Source :- LIVE HINDUSTAN
आपकी किडनी दिन रात काम कर रही और उसका वर्कलोड बढ़ चुका है। लाइफस्टाइल की गड़बड़ियों और दूसरी वजहों से किडनी पर बढ़ रहे दबाव से शरीर में ये लक्षण दिखते हैं, जो आगे चलकर किडनी डैमेज का खतरा रहता है, डॉक्टर से जानें 7 लक्षण जो बताते हैं किडनी डैमेज का खतरा।
किडनी बॉडी का जरूरी अंग है जो हमारे शरीर से गंदगी, वेस्ट मैटेरियल को बाहर निकालकर, जरूरी मिनरल्स को वापस बॉडी को पहुंचाता है। लेकिन लाइफस्टाइल की छोटी-छोटी गलतियां किडनी पर प्रेशर बढ़ाती है और उसे शरीर के वेस्ट मैटेरियल को बाहर निकालने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। जिसकी वजह से किडनी के फिल्टर करने वाली यूनिट को नुकसान पहुंचता है तो वहीं ब्लड वेसल्स भी कमजोर हो जाती हैं। शरीर में अगर ये 7 तरह के लक्षण दिख रहे हैं तो सावधान हो जाएं क्योंकि ये लक्षण बताते हैं कि आपकी किडनी स्ट्रेस में है और उस पर काम का दबाव बढ़ रहा है। एचटी लाइफस्टाइल को दिए इंटरव्यू में डॉक्टर मोहित खैरबत, नेफ्रोलॉजिस्ट ने बताया कि कौन से 7 लक्षण इग्नोर ना करें नहीं तो लंबे टाइम में किडनी डैमेज का खतरा हो सकता है।
यूरिनेशन की हैबिट में बदलाव
अगर आप नोटिस कर रहे कि पिछले कुछ समय से आपके यूरिन करने के पैटर्न में बदलाव आया है। या तो ज्यादा यूरिन हो रही या बहुत ही कम हो गई, या पेशाब में झाग बन रहा। काफी सारे लोगों को यूरिनेशन के दौरान दर्द और तकलीफ महसूस होती है, ये सारी समस्याएं पूरी तरह से किडनी की समस्या को दिखाती हैं। अगर आपको यूरिनेशन के पैटर्न में बदलाव दिखें तो डॉक्टर से कंसल्ट जरूर करें।
लगातार कमजोरी और थकान
किडनी ऐसे हार्मोन के प्रोडक्शन में मदद करती हैं जो रेड ब्लड सेल्स को बनाते हैं। जब किडनी ठीक तरीके से काम नहीं करती है तो रेड ब्लड सेल्स का लेवल कम होने लगता है जिससे एनीमिया होता है और थकान, कमजोरी, एनर्जी में कमी महसूस होती है।
एड़ी, पैर और हाथ में सूजन
किडनी अगर ठीक तरीके से काम नहीं कर रही तो शरीर में फ्लूइड जमने लगता है जिसकी वजह से शरीर में सूजन दिखती है। दरअसल, किडनी जब सोडियम और पानी को ठीक तरीके से बैलेंस नहीं कर पाती है तो फ्लूइ़ड बॉडी में जमने लगता है। तो पैर की एड़ी के आसपास, हाथ-पैर में सूजन दिखे तो फौरन सावधान हो जाएं।
आंख के आसपास सूजन
जब आपके यूरिन के जरिए प्रोटीन निकल रहा है तो ये किडनी डैमेज का संकेत है। आंख के आसपास सूजन दिख रही है तो ये प्रोटीन निकलने का लक्षण है और जरूरी है कि डॉक्टर से कंसल्ट किया जाए। आंख के आसपास हो रही सूजन को अनदेखा करने की गलती ना करें।
सांस लेने में तकलीफ
किडनी पर जब लगातार दबाव बढ़ता है को फ्लूइड कई बार फेफड़ों में जमा होने लगता है। जिसकी वजह से सांस लेने में तकलीफ होती है। इसके साथ ही अगर एनीमिया की समस्या हो गई है तो भी सांस लेने में तकलीफ होगी। सबसे खास बात कि अगर आपको आराम करते टाइम भी सांस लेने में तकलीफ हो तो किडनी फंक्शन का टेस्ट जरूर करवाएं क्योंकि ये किडनी पर स्ट्रेस का लक्षण होते हैं।
स्किन पर ड्राईनेस और खुजली
लगातार काफी टाइम से स्किन बिल्कुल ड्राई दिख रही और उस पर खुजली हो रही तो इसे इग्नोर ना करें। दरअसल, हेल्दी किडनी ब्लड से वेस्ट मैटेरियल को बाहर निकालती है और ब्लड में मिनरल्स को बैलेंस करती है लेकिन जब किडनी ठीक तरीके से काम नहीं कर पाती है तो शरीर के गंदे पदार्थ ही बॉडी में खुजली, स्किन में इरिटेशन और ड्राईनेस देते हैं।
कमर में दर्द
कमर के पिछले हिस्से में या फिर साइड्स में दर्द हो और ये दर्द बार-बार लौट आता है। तो ये किडनी डिसफंक्शन हो सकता है। कई बार स्टोन या दूसरे कारणों से भी जब किडनी पर प्रेशर बढ़ता है तो कमर में दर्द होने लगता है। तो अगर शरीर में इस तरह के लक्षण दिख रहे हैं तो इन्हें इग्नोर ना करें और फौरन डॉक्टर से संपंर्क करें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




