Home rss entertainment hindi मनोरंजन समाचार टाइगर श्रॉफ केस: बेगूसराय में ऋतिक को फोटो से नहीं पहचानी मां,...

टाइगर श्रॉफ केस: बेगूसराय में ऋतिक को फोटो से नहीं पहचानी मां, साजिश का जताया डर

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/10/19/1200x900/Tiger_Shroff_Attack_Begusarai_Ritik_1792418976061_hfuA_1792418989335_Iet8_26135046-9168-4b1f-930b-89c385906d8e_P2pa.jpg

बॉलीवुड स्टार टाइगर श्रॉफ पर रविवार की रात हमला में कोटा से पकड़े गए तीन कथित आरोपियों में एक बेगूसराय का ऋतिक कुमार बताया गया है। बेगूसराय में उस कथित ऋतिक की मां ने वायरल फोटो में बेटे को पहचानने से मना किया है।

टाइगर श्रॉफ पर हमले के आरोप में गिरफ्तार कथित तौर पर बेगूसराय के ऋतिक की मां ने फोटो से उसे पहचानने से इनकार किया है, लेकिन साथ में यह भी कहा है कि अगर उनका बेटा सच में घटना में है तो कोई उसे फंसाने की साजिश कर रहा है।

मनोज सहनी, बेगूसराय। बॉलीवुड स्टार टाइगर श्रॉफ पर मुंबई में रविवार की रात फायरिंग केस में राजस्थान के कोटा से पकड़े गए तीन आरोपियों में जिस एक संदिग्ध को बेगूसराय का ऋतिक कुमार उर्फ रोशन बताया गया है, उस कथित ऋतिक की मां ने वायरल फोटो में बेटे को पहचानने से मना कर दिया है। बेगूसराय में गांव और परिवार की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस उस घर तक पहुंची, जिसे कथित तौर पर गिरफ्तार ऋतिक का बताया गया है। कथित ऋतिक की मां संयुक्ता देवी ने फोटो दिखाने पर उसे अपने बेटा के तौर पर पहचानने से इनकार तो किया है, लेकिन साथ ही यह आशंका भी जताई है कि अगर उनका बेटा घटना में शामिल था तो किसी ने ऋतिक को फंसाने की साजिश रची है। मां ने इस साजिश का आरोप बेटे के दोस्तों या उस लड़की के पिता पर लगाया है, जिससे कुछ समय बाद उसकी शादी होनी थी।

बेगूसराय पुलिस ने इस मामले में कोई आधिकारिक बयान अभी तक नहीं दिया है और न ही पकड़े गए युवक की पहचान उसी ऋतिक के रूप में होने की पुष्टि की है, जिसकी चर्चा चल रही है। कथित ऋतिक को लेकर चल रही जानकारी के मुताबिक उसका परिवार सिंघौल थाना के डुमरी वार्ड नंबर 7 में रहता है। उसका मूल निवास मटिहानी का बदलपुरा गांव है। पिपरा चौक पर परिवार की एक छोटी सी दुकान है। दो साल पहले परिवार ने डुमरी में आठ धुर जमीन पर घर बनाया था। पिता रामू महतो पिपरा में किराये के मकान में दुकान चलाते हैं, जहां लिट्टी-समोसा और कॉस्मेटिक से जुड़ा सामान बेचा जाता है। पति-पत्नी मिलकर दुकान चलाते हैं।

कौन थे टाइगर श्रॉफ की कार पर गोली चलाने वाले; कैसे रातों रात पहुंच गए कोटा

कथित ऋतिक की मां ने बताया कि उनका परिवार गरीब है। गिरफ्तार ऋतिक को रैपिडो ड्राइवर बताया जा रहा है, जबकि कथित ऋतिक की मां ने कहा कि बेटा कुक है, जो पहले दिल्ली में ही एक कैटरर के यहां काम करता था। करीब एक महीने पहले मुंबई गया था। मां ने बताया कि ऋतिक की शनिवार को दिन में 3 बजे पिता से फोन पर बात हुई थी। उसके बाद से फोन ऑफ है और संपर्क भी नहीं हो रहा है। सूत्रों का कहना है कि कोटा में गिरफ्तारी के बाद कथित ऋतिक के बारे में जो सूचना मिली, इस परिवार से उसमें कई चीज मेल खा रही है, लेकिन मां ने फोटो में बेटे को पहचानने से मना कर दिया है, इसलिए मामला फिलहाल उलझा हुआ है। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की है, लेकिन मां ने गिरफ्तार युवक की तस्वीर दिखाने पर उसे अपना बेटा नहीं बताया है। परिजनों के पास बेटे के पहचान के दस्तावेज नहीं होने की बात भी कही जा रही है।

बेगूसराय का वही ऋतिक या नाम और पहचान को लेकर कोई भ्रम?

इस समय सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या टाइगर श्रॉफ पर हमले में शामिल लड़का वास्तव में वही ऋतिक कुमार उर्फ रोशन है, जिसके घर तक बेगूसराय पुलिस गई थी, या उसके नाम और पहचान को लेकर कुछ ना कुछ भ्रम है? फिलहाल इस सवाल का जवाब स्पष्ट नहीं है। बेगूसराय पुलिस की ओर से पुष्टि नहीं होने के कारण इसे संभावित बेगूसराय कनेक्शन के तौर पर देखा जा रहा है। अब सबकी नजर पुलिस के बयान और युवक की पहचान की पुष्टि पर टिकी है।

बेगूसराय में कथित ऋतिक के परिवार ने दिखाई बेटे की यह फोटो

ज्योति से शादी करने वाला है ऋतिक

कथित ऋतिक की मां संयुक्ता देवी ने बताया कि मुंबई में एयरपोर्ट पर काम करने वाली ज्योति नाम की एक लड़की से बेटा प्यार करता था और जल्द ही दोनों की शादी होनी थी। मां ने आरोप लगाया कि लड़की के घर वाले या दोस्त-यार उसके बेटे को फंसा सकते हैं। मां ने कहा कि बेटा गोली चलाने का काम नहीं करता था, न ही कोई नशा करता था। मां ने कहा कि पुलिस उसके बेटे को खोजकर दे, अगर ऋतिक ने गलत किया है तो वह कुछ नहीं बोलेंगी। बता दें कि इस फायरिंग की जवाबदेही जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई के गैंग ने ली है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN