Home LIFESTYLE NEWS HINDI ज्वार, बाजरा और रागी के आटे में क्या है अंतर? जानें किसमें...

ज्वार, बाजरा और रागी के आटे में क्या है अंतर? जानें किसमें कितना कैल्शियम, आयरन और प्रोटीन

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

ज्वार, बाजरा और रागी का आटा अगर आप भी डाइट में शामिल करते हैं, तो जानिए इन तीनों आटे में क्या अंतर है? जानें किसमें ज्यादा कैल्शियम, आयरन, प्रोटीन और फाइबर मिलता है और सेहत के लिए कौन सा आटा बेहतर है।

सेहत को बेहतर बनाए रखने के लिए आपका खान-पान सही होना काफी जरूरी है। अगर आप अच्छा खाएंगे तभी स्वस्थ रह पाएंगे वरना शरीर एक समय के बाद जवाब देने लगेगा और हर दिन बीमारियां घेरे रहेंगी। आजकल लोग फिटनेस और हेल्दी डाइट में सिर्फ गेहूं नहीं बल्कि ज्वार, बाजरा, रागी जैसे आटों को भी शामिल कर रहे हैं। ये तीनों आटे पोषण तत्वों से भरपूर माने जाते हैं लेकिन क्या आप जानते हैं इनमें क्या अंतर होता है। किस आटे में ज्यादा कैल्शियम, प्रोटीन, आयरन मौजूद होता है। चलिए आपको इन तीनों आटे के बीच अंतर और फायदे गिनाते हैं।

1. ज्वार का आटा: स्वाद के साथ पोषण भी

ज्वार को अंग्रेजी में सोरघम कहा जाता है। इसका आटा हल्के स्वाद वाला होता है और इससे रोटी, भाकरी, चीला और कई तरह के डिशेज बनाए जाते हैं। ज्वार में कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, फाइबर और कुछ जरूरी तत्व पाए जाते हैं। इसमें ग्लूटेन नहीं होता, इसलिए ग्लूटेन से परहेज करने वाले लोगों के लिए यह एक हेल्दी ऑप्शन हो सकता है। ज्वार के आटे को डाइट में शामिल करने से फाइबर की मात्रा बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

2. बाजरे का आटा: आयरन और प्रोटीन के लिए

बाजरे को अंग्रेजी में पर्ल मिलेट कहते हैं। इसका आटा अपने खास स्वाद और पोषक तत्वों के लिए जाना जाता है। बाजरे में प्रोटीन, फाइबर, आयरन और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसकी रोटी खासकर उत्तर भारत में काफी पसंद की जाती है। बाजरे की रोटी को दाल, हरी सब्जियों, दही या चटनी के साथ खाया जा सकता है। बाजरा शरीर में आयरन की जरूरत पूरी करने में मदद करता है।

3. रागी का आटा: कैल्शियम के लिए

रागी को अंग्रेजी में फिंगर मिलेट कहा जाता है। इसमें कैल्शियम की मात्रा ज्यादा होती है। रागी में फाइबर, कार्बोहाइड्रेट और कुछ प्रोटीन भी पाए जाते हैं। इससे रोटी, डोसा, दलिया, चीला और माल्ट जैसे कई डिशेज बनाए जा सकते हैं। रागी में मौजूद कैल्शियम हड्डियों और दांतों के लिए जरूरी है। जिन लोगों को अपनी डाइट में कैल्शियम से भरपूर फूड्स शामिल करने हैं, उनके लिए रागी सबसे अच्छा ऑप्शन हो सकता है।

ज्वार, बाजरा और रागी में पोषण के लिहाज से क्या अंतर है?

| पोषक तत्व | ज्वार | बाजरा | रागी |

| कैलोरी | 334 | 347 | 321 |

| प्रोटीन | 10 ग्राम | 10.9 ग्राम | 7.2 ग्राम |

| फाइबर | 10.2 ग्राम | 11.5 ग्राम | 11.2 ग्राम |

| कैल्शियम | 28 मिलीग्राम | 27 मिलीग्राम | 364 मिलीग्राम |

| आयरन | 3.9 मिलीग्राम | 6.4 मिलीग्राम | 4.6 मिलीग्राम |

सेहत के लिए कौन सा आटा ज्यादा फायदेमंद है?

सेहत के लिए ज्वार, बाजरा, रागी तीनों ही अच्छे ऑप्शन है और हेल्दी भी लेकिन ये आपकी डाइट पर निर्भर करता है कि आप इन्हें कैसे खाते हैं। कई लोग इन आटों को मिक्स करवाकर खाते हैं, तो कुछ लोग अलग ही रोटी बनाते हैं। ये तीनों ही आटे आपको जरूरी पोषक तत्व देंगे। आप चाहे तो इन्हें गेहूं के आटे के साथ भी मिलाकर खा सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN