Home rss world hindi जापान में भूकंप का जोरदार झटका; समुद्र में 6.1 मापी गई तीव्रता

जापान में भूकंप का जोरदार झटका; समुद्र में 6.1 मापी गई तीव्रता

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने भूकंप के असर को अपने 0 से 7 के पैमाने पर 3 दर्ज किया। इस स्तर के झटकों को इमारतों के अंदर मौजूद ज्यादातर लोग महसूस कर सकते हैं। अलमारियों में रखे बर्तन और दूसरी चीजें हिलने लगती हैं।

जापान की राजधानी टोक्यो के पास शुक्रवार शाम समुद्र में 6.1 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप के झटके जापान के कांतो क्षेत्र में महसूस किए गए। हालांकि, भूकंप के बाद सुनामी का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक, भूकंप स्थानीय समय के अनुसार शाम 7 बजकर 39 मिनट पर आया। इसका केंद्र समुद्र में जमीन की सतह से कम गहराई पर था। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप का केंद्र टोक्यो के पूर्व में स्थित असाही शहर से करीब 169 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में था। भूकंप की तीव्रता 6.1 मापी गई है, जिसे तेज झटकों वाला भूकंप माना जाता है।

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने भूकंप के असर को अपने 0 से 7 के पैमाने पर 3 दर्ज किया। इस स्तर के झटकों को इमारतों के अंदर मौजूद ज्यादातर लोग महसूस कर सकते हैं। अलमारियों में रखे बर्तन और दूसरी चीजें हिलने लगती हैं। हालांकि, भूकंप के बाद किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की तत्काल कोई खबर नहीं मिली। अधिकारियों की ओर से भी किसी बड़े नुकसान की जानकारी नहीं दी गई है। भूकंप समुद्र में आया था, इसलिए इसके असर को लेकर निगरानी की जा रही है। एजेंसी ने साफ किया कि इस घटना के बाद सुनामी की चेतावनी जारी करने की जरूरत नहीं पड़ी।

जापान में क्यों आते हैं ज्यादा भूकंप

जापान दुनिया के उन देशों में शामिल है जहां भूकंप आने की घटनाएं सबसे ज्यादा होती हैं। इसकी एक बड़ी वजह देश की भौगोलिक स्थिति है। जापान प्रशांत महासागर के पश्चिमी किनारे पर स्थित रिंग ऑफ फायर क्षेत्र में आता है। यहां चार बड़ी टेक्टोनिक प्लेटें आपस में मिलती हैं। इन प्लेटों की हलचल के कारण समुद्र और जमीन के भीतर लगातार भूकंपीय गतिविधियां होती रहती हैं। करीब 12.5 करोड़ की आबादी वाले जापान में हर साल सैकड़ों बार भूकंप के झटके महसूस किए जाते हैं। दुनिया में आने वाले कुल भूकंपों में से करीब 18 प्रतिशत जापान और उसके आसपास के क्षेत्र में दर्ज होते हैं। इनमें से ज्यादातर भूकंप हल्की तीव्रता के होते हैं।

जापान में आने वाले सभी भूकंप एक जैसे नुकसान नहीं पहुंचाते। उनका असर इस बात पर निर्भर करता है कि भूकंप किस जगह आया और धरती के अंदर उसकी गहराई कितनी थी। समुद्र के भीतर आने वाले भूकंप में सुनामी का खतरा भी पैदा हो सकता है। खासकर तब, जब समुद्र की सतह के नीचे जमीन में बड़े स्तर पर हलचल होती है और पानी का बड़ा हिस्सा विस्थापित होता है। हालांकि, शुक्रवार को टोक्यो के पास आए 6.1 तीव्रता के भूकंप के बाद जापानी अधिकारियों ने सुनामी का कोई अलर्ट जारी नहीं किया। फिलहाल इस भूकंप से किसी नुकसान या लोगों के घायल होने की सूचना सामने नहीं आई है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN