Source :- INDIATV NEWS

नई दिल्ली: दिल्ली में दीपावली के पावन पर्व को भव्य और ऐतिहासिक रूप देने के लिए दिल्ली सरकार ने पूरी तैयारी की है। 6 और 7 नवंबर को कनॉट प्लेस (CP) के सेंट्रल पार्क में 2 दिवसीय ‘दिल्ली की दिवाली’ उत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। दिल्ली सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित इस विशेष उत्सव को लेकर शहरवासियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता करेंगी उद्घाटन
पर्यटन विभाग के इस दो दिवसीय भव्य आयोजन का आधिकारिक उद्घाटन दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता 6 नवंबर की शाम को ठीक 6 बजे करेंगी। इस उद्घाटन समारोह के साथ ही सेंट्रल पार्क रोशनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जगमगा उठेगा। उत्सव के दोनों दिन यानी 6 और 7 नवंबर को शाम 6 बजे से लेकर रात 10 बजे तक विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला चलेगा, जिसमें राष्ट्रीय राजधानी के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे।
आसमान में दिखेगी भगवान श्रीराम की गाथा, ड्रोन शो रहेगा मुख्य आकर्षण
इस दो दिवसीय ‘दिल्ली की दिवाली’ का सबसे बड़ा और मुख्य आकर्षण भव्य ड्रोन शो होगा। तकनीक और परंपरा के अद्भुत संगम वाले इस शो के जरिए आसमान में आधुनिक ड्रोन के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन के विभिन्न प्रसंगों (रामकथा) को जीवंत रूप से प्रदर्शित किया जाएगा, जो दर्शकों के लिए एक बेहद अलौकिक अनुभव होगा। इसके अलावा, उत्सव स्थल पर भव्य गणेश-लक्ष्मी महाआरती, सामूहिक दीपोत्सव और रंग-बिरंगी प्रस्तुतियां इस आयोजन की रौनक को और अधिक बढ़ाएंगी।
7 नवंबर को खास आकर्षण होगी ‘भजन क्लबिंग’
उत्सव के दूसरे दिन यानी 7 नवंबर को एक अनोखा और नया प्रयोग देखने को मिलेगा, जब ‘भजन क्लबिंग’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें पारंपरिक भक्ति संगीत और भजनों को एक आधुनिक और नए अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि युवा वर्ग भी अपनी सांस्कृतिक जड़ों और पर्वों से पूरी ऊर्जा के साथ जुड़ सके।
रंगोली प्रतियोगिता के विजेताओं को मिलेंगे नकद पुरस्कार
त्योहार के उल्लास को और बढ़ाने के लिए इस दौरान रंगोली प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न कलाकारों और नागरिकों ने हिस्सा लिया है। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सरकार की ओर से आकर्षक नकद पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजामों के बीच आयोजित हो रहा यह उत्सव दिल्लीवासियों को एक यादगार और दीपोत्सव का अनूठा अनुभव प्रदान करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने कार्यक्रम के बारे में क्या बताया?
दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया, “दिल्ली सरकार के द्वारा दीपावली का भव्य आयोजन दिल्ली के कनॉट प्लेस में किया जा रहा है। 6 और 7 तारीख को शाम को दिल्ली के सेंट्रल पार्क में भव्य दीपावली का आयोजन किया जाएगा। इसके पीछे उद्देश्य है कि जो पिछले कुछ दिनों में कनॉट प्लेस में और दिल्ली की जगह-जगह पर धरने-प्रदर्शन करके एक निगेटिव माहौल बनाने की कोशिश की गई, उसमें ऊर्जा भरने के लिए उत्साह भरने के लिए दिल्ली की सभी मार्केट एसोसिएशंस और आरडब्ल्यूएस के साथ मिलकर दीपावली उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। दिल्ली की सभी बड़ी मार्केट्स में दिल्ली सरकार के साथ इस उत्सव का आयोजन किया जाएगा। दिल्ली के सभी आरडब्ल्यूएस के साथ हम सुंदर से सुंदर रंगोली बनाने का कॉम्पटीशन कर रहे हैं, जिसमें सुंदर रंगोली बनाने वाले आरडब्ल्यूएस को दिल्ली सरकार द्वारा प्राइज भी दिया जाएगा। इन सारे आयोजनों का केंद्र दिल्ली का सेंट्रल पार्क (कनॉट प्लेस) होगा। जहां पर दोनों दिन भव्य ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा, प्रभु राम के जीवन के चरित्र को दिखाया जाएगा, गणेश लक्ष्मी जी की महाआरती का भी आयोजन किया जाएगा और इस दीपावली के कार्यक्रम को नाम दिया गया है “दिल्ली की दीवाली”।
कपिल मिश्रा ने बताया, “इस कार्यक्रम का उद्घाटन स्वयं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता 6 तारीख को शाम को 6 बजे सेंट्रल पार्क कनॉट प्लेस में करेंगी। मैं सभी दिल्लीवासियों और अन्य घूमने आए लोगों से अपील करता हूं कि आइए साथ में मिलकर पूरे जोश के साथ दिवाली मनाते हैं। आप सब दिल्ली की दिवाली में 6 और 7 तारीख को सेंट्रल पार्क कनॉट प्लेस में शाम को जरूर आइए।”
इससे पहले खबर सामने आई थी कि दिल्ली-NCR में प्रदूषण ने चिंता बढ़ाई थी और GRAP-2 लागू हुआ था।
ये भी पढ़ें-
दिल्ली के कई प्रमुख सड़कों पर लगा भीषण जाम, रेंग-रेंगकर चल रही गाड़ियां; लगी लंबी कतारें
SOURCE : INDIATV NEWS




