Home National news hindi तिरुपति मंदिर को 207 करोड़ रुपये का सोना दान करने वाले वर्द्धमान...

तिरुपति मंदिर को 207 करोड़ रुपये का सोना दान करने वाले वर्द्धमान जैन कौन हैं?

6
0

Source :- BBC INDIA

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में तिरुमला मंदिर में दान किया गया सोना चढ़ाया गया

चेन्नई के कारोबारी वर्द्धमान जैन और राधिका जैन ने गुरुवार (26 नवंबर, 2026) को तिरुमला स्थित भगवान वेंकटेश्वर स्वामी को 121 किलो सोने और हीरे के आभूषण भेंट किए. इन आभूषणों की कीमत करीब 207.6 करोड़ रुपये बताई गई है.

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में तिरुमला मंदिर में यह भेंट चढ़ाई गई.

तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के जनसंपर्क अधिकारी रवि ने बीबीसी को बताया कि भगवान की मूल प्रतिमा को सिर से पैर तक सजाने के लिए सोने और हीरे के 46 तरह के आभूषण भेंट किए गए हैं.

उन्होंने बताया कि इनमें से 106 किलोग्राम सोने का इस्तेमाल तिरुमला की देवी के लिए आभूषण बनाने में किया गया है, जबकि बाकी 15 किलोग्राम सोने से तिरुचानूर स्थित श्री पद्मावती देवी के लिए सोने के वस्त्र तैयार किए जाएंगे.

तिरुपति मंदिर

टीटीडी के जनसंपर्क अधिकारी रवि, टीटीडी के पूर्व कार्यकारी अधिकारी (ईओ) एलवी सुब्रमण्यम और पूर्व मुख्य पुजारी डॉ. एवी रमण दीक्षितुलु ने बीबीसी को बताया कि 1933 में ब्रिटिश शासन के दौरान तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) की स्थापना के बाद पिछले नौ दशकों में पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में सोना दान में मिला है.

रमण दीक्षितुलु ने कहा कि श्रीकृष्णदेवराय के शासनकाल के बाद इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण भेंट किए गए हैं.

उन्होंने कहा कि वर्धमान जैन आधुनिक इतिहास में एक बार में सबसे अधिक सोने के आभूषण दान करने वाले व्यक्ति के रूप में दर्ज होंगे.

कौन हैं वर्द्धमान जैन?

वर्द्धमान जैन

वर्द्धमान जैन चेन्नई स्थित कंपनी एशिया इंजीनियरिंग के निदेशक हैं.

वह हेल्थकेयर क्षेत्र में बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग (बीपीओ) सेवाएं देने वाली प्रमुख कंपनी एक्सेस हेल्थकेयर के संस्थापक और बोर्ड के उपाध्यक्ष भी हैं.

टीटीडी के जनसंपर्क अधिकारी रवि ने बीबीसी को बताया, “वर्द्धमान जैन भगवान तिरुमला श्रीवारी के बड़े भक्त हैं. करीब 15 महीने पहले उन्होंने अपनी हेल्थकेयर कंपनी के शेयर बेचकर कुछ हजार करोड़ रुपये कमाए थे. उन्होंने उसी समय भगवान को बड़ा उपहार भेंट करने का संकल्प लिया था.”

इसी संकल्प के तहत उन्होंने भगवान के लिए 106 किलोग्राम सोने और हीरे के आभूषण और देवी के लिए 15 किलोग्राम सोने के आभूषण बनवाने की योजना बनाई.

इन आभूषणों को चेन्नई की एक प्रमुख सोने के आभूषण बनाने वाली कंपनी ने तैयार किया है.

टीटीडी के जनसंपर्क अधिकारी रवि ने बीबीसी को बताया, “इन 46 आभूषणों को लकड़ी के 46 बक्सों में सुरक्षित रखा गया और एक लॉरी से चेन्नई से तिरुमला श्रीवारी मंदिर लाया गया. श्रीवारी मंदिर के रंगनायक मंडपम में इन आभूषणों को प्रदर्शित किया गया और टीटीडी के अधिकारियों ने इनकी जांच कर सूची तैयार की.”

वर्द्धमान जैन पहले भी टीटीडी को दे चुके हैं दान

टीटीडी

ऐसा नहीं है कि वर्द्धमान जैन ने पहली बार तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) को इतना बड़ा दान दिया है.

टीटीडी के जनसंपर्क अधिकारी रवि ने बताया कि जैन पहले भी कई मौकों पर टीटीडी को दान दे चुके हैं.

रवि के मुताबिक, जनवरी 2025 में वर्द्धमान जैन ने टीटीडी के तहत आने वाले अलग-अलग ट्रस्टों को छह करोड़ रुपये दान दिए थे.

इसमें से पांच करोड़ रुपये टीटीडी की गौशाला में पशुओं के लिए चारा मिलाने का संयंत्र बनाने के लिए दिए गए थे.

इसके अलावा, श्रीवारी हुंडी में चढ़ावे के तौर पर मिलने वाले सिक्कों की गिनती की प्रक्रिया तेज करने के लिए उन्होंने करोड़ों रुपये की सिक्के छांटने और गिनने वाली मशीन भी भेंट की थी.

इसी साल मई में उन्होंने तिरुमला में श्रद्धालुओं को मुफ्त परिवहन सुविधा देने के लिए टीटीडी को एक ‘ओलेक्ट्रा’ इलेक्ट्रिक बस भी दान की थी.

उन्होंने श्री वेंकटेश्वर भक्ति चैनल के विकास के लिए सात करोड़ रुपये का दान दिया था.

साल 2020 में भी उन्होंने अलग-अलग मौकों पर 2.10 करोड़ रुपये और 1.11 करोड़ रुपये का दान दिया था.

टीटीडी के अधिकारियों के मुताबिक, वर्द्धमान जैन ने चेन्नई स्थित टीटीडी मंदिर को भी बड़े पैमाने पर दान दिया है.

वर्द्धमान जैन से पहले किसने दिया था बड़ा दान?

तिरुपति मंदिर में दान के लिए रखे गए सोने के गहने

बीबीसी से बात करने वाले टीटीडी के अधिकारियों के मुताबिक, वर्द्धमान जैन अब तक सबसे अधिक वज़न के सोने के आभूषण भेंट करने वाले पहले व्यक्ति हैं.

उनके बाद कर्नाटक के गली जनार्दन रेड्डी, अमेरिका में रहने वाले आंध्र प्रदेश के मंटेना रामाराजू, कोलकाता के उद्योगपति संजीव गोयनका, विशाखापत्तनम के पुव्वाडा मस्तान राव और इन्फोसिस के संस्थापक नारायण मूर्ति का नाम आता है.

ऐतिहासिक दौर से लेकर आज तक कई राजाओं, उद्योगपतियों और आम श्रद्धालुओं ने तिरुमला के भगवान वेंकटेश्वर को बड़ी मात्रा में सोना भेंट किया है.

आधुनिक इतिहास में जैन पहले व्यक्ति हैं, जिन्होंने बड़े पैमाने पर श्रीवरु को 206 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोने के आभूषण भेंट किए हैं.

इसके बाद कर्नाटक के पूर्व मंत्री गली जनार्दन रेड्डी का नाम आता है. उन्होंने जून 2009 में 31 किलोग्राम का दिव्य वज्र मुकुट भेंट किया था, जिसमें नवरत्न जड़े हुए थे.

इसके बाद अमेरिका में रहने वाले भारतीय नागरिक मंटेना रामाराजू ने 2017 में श्रीवरु को 28 किलोग्राम का सहस्रनाम कासुला हार भेंट किया था. उस समय इसकी कीमत करीब 8 करोड़ रुपये थी.

2025 में कोलकाता के उद्योगपति संजीव गोयनका ने करीब 5 करोड़ रुपये के हीरे जड़े सोने के लटकन, बाढ़ हस्त और सोने के अन्य आभूषण दान किए थे.

इसी साल विशाखापत्तनम के दंपति पुव्वाडा मस्तान राव और कुंकमारिका ने भगवान को 3.8 करोड़ रुपये मूल्य का सोना भेंट किया था.

इनके अलावा, इन्फोसिस के संस्थापक नारायण मूर्ति और सुधा मूर्ति ने 1.5 करोड़ रुपये मूल्य का 2 किलोग्राम का सोने का शंख और सोने की कूर्म प्रतिमा दान की थी. इनका इस्तेमाल भगवान के अभिषेक में किया जाता है.

श्रीकृष्णदेवराय, पल्लव, चोल और पांड्य राजाओं ने भी चढ़ाए सोने के आभूषण

पूर्व मुख्य पुजारी डॉ. एवी रमण दीक्षितुलु ने बीबीसी को बताया कि 16वीं सदी में विजयनगर साम्राज्य के राजा श्रीकृष्णदेवराय ने सात बार तिरुमला मंदिर का दौरा किया था.

उन्होंने आनंद निलय विमानम पर सोने की परत चढ़वाई थी. इसके अलावा, उन्होंने हीरे और नौ रत्नों से जड़े कई मुकुट, हार और सोने के सिक्के भी भगवान को भेंट किए थे.

रमण दीक्षितुलु ने बताया कि पल्लव, चोल और पांड्य राजाओं ने मंदिर की दीवारों, ध्वज स्तंभ और मुख्य गर्भगृह को सजाने के लिए सैकड़ों किलोग्राम सोना और सोने के कलश भेंट किए थे.

उन्होंने बताया कि 18वीं सदी में मराठा सेनापति राघोजी भोसले ने भगवान को पन्नों और हीरों से जड़े बेहद कीमती सोने के आभूषण भेंट किए थे. इनका उल्लेख टीटीडी के आभूषण संबंधी रिकॉर्ड में दर्ज है.

उन्होंने कहा कि मैसूर के महाराजाओं और गडवाल के शासकों की ओर से भी भगवान के उत्सवों के लिए सोने के रथ, कवच और कीमती आभूषण भेंट करने का इतिहास रहा है.

कैसे रखा जाता है दान किया गया सोना

टीटीडी

एलवी सुब्रमण्यम ने बताया कि श्रद्धालु भगवान को जो सोना दान करते हैं, उसमें इस्तेमाल किए जा चुके गहने, आभूषण और सोने की दूसरी वस्तुएं शामिल होती हैं.

ऐसे सोने को पिघलाकर सोने के बिस्कुट में बदला जाता है और गोल्ड डिपॉजिट के तौर पर नेशनलाइज्ड बैंकों को जमा किया जाता है.

उन्होंने बताया कि इस सोने को भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) और मिनरल्स एंड मेटल्स ट्रेडिंग कॉरपोरेशन (एमएमटीसी) की निगरानी में भी रखा जाता है.

वहीं, श्रद्धालुओं की ओर से विशेष रूप से भगवान के लिए बनवाए गए आभूषण तिरुमला के बोक्कासम (मंदिर के खजाने) में सुरक्षित रखे जाते हैं.

एलवी सुब्रमण्यम ने कहा कि इन आभूषणों की सुरक्षा को लेकर संदेह करने की कोई वजह नहीं है और इन्हें सावधानी से संभालकर रखा जाता है.

उनके मुताबिक़ अब तक टीटीडी के इतिहास में दो बार बड़े पैमाने पर जांच की गई है.

उन्होंने बीबीसी को बताया, “पहले वागड़ा आयोग और जगन्नाथ राव आयोग ने टीटीडी के गहनों और आभूषणों की गहन जांच की थी. दोनों आयोगों ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि टीटीडी इनकी सुरक्षा सावधानी से कर रहा है. आयोगों ने यह भी स्पष्ट किया था कि किसी को इनकी सुरक्षा को लेकर संदेह करने की जरूरत नहीं है.

भगवान की प्रतिमा पर 106 किलोग्राम सोने के आभूषण

टीटीडी के पूर्व विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) नागेश ने बीबीसी को बताया कि तिरुमला में भगवान वेंकटेश्वर स्वामी की प्रतिमा को हर शुक्रवार से बुधवार तक 106 किलोग्राम सोने के आभूषणों से सजाया जाता है.

उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं को गुरुवार को ही भगवान के वास्तविक स्वरूप के दर्शन होते हैं.

सप्ताह के बाकी छह दिन भगवान की प्रतिमा को 106 किलोग्राम सोने के आभूषणों से सजाया जाता है.

उन्होंने कहा कि यही वजह है कि दानदाता वर्द्धमान जैन ने अब भगवान को 106 किलोग्राम के आभूषण भेंट किए हैं.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS