Home World News hindi ‘डॉन्ट डिस्टर्ब! मैडम सो रही हैं…’ पूर्व राजनयिक ने सबके सामने ला...

‘डॉन्ट डिस्टर्ब! मैडम सो रही हैं…’ पूर्व राजनयिक ने सबके सामने ला दी पाकिस्तान की नंगई: सुनाया प्लेन हाइजैक का किस्सा

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

कौसिकन ने जिस विमान अपहरण का जिक्र किया, उसे 26 मार्च 1991 को कुआलालंपुर से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद हाइजैक कर लिया गया था। सिंगापुर सशस्त्र बलों ने अगली सुबह एक बचाव अभियान में सभी अपहर्ताओं को मार गिराया था।

सिंगापुर के पूर्व विदेश सचिव और पूर्व राजदूत बिलहारी कौसिकन ने पड़ोसी देश पाकिस्तान को लेकर बेहद चौंकाने वाले खुलासे किए हैं और कहा है कि जब देश संकट में था, तब भी वहां के पूर्व प्रधानमंत्री सो रहे थे और संकट की घड़ी में फोन कॉल का जवाब देना भी उचित नहीं समझा। उन्होंने 1991 की एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनज़ीर भुट्टो ने एक यात्री विमान के अपहरण होने के दौरान रात में फोन उठाने से मना कर दिया था और उनके घर वालों ने तब बताया था कि मैडम सो रही हैं। उन्हें डिस्टर्ब नहीं कर सकते। कौसिकन के इस खुलासे ने पूरी दुनिया में हलचल मचा दी है।

कौसिकन ने पाकिस्तान के राजनीतिक नेतृत्व और सरकारी संस्थानों की कड़ी आलोचना करते हुए चेतावनी दी कि यह देश लंबे समय से “विफलता की कगार पर” है और कहा कि पाकिस्तानी राजनेता समय की बर्बादी हैं। नेशनल प्रेस फ़ाउंडेशन की इंटरनेशनल रिपोर्टिंग फ़ेलोशिप में पत्रकारों के साथ बातचीत के दौरान, जब एक पाकिस्तानी पत्रकार ने पूछा कि क्या इस्लामाबाद की भौगोलिक स्थिति ही उसकी समस्याओं की जड़ है, तो कौसिकन ने इस तर्क को खारिज कर दिया और कहा, “यह सिर्फ एक बहाना है। सच तो यह है कि पाकिस्तान का प्रबंधन शुरू से ही बहुत खराब रहा है।”

पाक सेना भी समस्या का हिस्सा

कौसिकन ने कहा, “पाक सेना समस्या का हिस्सा भी है और वही देश को एकजुट भी रखती है लेकिन आपके राजनेता समय की बर्बादी हैं, चाहे वे किसी भी पार्टी के हों।” कौसिकन 2010 से 2013 तक सिंगापुर के विदेश मामलों के स्थायी सचिव रहे और अभी नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ़ सिंगापुर में मिडिल ईस्ट इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष हैं। अपनी बात के समर्थन में कौसिकन ने मार्च 1991 का एक वाकया सुनाया, जब पाकिस्तानी आतंकवादियों ने सिंगापुर एयरलाइंस के एक विमान को हाइजैक कर लिया था। उन्होंने बताया कि तब अपहरणकर्ताओं ने बेनज़ीर भुट्टो से बात करने की मांग की थी, जो उस समय पद पर नहीं थीं और सिंध प्रांत में रह रही थीं।

मैडम सो रही हैं, उन्हें डिस्टर्ब नहीं किया जा सकता

दरअसल, सिंगापुर एयरलाइंस के विमान SQ117 को चार पाकिस्तानी आतंकवादियों ने हाइजैक कर लिया था। तब उन आतंकवादियों की मांग थी कि वे बेनजीर भुट्टो से बात करना चाहते हैं। कौसिकन, उस समय वार्ता दल का हिस्सा थे। उन्होंने तब रात के 3 बजे बेनजीर भुट्टो के घर फोन लगाया लेकिन पाकिस्तान की सामंती मानसिकता देखिए, उनके स्टाफ ने यह कहते हुए फोन काट दिया कि “मैडम सो रही हैं और उन्हें डिस्टर्ब नहीं किया जा सकता।” कौसिकन ने कहा कि एक तरफ निर्दोष यात्रियों की जान दांव पर लगी थी और दूसरी तरफ पाकिस्तान की नेता आराम की नींद ले रही थीं।

चारों हाइजैकर्स को मार गिराया

कौसिकन ने आगे कहा कि आखिरकार सिंगापुर की सुरक्षा बलों ने उस हाइजैक हुए विमान पर धावा बोला और चारों हाइजैकर्स को मार गिराया और सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को बचाया। उन्होंने कहा, “हमें अभी भी नहीं पता और कभी पता भी नहीं चलेगा कि वे असल में वे आतंकी क्या चाहते थे क्योंकि वे सभी मारे जा चुके हैं।” उन्होंने आगे कहा, “हमारा कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ। मैं आपको यह कहानी इसलिए सुना रहा हूं ताकि बता सकूं कि पाकिस्तान बहुत सामंती सोच वाला समाज है।”

पाकिस्तान की बर्बादी के लिए पड़ोसी नहीं नेता जिम्मेदार

कौसिकन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पाकिस्तान की बर्बादी के लिए उसके पड़ोसी नहीं, बल्कि उसका अपना नेतृत्व और सेना जिम्मेदार है। उन्होंने पाकिस्तानी पत्रकारों के उस दावे को खारिज कर दिया कि भारत या अफगानिस्तान से लगती सीमाओं की वजह से पाकिस्तान परेशान है। कौसिकन ने कहा, “पाकिस्तान के नेता ‘समय की बर्बादी’ हैं और वहां की सेना समस्या का बहुत बड़ा हिस्सा है।” उन्होंने पाकिस्तान को एक सामंती समाज बताया जो केवल आर्थिक कुप्रबंधन और कट्टरपंथ को पाल रहा है।

“परमाणु बम न होता, तो पाकिस्तान को कोई पूछता भी नहीं”

सबसे बड़ा हमला बोलते हुए पूर्व राजनयिक ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान की जो थोड़ी-बहुत अहमियत है, वह केवल उसके परमाणु हथियारों की वजह से है। उन्होंने दो टूक लहजे में कहा, “अगर तुम्हारे पास परमाणु हथियार नहीं होते, तो दुनिया में कोई तुम्हारी परवाह भी नहीं करता।” कौसिकन के मुताबिक, पाकिस्तान एक ऐसा देश है जो केवल अपनी रणनीतिक स्थिति का फायदा उठाकर अमेरिका जैसे देशों से पैसे ऐंठने में माहिर है, लेकिन यह पैसा वहां की जनता का पेट नहीं भर सकता। उन्होंने ये भी कहा कि आज पाकिस्तान दुनिया की सुरक्षा के लिए खतरा बने अजीबोगरीब आंतकी समूहों का “हॉटबेड” बन चुका है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN