Home rss business hindi ‘देश के 40% पॉल्यूशन के लिए मैं जिम्मेदार’… नितिन गडकरी का बड़ा...

‘देश के 40% पॉल्यूशन के लिए मैं जिम्मेदार’… नितिन गडकरी का बड़ा बयान, पेट्रोल-डीजल को लेकर कही ये बात

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • गडकरी ने मंगलवार को दिल्ली में आयोजित 14वें सीआईआई बायोएनर्जी समिट में यह बात कही
  • इस दौरान उन्होंने पॉल्यूशन कम करने के लिए पेट्रोल और डीजल के अलावा दूसरे ईंधनों को अपनाने पर जोर दिया
  • उन्होंने इथेनॉल, हाइड्रोजन, बायोफ्यूल और दूसरे वैकल्पिक ईंधनों को भविष्य के लिए जरूरी बताया

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने देश में बढ़ते एयर पॉल्यूशन को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि देश के करीब 40% एयर पॉल्यूशन के लिए वह खुद को जिम्मेदार मानते हैं। दरअसल, सड़कें बनने और गाड़ियों की संख्या बढ़ने के साथ पॉल्यूशन भी बढ़ रहा है। गडकरी ने मंगलवार को दिल्ली में आयोजित 14वें सीआईआई बायोएनर्जी समिट में यह बात कही। इस दौरान उन्होंने पॉल्यूशन कम करने के लिए पेट्रोल और डीजल के अलावा दूसरे ईंधनों को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने इथेनॉल, हाइड्रोजन, बायोफ्यूल और दूसरे वैकल्पिक ईंधनों को भविष्य के लिए जरूरी बताया।

देश के 40% पॉल्यूशन के लिए खुद जिम्मेदार

नितिन गडकरी ने कहा, “मैं परिवहन मंत्री हूं। देश के 40% एयर पॉल्यूशन के लिए मैं जिम्मेदार हूं।” उन्होंने बताया कि सरकार देश में बेहतर सड़कें बना रही है। सड़कें अच्छी होने से लोग ज्यादा गाड़ियां खरीद रहे हैं और उनका इस्तेमाल भी बढ़ रहा है। इससे गाड़ियों से निकलने वाला धुआं पॉल्यूशन बढ़ा रहा है। गडकरी ने बताया कि जब उन्होंने मंत्री पद संभाला था, तब देश का ऑटोमोबाइल सेक्टर करीब 14 लाख करोड़ रुपये का था। अब यह बढ़कर 22 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। पहले भारत दुनिया में ऑटोमोबाइल सेक्टर के मामले में सातवें नंबर पर था, लेकिन अब जापान को पीछे छोड़कर तीसरे नंबर पर आ गया है।

गोबरधन योजना के तहत बन रहे 3,000 प्लांट

गडकरी ने बायोएनर्जी की संभावनाओं पर भी बात की। उन्होंने बताया कि गोबरधन योजना के तहत देश में करीब 3,000 प्लांट लगाए जा रहे हैं। इनमें से 250 प्लांट काम करना शुरू कर चुके हैं, जबकि करीब 200 प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर पराली जलाने पर रोक लगाई जाए तो दिल्ली के प्रदूषण को कम करने में काफी मदद मिल सकती है। गडकरी के मुताबिक, पराली को जलाने के बजाय उससे बायोएनर्जी बनाई जा सकती है। इससे किसानों को भी फायदा होगा और पॉल्यूशन की समस्या से निपटने में मदद मिलेगी।

इथेनॉल से बन सकता है हवाई जहाज का ईंधन

गडकरी ने बताया कि इथेनॉल से सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल यानी हवाई जहाज में इस्तेमाल होने वाला वैकल्पिक ईंधन भी बनाया जा सकता है। दुनिया के कई देशों में एविएशन फ्यूल में 2% बायोफ्यूल मिलाने को अनिवार्य करने पर चर्चा चल रही है। उन्होंने कहा कि इथेनॉल या रेक्टिफाइड स्पिरिट से सीधे यह ईंधन बनाया जा सकता है। इसके अलावा आइसोब्यूटेनॉल पर भी प्रयोग किए जा रहे हैं। गडकरी के मुताबिक, आइसोब्यूटेनॉल भविष्य में डीजल के विकल्प के रूप में सामने आ सकता है। उन्होंने बताया कि किर्लोस्कर ने ऐसे जनरेटर सेट तैयार किए हैं, जो पूरी तरह इथेनॉल और आइसोब्यूटेनॉल से चल सकते हैं। इन ईंधनों से चलने वाले ट्रैक्टर इंजन पर भी काम किया गया है। गडकरी ने कहा कि अगर इस तकनीक को बढ़ावा दिया जाए तो आने वाले समय में ट्रैक्टर भी इथेनॉल से चल सकेंगे।

6 लाख करोड़ रुपये बचाने का लक्ष्य

गडकरी ने उद्योगों से निकलने वाली कार्बन डाइऑक्साइड गैस का इस्तेमाल करके जरूरी प्रोडक्ट बनाने की तकनीक पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्बन डाइऑक्साइड से यूरिया और डाइमिथाइल ईथर (डीएमई) बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि पानी से इलेक्ट्रोलाइजर तकनीक के जरिए हाइड्रोजन निकालकर उसे कार्बन डाइऑक्साइड के साथ मिलाया जा सकता है। इस प्रक्रिया से यूरिया बनाने की संभावना पर काम हो रहा है। गडकरी ने कहा कि भारत आज करीब 6 लाख करोड़ रुपये की यूरिया आयात करता है

एलपीजी में 40% डीएमई मिलाने की तैयारी

गडकरी ने डाइमिथाइल ईथर यानी डीएमई को भी एलपीजी के विकल्प के तौर पर इस्तेमाल करने की बात कही। उन्होंने बताया कि भारत में ही डीएमई का प्रोडक्शन करके इसे एलपीजी में मिलाया जा सकता है। गडकरी के मुताबिक, एलपीजी में 40% तक डीएमई मिलाने से विदेशों से एलपीजी मंगाने की जरूरत काफी कम हो सकती है। इससे देश का आयात बिल घटेगा और घरेलू स्तर पर ईंधन का उत्पादन बढ़ेगा।

पेट्रोल-डीजल के अलावा इन ईंधनों पर सरकार का फोकस

गडकरी ने कहा कि सरकार की एनर्जी पॉलिसी का मकसद दूसरे देशों से होने वाले आयात को कम करना, ईंधन की कीमतों को किफायती बनाना और पॉल्यूशन पर लगाम लगाना है। इसके साथ ही देश में ही ईंधन बनाने वाली तकनीक को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार इथेनॉल, मेथनॉल, बायोडीजल और एलएनजी जैसे विकल्पों पर काम कर रही है। इसके अलावा भारत को गैस आधारित अर्थव्यवस्था बनाने और हाइड्रोजन के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN