर थोड़ा-सा पैक लगाकर जांच जरूर कर लें। अगर पैक लगाने के बाद खुजली, जलन या लालपन महसूस हो, तो इसे तुरंत धो लें या फिर एक्सपर्ट से सलाह ले लें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




