Source :- LIVE HINDUSTAN
ढाबा या होटल का खाना हमें काफी स्वादिष्ट लगता है लेकिन घर के खाने में वैसा स्वाद नहीं मिलता। अगर आपको भी ऐसा ही लगता है कि हम आपको बताएंगे ढाबा स्टाइल खाना पकाने के कुछ सीक्रेट किचन टिप्स।
रेस्टोरेंट या ढाबे का खाना खाने पर उसका स्वाद काफी अच्छा लगता है कि हम 2 के बजाय 4 रोटी खा लेते हैं लेकिन घर पर बना खाना उतना स्वादिष्ट नहीं लगता। फिर चाहे वह दाल तड़का हो या फिर तंदूरी रोटी। हर बार हम सोचते हैं कि आखिर ढाबे वाले खाने में इतना स्वाद कैसे आता है। अगर आपके मन में भी यही सवाल रहता है, तो हम आपको कुछ ट्रिक्स बताने जा रहे हैं, इन्हें जानने के बाद आपके घर वाले खाने में भी स्वाद आएगा और आपको ढाबा या रेस्टोरेंट के टेस्टी खाने का राज भी पता चल जाएगा।
ढाबा-होटल के स्वादिष्ट खाने के 5 राज
1. तंदूरी रोटी कैसे बनाते हैं सॉफ्ट
ढाबे जैसी सॉफ्ट तंदूरी रोटी बनाने के लिए आटे को सही तरीके से गूंथना सबसे जरूरी है। इसके लिए गेहूं के आटे में थोड़ा दही या दूध, चुटकी भर नमक और जरूरत के अनुसार गुनगुना पानी मिलाकर नरम आटा गूंथ लें। आटे को कम से कम 20-30 मिनट ढककर रखें, ताकि वह अच्छी तरह सेट हो जाए। रोटी बेलते समय उसे न ज्यादा पतला करें और न ही बहुत मोटा रखें। अब इसे गर्म तंदूर या तवे पर सही तापमान में पकाएं, ताकि रोटी अंदर से नरम और बाहर से हल्की सिकाई वाली बने।
2. परफेक्ट दाल तड़का बनाने की ट्रिक
ढाबे जैसी दाल तड़का बनाने के लिए ध्यान रखें कि दाल और तड़के का तेल अलग-अलग न तैरता रहे। इसके लिए दाल पकने के बाद उसे अच्छी तरह चलाकर हल्का मैश करें, ताकि उसकी बनावट एकसार और थोड़ी गाढ़ी हो जाए। अगर दाल में पानी ज्यादा है, तो उसे कुछ मिनट धीमी आंच पर बिना ढके पकाएं। अब एक अलग पैन में घी या तेल गर्म करके जीरा, बारीक कटा लहसुन, सूखी लाल मिर्च और हींग डालें। स्वाद और रंग बढ़ाने के लिए थोड़ा प्याज और टमाटर भी भून सकते हैं। मसाला अच्छी तरह पकने के बाद इसे दाल में डालें और 2-3 मिनट धीमी आंच पर उबलने दें। ध्यान रखें कि दाल न ज्यादा पतली हो और न ही बहुत गाढ़ी। आखिर में थोड़ा कसूरी मेथी और हरा धनिया डालें। ढाबा स्टाइल स्वाद का सीक्रेट है दाल की सही कंसिस्टेंसी, अच्छी तरह भुना तड़का और दोनों को कुछ मिनट साथ पकाना, जिससे स्वाद अच्छी तरह मिल जाता है।
3. ग्रेवी में मिर्च ज्यादा हो जाए तो
अगर सब्जी या ग्रेवी में मिर्च ज्यादा हो गई है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। ढाबा स्टाइल स्वाद बनाए रखने के लिए सबसे पहले ग्रेवी की मात्रा के हिसाब से थोड़ा ताजा बिना मिर्च वाला बेस तैयार करके उसमें मिला सकते हैं। इसके लिए प्याज-टमाटर का भुना हुआ मसाला या थोड़ी बिना मसाले वाली ग्रेवी इस्तेमाल करें। अगर सब्जी में दही या क्रीम डालना उसके स्वाद के अनुकूल हो, तो थोड़ी मात्रा में मिलाने से तीखापन संतुलित करने में मदद मिल सकती है। पनीर या मलाई वाली ग्रेवी में थोड़ी क्रीम भी काम आ सकती है। इसके बाद सब्जी को धीमी आंच पर कुछ मिनट पकाएं, ताकि सभी स्वाद अच्छी तरह मिल जाएं।
4. लच्छा प्याज हो गए नरम
होटल-ढाबा में आपको खाने के साथ लच्छा प्याज खाने को मिलता है, जो एकदम कुरकुरा रहता है। घर पर कटे हुए प्याज जल्दी नरम पड़ जाते हैं, तो इसका भी ट्रिक है। ढाबे जैसे कुरकुरे और क्रंची लच्छा प्याज बनाने के लिए प्याज काटने के बाद उन्हें कुछ देर बर्फ वाले ठंडे पानी में डालकर रखें। इससे प्याज की कड़वाहट कम करने और उनका कुरकुरापन बनाए रखने में मदद मिल सकती है। करीब 10-15 मिनट बाद प्याज को पानी से निकालकर अच्छी तरह सुखा लें, क्योंकि ज्यादा नमी रहने से वे जल्दी नरम पड़ सकते हैं। अब इसमें नमक, लाल मिर्च, चाट मसाला और थोड़ा नींबू का रस डालकर मिलाएं।
5. खिले-खिले चावल कैसे बनाएं
अगर आपके चावल पकने के बाद चिपचिपे हो जाते हैं, तो ढाबे जैसी बनावट पाने के लिए एक आसान ट्रिक अपनाएं। सबसे पहले चावल को 2-3 बार साफ पानी से धो लें, ताकि स्टार्च निकल जाए। इसके बाद चावल को करीब 20 मिनट भिगोकर रखें। अब एक बर्तन में पर्याप्त पानी उबालें और उसमें चावल के साथ थोड़ा नमक और कुछ बूंदें तेल या थोड़ा घी डाल दें। चावल को मध्यम आंच पर पकाएं और बीच-बीच में ज्यादा न चलाएं, क्योंकि इससे दाने टूट सकते हैं। जब चावल पक जाएं, तो एक्स्ट्रा पानी छान लें और उन्हें 5 मिनट ढककर रहने दें। ढाबा स्टाइल सीक्रेट है चावल को सही समय पर पकाना और पकने के बाद कुछ देर भाप में रहने देना। इससे चावल के दाने अलग-अलग और फूले हुए बनते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




