Home rss business hindi टाटा मोटर्स ने इटली की ट्रक कंपनी इवेको में खरीदी 89.42% हिस्सेदारी,...

टाटा मोटर्स ने इटली की ट्रक कंपनी इवेको में खरीदी 89.42% हिस्सेदारी, बनेगी चौथी सबसे बड़ी कमर्शियल व्हीकल कंपनी

6
0

Source :- KHABAR INDIA TV

देश की दिग्गज कमर्शियल व्हीकल मैन्यूफैक्चरिंग कंपनी टाटा मोटर्स ने इटली की इवेको में 89.42 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीद ली है। ये डील 3.43 अरब यूरो में हुई है। इस अधिग्रहण के बाद दोनों कंपनियों का कुल कारोबार 2.28 लाख करोड़ रुपये (21 अरब यूरो) का होगा और ये दुनिया की चौथी सबसे बड़ी कमर्शियल व्हीकल मैन्यूफैक्चरिंग कंपनी बन जाएगी। टाटा मोटर्स ने मंगलवार को कहा कि नकद निविदा पेशकश के शुरुआती निपटान के बाद इवेको में उसकी हिस्सेदारी 89.42 प्रतिशत हो गई है। हालांकि, अधिग्रहण की प्रक्रिया अभी जारी है। 

जगुआर लैंड रोवर के बाद सबसे बड़ा अधिग्रहण

कंपनी ने बताया कि अधिग्रहण पूरा होने के बाद इवेको, टाटा मोटर्स की एक इनडायरेक्ट सब्सिडरी कंपनी बन जाएगी। ये 2008 में फोर्ड से जगुआर लैंड रोवर खरीदने के बाद टाटा मोटर्स का सबसे बड़ा अधिग्रहण है। इवेको ग्रुप में करीब 33,000 कर्मचारी हैं। इसके 16 इंडस्ट्रियल प्लांट और 22 R&D सेंटर हैं। 

2-6 नवंबर तक फिर खुली निविदा पेशकश

ये डील निपटान स्वैच्छिक निविदा पेशकश की स्वीकार्यता अवधि पूरी होने के बाद हुआ है। इसके तहत टाटा मोटर्स ने इवेको के सामान्य शेयरों के लिए 14.4 यूरो प्रति शेयर नकद देने की पेशकश की थी। शेयरधारकों को अपने शेयर बेचने का एक और मौका देने के लिए निविदा पेशकश की अवधि 2-6 नवंबर, 2026 तक 5 ट्रेडिंग सेशन के लिए फिर खोली जाएगी। इस अवधि में निविदा के तहत दिए गए शेयरों का निपटान 13 नवंबर को होगा। 

अगले 5 सालों में बिक्री की मात्रा और राजस्व में जबरदस्त बढ़ोतरी की उम्मीद

इटली के ट्यूरिन में स्थित इवेको हेडक्वार्टर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने दोनों कंपनियों के जॉइंट बिजनेस के साइज और ग्रोथ की संभावनाओं का जिक्र किया। चंद्रशेखरन ने कहा, ”अगले 5 सालों में बिक्री की मात्रा और राजस्व में जबरदस्त बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। इसके साथ ही, प्रॉफिट मार्जिन में भी सुधार होगा।” 

एन. चंद्रशेखरन को अपॉइंट किया गया इवेको का चेयरपर्सन और सीनियर नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर

टाटा मोटर्स के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ गिरीश वाघ ने इटली के शेयर बाजारों से इवेको की डीलिस्टिंग की समयसीमा बताने से इनकार कर दिया। हालांकि, उन्होंने कहा कि ये प्रोसेस जल्द पूरा होगा। चंद्रशेखरन को इवेको का चेयरपर्सन और सीनियर नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अपॉइंट किया गया है, जबकि ओलोफ पर्सन कंपनी के सीईओ बने रहेंगे।

ये भी पढ़ें

सोना खरीदने से दूरी बना रहे भारतीय, मांग में 29% की भारी गिरावट, वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल ने बताई प्रमुख वजहें

SOURCE : KHABAR INDIA TV