Home rss business hindi देश के 4 बड़े बैंक एफडी पर कितना दे रहे हैं ब्याज?...

देश के 4 बड़े बैंक एफडी पर कितना दे रहे हैं ब्याज? 7.30% इंटरेस्ट पाने का मौका, चेक करें बैंकों की लिस्ट

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • FD Rates: क्या आप फेस्टिवल में फिक्स्ड डिपॉजिट में निवेश करने का प्लान कर रहे हैं? यहां आपको बता रहे हैं कि देश के बड़े सरकारी और प्राइवेट कितना इंटरेस्ट ऑफर कर रहे हैं

FD Rates: क्या आप फेस्टिवल में फिक्स्ड डिपॉजिट में निवेश करने का प्लान कर रहे हैं? यहां आपको बता रहे हैं कि देश के बड़े सरकारी और प्राइवेट कितना इंटरेस्ट ऑफर कर रहे हैं। अभी हाल में ही आईसीआईसीआई बैंक और इंडियन बैंक ने अक्टूबर में अपनी कुछ एफडी (FD) योजनाओं की ब्याज दरों में बढ़ोतरी की है। अब इंडियन बैंक में सीनियर सिटीजन को 7.30 फीसदी तक ब्याज मिल सकता है। वहीं, आईसीआईसीआई बैंक में सीनियर सिटीजन के लिए ब्याज दर 7.20 फीसदी तक है। दूसरी ओर एसबीआई और एचडीएफसी बैंक ने फिलहाल अपनी एफडी की ब्याज दरों में बदलाव नहीं किया है। ऐसे में निवेश करने से पहले जान लें कि किस बैंक में कितने समय की एफडी पर कितना ब्याज मिल रहा है।

आईसीआईसीआई बैंक ने एफडी पर बढ़ाया ब्याज

आईसीआईसीआई बैंक ने 3 करोड़ रुपये से कम की एफडी पर चुनिंदा पीरियड के लिए ब्याज दरों में 0.10 फीसदी यानी 10 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की है। नई दरें 23 अक्टूबर 2026 से लागू हो गई हैं। बैंक अब आम ग्राहकों को 3 साल 1 दिन से लेकर 5 साल तक की एफडी पर 6.60 फीसदी ब्याज दे रहा है। पहले इस पीरियड के लिए ब्याज दर 6.50 फीसदी थी। 5 साल 1 दिन से लेकर 10 साल तक की एफडी पर भी आम ग्राहकों को 6.60 फीसदी ब्याज मिल रहा है। पांच साल की टैक्स सेविंग एफडी पर भी यही दर लागू है। सीनियर सिटीजन को 3 साल 1 दिन से लेकर 5 साल तक की एफडी और पांच साल की टैक्स सेविंग एफडी पर 7.20 फीसदी तक ब्याज मिल रहा है।

इंडियन बैंक की एफडी पर कितना मिलेगा ब्याज?

इंडियन बैंक ने भी अपनी दो खास एफडी योजनाओं की ब्याज दरें बढ़ाई हैं। ये नई दरें 23 अक्टूबर 2026 से 3 करोड़ रुपये से कम की जमा पर लागू हैं। बैंक की इंड ग्रो यानी 555 दिनों की एफडी पर आम ग्राहकों को अब 6.80 फीसदी ब्याज मिल रहा है। पहले यह दर 6.65 फीसदी थी। वहीं, इंड प्रॉस्पर (777 दिन) एफडी पर ब्याज दर 6.60 फीसदी से बढ़ाकर 6.75 फीसदी कर दी गई है।

सीनियर सिटीजन को इन दोनों योजनाओं पर आम ग्राहकों के मुकाबले 0.50 फीसदी यानी 50 बेसिस पॉइंट एक्स्ट्रा ब्याज मिलता है। इस हिसाब से इंड ग्रो एफडी पर उन्हें 7.30 फीसदी और इंड प्रॉस्पर एफडी पर 7.25 फीसदी ब्याज मिल सकता है।

एसबीआई की एफडी पर कितना ब्याज मिल रहा है?

देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक एसबीआई ने फिलहाल एफडी की ब्याज दरों में बदलाव नहीं किया है। बैंक आम ग्राहकों को 2 साल से लेकर 3 साल से कम की एफडी पर अधिकतम 6.40 फीसदी ब्याज दे रहा है। वहीं, सीनियर सिटीजन को 5 साल से लेकर 10 साल तक की एफडी पर 7.05 फीसदी तक ब्याज मिल रहा है। इसमें एसबीआई वी-केयर एफडी भी शामिल है।

एचडीएफसी बैंक की एफडी दरें कितनी हैं?

एचडीएफसी बैंक ने भी हालिया रेपो रेट बदलाव के बाद अपनी एफडी की ब्याज दरों में कोई रिवीजन नहीं किया है। बैंक आम ग्राहकों को 3 साल 1 दिन से लेकर 4 साल 7 महीने से कम की एफडी पर अधिकतम 6.50 फीसदी ब्याज दे रहा है। सीनियर सिटीजन के लिए इसी पीरियड की एफडी पर अधिकतम ब्याज दर 7.10 फीसदी है।

एफडी कराने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

एफडी में निवेश करने से पहले सिर्फ सबसे ज्यादा ब्याज दर न देखें। यह भी जांचें कि आपको कितने समय के लिए पैसा जमा करना होगा और समय से पहले एफडी तोड़ने पर कितना जुर्माना लग सकता है। टैक्स सेविंग एफडी में लॉक-इन पीरियड भी होती है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN