Home LIFESTYLE NEWS HINDI छोटी गलती, बड़ा हादसा! मेट्रो या मॉल में इस्तेमाल करते हैं एस्केलेटर,...

छोटी गलती, बड़ा हादसा! मेट्रो या मॉल में इस्तेमाल करते हैं एस्केलेटर, तो ये सेफ्टी टिप्स जान लें

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मेट्रो, शॉपिंग मॉल और कई सार्वजनिक जगहों पर एस्केलेटर का इस्तेमाल कॉमन है। लेकिन अक्सर हम इससे जुड़े सुरक्षा नियमों से अनजान रहते हैं, जिस वजह से कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। इसलिए ये सेफ्टी टिप्स हर किसी को जरूर जान लेनी चाहिए।

मेट्रो स्टेशन से ले कर शॉपिंग मॉल्स तक, स्वचालित सीढ़ियां यानी एस्केलेटर का इस्तेमाल आजकल काफी कॉमन है। लोग ऊपर-नीचे आने-जाने के लिए इन्हीं का इस्तेमाल करते हैं। खासकर बुजुर्गों और बच्चों के साथ इनका इस्तेमाल सहूलियत भरा रहता है। लेकिन ध्यान रहे एस्केलेटर का इस्तेमाल सावधानी के साथ करना जरूरी है। जरा सी लापरवाही भी बड़े हादसे की वजह बन सकती है। कई बार भीड़-भाड़ के कारण या जल्दीबाजी में लोग कुछ गलतियां कर देते हैं, जिस वजह से कपड़े फंसने या गिरने जैसी दुर्घटनाएं सामने आती हैं। यहां हम आपके साथ कुछ जरूरी सेफ्टी टिप्स शेयर कर रहे हैं, जो एस्केलेटर यूज करते हुए आपको ध्यान में रखनी चाहिए।

एस्केलेटर इस्तेमाल करते हुए रखें ये सावधानियां

  • हैंड रेल का इस्तेमाल जरूर करें

कई लोग एस्केलेटर का इस्तेमाल करते हुए रबर बेल्ट (हैंडरेल) को नहीं पकड़ते हैं, जो पूरी तरह गलत है। एस्केलेटर अचनक रुकने या किसी तरह का झटका लगने पर आप पीछे की ओर गिर सकते हैं। इसलिए जब भी एस्केलेटर का इस्तेमाल करें हैंडरेल को अच्छी तरह पकड़कर रखें।

  • पीली लाइन पर ना रखें पैर

आपने नोटिस किया होगा कि एस्केलेटर की सीढ़ियों के किनारों पर पीले रंग की लाइन बनी होती हैं। दरअसल ये एक सुरक्षा सीमा होती है। कभी भी इस लाइन पर पैर ना रखें क्योंकि यहां जूते और कपड़े फंसने का सबसे ज्यादा खतरा रहता है।

  • एस्केलेटर पर दौड़ें या खेलें नहीं

एस्केलेटर पर बैठना, दौड़ना और कूदना दुर्घटना को बुलावा देना है। खासकर बच्चे एस्केलेटर पर रेलिंग से खेलने या आगे-पीछे करने लगते हैं, जो खतरनाक हो सकता है। जब भी एस्केलेटर का इस्तेमाल करें शांति से हैंड रेल को पकड़कर खड़े रहें। खासकर इसके ऑपोजिट डायरेक्शन में मूव करने की गलती कभी ना करें।

  • ढीले कपड़े और दुपट्टों का ध्यान रखें

एस्केलेटर का इस्तेमाल करते हुए लंबे या ढीले कपड़े, साड़ी, दुपट्टे और स्टोल का खास ध्यान रखें। इन्हें एस्केलेटर के किनारों या सीढ़ियों के पास ना लटकने दें। साथ ही अपने जूते के फीते भी एक बार जरूर चेक कर लें। बच्चे साथ में हैं तो उनके कपड़े और जूतों को भी जरूर चेक कर लें।

  • बच्चों और बुजुर्गों का हाथ पकड़कर रखें

बच्चों और बुजुर्गों के साथ एस्केलेटर का इस्तेमाल करते हुए उनका हाथ मजबूती से पकड़कर रखें। जरा सा बैलेंस बिगड़ने पर नीचे गिरना का खतरा बना रहता है।

एस्केलेटर में पैर या कपड़ा फंसने पर क्या करें?

अगर इमरजेंसी की स्थिति में आपका पैर या कपड़ा एस्केलेटर में फंस जाता है, तो घबराकर आगे या पीछे भागने की कोशिश ना करें। ऐसी स्थिति में संतुलन खोने से मामला और भी गंभीर हो सकता है। एस्केलेटर के ऊपर और नीचे लगे लाल रंग के इमरजेंसी स्टॉप (Emergency Stop) बटन को तुरंत दबाएं। मॉल या मेट्रो स्टेशन में मौजूद सिक्योरिटी स्टाफ को भी तुरंत इसकी जानकारी दें।

ट्रैवल से जुड़ी सेफ्टी टिप्स भी ध्यान में रखें

  • बहुत भारी सामान के साथ एस्केलेटर का इस्तेमाल ना करें। ऐसी स्थिति में लिफ्ट ज्यादा बेहतर विकल्प है।
  • फोन में बिजी ना रहें, वरना एस्केलेटर से उतरने वक्त बैलेंस बिगड़ने का रिस्क हो सकता है।
  • ऊपर जाने वाले एस्केलेटर में नीचे और नीचे जाने वाले एस्केलेटर में ऊपर की ओर जाना खतरनाक हो सकता है। सोशल मीडिया के लिए ऐसे करतब करने से बचें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN