Source :- LIVE HINDUSTAN
अगर आप भी छोटी स्क्रीन वाला फोन तलाश रहे हैं, तो Enough नाम का एक ब्रांड छोटी स्क्रीन वाला फोन लेकर आया है। इसका नाम Enough Phone है। कंपनी का कहना है कि इस फोन में रिप्लेसेबल बैटरी मिलेगी। अपकमिंग फोन में क्या-क्या खास होगा, चलिए बताते हैं…
एक समय था, जब छोटी स्क्रीन वाले फोन काफी पॉपुलर थे। अब सभी ब्रांड बड़ी स्क्रीन और बड़ी बैटरी पर फोक्स कर रहे हैं। खबर है कि Enough नाम का एक ब्रांड फिर से छोटी स्क्रीन वाला फोन लेकर आया है। ब्रांड का पहला प्रोडक्ट, जिसका नाम ही ‘Enough Phone’ रखा गया है, अब किकस्टार्टर पर उपलब्ध है। आजकल बाजार से छोटे फोन लगभग गायब हो चुके हैं। ऐप्पल ने भी iPhone 13 mini बनाना बंद कर दिया है, जिसमें 5.4 इंच स्क्रीन थी। अब ऐप्पल का सबसे छोटा मॉडल iPhone 17e है, जो 6.1 इंच का है। ‘इनफ’ को उम्मीद है कि कुछ लोग अभी भी ऐसा फोन चाहते हैं जिसे हथेली में पकड़कर केवल एक अंगूठे से इस्तेमाल किया जा सके। ‘इनफ फोन’ का साइज 133x64x12 एमएम है, जो आज के ज्यादातर स्मार्टफोन के मुकाबले काफी छोटा है। इसमें 5.3 इंच की डिस्प्ले है, जिसका रेजोल्यूशन 1520×720 पिक्सेल है। कंपनी इस फोन पर 2032 तक सॉफ्टवेयर सपोर्ट भी देगी।
इनफ फोन के बेसिक स्पेसिफिकेशन्स
गिज्मोचाइना की रिपोर्ट के अनुसार, इसमें 4nm मीडियाटेक डाइमेंसिटी 7500 चिप दी गई है, जिसके साथ 8GB रैम और 128GB स्टोरेज मिलता है। इसमें एक माइक्रोएसडी स्लॉट भी है, जिससे आप स्टोरेज को और बढ़ा सकते हैं। कैमरा सेटअप काफी सिंपल है; पीछे की तरफ 50 मेगापिक्सेल का सोनी IMX766 कैमरा है और सामने की तरफ 32 मेगापिक्सेल का कैमरा दिया गया है। कनेक्टिविटी के लिए इसमें 5G और वाई-फाई 6 की सुविधा है। आप चाहें तो eSIM या फिजिकल SIM का इस्तेमाल कर सकते हैं।
घर पर बदल सकेंगे बैटरी
कुछ और भी बातें हैं जो ‘इनफ फोन’ को आजकल के ज्यादातर स्मार्टफोन से अलग बनाती हैं। इसके केसिंग को स्क्रू खोलकर अलग किया जा सकता है, जिससे यूजर इसकी 3500mAh की बैटरी को बदल सकते हैं। इसका मतलब यह है कि पुरानी हो चुकी बैटरी को बदलने के लिए आपको किसी रिपेयर शॉप जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
2032 तक मिलेगा सॉफ्टवेटर सपोर्ट
कंपनी का दावा है कि इनफ फोन 2032 तक सॉफ्टवेयर सपोर्ट के लिए एलिजिबल है, हालांकि इसने यह नहीं बताया है कि यह सपोर्ट किस तरह काम करेगा। खरीदार एंड्रॉयड 17 और ‘ओडिसीओएस’ (OdysseyOS) में से किसी एक को चुन सकते हैं; ओडिसीओएस, SLEKE द्वारा बनाया गया एक ऑप्शनल ऑपरेटिंग सिस्टम है। इसमें गूगल की सर्विसेस नहीं होतीं और इसे उन लोगों के लिए डिजाइन किया गया है जो अपने फोन को ज्यादा सावधान होकर चलाना चाहते हैं।
कीमत और उपलब्धता
कंपनी का कहना है कि 399 डॉलर (लगभग 37,500 रुपये) वाला ‘सुपर अर्ली बर्ड’ किकस्टार्टर टियर पहले ही बिक चुका है, लेकिन $449 (लगभग 42,000 रुपये) वाला ‘अर्ली बर्ड’ ऑप्शन अभी भी उपलब्ध है। इसमें पहले से लगा हुआ ग्लास स्क्रीन प्रोटेक्टर, एक प्रोटेक्टिव केस, USB-C केबल, USB-C से 3.5mm एडॉप्टर, एक हेक्स स्क्रूड्राइवर और हरे रंग के स्क्रू शामिल हैं।
रिटेल में आने के बाद कंपनी इस फोन को $599 (लगभग 56,000 रुपये) में बेचेगी, जिसका मतलब है कि अभी की ‘अर्ली बर्ड’ कीमत $150 कम है। हालांकि, इसे खरीदने से पहले एक जरूरी बात ध्यान में रखनी चाहिए कि यह फोन अभी भी एक प्रोटोटाइप है, और इसके फाइनल स्पेसिफिकेशन्स में थोड़ा बदलाव हो सकता है।
कंपनी फिलहाल मई 2027 में डिलीवरी शुरू करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। तब तक, हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर और रिलीज शेड्यूल सबकुछ बदल सकता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



