Home World News hindi डील या टोटल सरेंडर… ट्रंप का ईरान को अल्टीमेटम; होर्मुज पर अमेरिकी...

डील या टोटल सरेंडर… ट्रंप का ईरान को अल्टीमेटम; होर्मुज पर अमेरिकी कंट्रोल का दावा

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को ईरान के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए डील या टोटल सरेंडर का अल्टीमेटम दिया है। ट्रंप ने ईरानी नेतृत्व पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाते हुए कहा कि वे निजी तौर पर बातचीत चाहते हैं लेकिन सार्वजनिक रूप से इनकार करते हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को ईरान पर एक हमला बोलते हुए नया और सख्त अल्टीमेटम जारी किया है। ट्रंप ने ईरान पर आरोप लगाया कि वह बातचीत को लेकर उल्टे-सीधे और दोहरे चरित्र वाले संदेश भेज रहा है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि तेहरान को कभी भी परमाणु हथियार बनाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ट्रप ने अपने बयान में दावा किया कि ईरानी नेता निजी और गुप्त रूप से बातचीत करने के इच्छुक दिखते हैं, लेकिन सार्वजनिक मंचों पर वे इस बात से पूरी तरह इनकार करते हैं कि कोई औपचारिक वार्ता चल रही है। उन्होंने ईरानी नेतृत्व की इस रणनीति को ‘बहुत ज्यादा दोहरा चरित्र’ बताया।

ईरान के दावे महज खोखले बयानबाजी

ट्रंप ने कहा कि ईरानी नेतृत्व बहुत ज्यादा दोहरा चरित्र वाला है। वे बैठक के लिए कहते हैं, कुछ लोग कहेंगे ‘भीख मांगते हैं’, बातचीत शुरू होती है और जल्द ही और बैठकें तय हो जाती हैं। फिर वे खुलेआम और गर्व से कहते हैं कि वे कोई बातचीत नहीं कर रहे, किसी भी विषय पर चर्चा नहीं हो रही और वे सिर्फ ओमान से डील कर रहे हैं। ट्रंप ने ईरान द्वारा होर्मुज पर नियंत्रण के दावों को भी निशाने पर लिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस सामरिक जलमार्ग पर अमेरिका का सैन्य दबदबा पहले से ही बहुत मजबूत है और ईरान के दावे महज खोखले बयानबाजी हैं।

ईरान के पास कभी परमाणु हथियार नहीं

उन्होंने कहा कि फिर वे अपनी हमेशा की बकवास करते हुए कहते हैं कि होर्मुज को वे ताकत से चलाएंगे, जबकि यह पहले से ही अमेरिका की नौसेना और हमारे नाकेबंदी के पूर्ण नियंत्रण में है। ट्रंप ने आगे चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक कोई ठोस समझौता नहीं हो जाता, तब तक कोई भी सामान अमेरिका की मंजूरी के बिना न तो ईरान में प्रवेश कर पाएगा और न ही ईरान से बाहर जा पाएगा। ट्रंप ने कहा कि ईरान तक कुछ भी नहीं पहुंचेगा, जब तक हम ऐसा नहीं चाहेंगे। और कुछ भी नहीं पहुंचेगा, जब तक कोई डील या पूर्ण समर्पण पूरा नहीं हो जाता। ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर अपनी पुरानी और अडिग स्थिति दोहराते हुए ट्रंप ने जोर देकर कहा कि ईरान के पास कभी परमाणु हथियार नहीं होगा।

बता दें कि ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब ईरान की परमाणु गतिविधियों और क्षेत्रीय सुरक्षा मुद्दों को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। दोनों पक्षों ने बिचौलियों के माध्यम से कूटनीतिक बातचीत में दिलचस्पी दिखाई है, लेकिन सार्वजनिक रूप से दोनों तरफ से तीखे बयान जारी हो रहे हैं। ट्रंप के इस अल्टीमेटम ने ‘डील या टोटल सरेंडर’ की लाइन को और साफ कर दिया है, जिसमें उन्होंने संकेत दिया कि या तो ईरान बातचीत के जरिए समझौता करे या फिर अमेरिका के दबाव और नाकेबंदी का सामना करे।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN