Home Latest news ताज़ा खबर दौरे पड़ने का नाटक, गार्ड पर हमला और फिर फरार… तमिलनाडु की...

दौरे पड़ने का नाटक, गार्ड पर हमला और फिर फरार… तमिलनाडु की जेल से एक साथ 17 कैदी भागे; 4 अरेस्ट

5
0

Source :- Khabar Indiatv

तमिलनाडु की थेनी जिले की थेक्कमपट्टी जेल में 17 कैदियों ने एक जेल गार्ड पर हमला कर दिया और वहां से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने पूरे राज्य में उनकी तलाश शुरू कर दी है और कई जिलों में वाहनों की जांच तेज कर दी है। वहीं, पुलिस ने तलाशी अभियान के दौरान जेल से भागे 4 कैदियों को गिरफ्तार कर लिया है। थेनी पुलिस के अनुसार, कुछ कैदियों ने दौरे पड़ने का नाटक किया और जैसे ही जेल कर्मी मदद के लिए पास आए उन पर हमला कर दिया। इसके बाद वे कैदी जेल से भाग गए।

16 चेक पोस्ट बनाकर हो रही खोजबीन

इस घटना के बाद थेनी जिले के पुलिस अधीक्षक के.एस. प्रवीण गौतम ने जेल का निरीक्षण किया। कंदमनूर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आस-पास के इलाके में बड़े पैमाने पर तलाश हो रही है। भागे हुए कैदियों को पकड़ने के लिए 17 स्पेशल टीम बनाई गई हैं। फरार कैदियों की तलाश में पड़ोसी डिंडीगुल जिले में 16 स्थानों पर चेक पोस्ट बनाए गए हैं। पुलिस इन रास्तों से गुजरने वाले सभी वाहनों की जांच कर रही है।

गृह नगर लौटने की कोशिश कर सकते हैं कैदी

पुलिस ने पड़ोसी जिलों, खासकर विझिपुरम में निगरानी बढ़ा दी है, क्योंकि माना जा रहा है कि फरार हुए कई लोग वहीं के रहने वाले हैं। इस आशंका के बीच कि कैदी अपने गृह नगर लौटने की कोशिश कर सकते हैं, पूरे जिले में वाहनों की जांच तेज कर दी गई है।

ये कैदी हुए फरार-

फरार होने वाले कैदियों की पहचान लिंगम, राजा सिंगंधर, करुप्पसामी, सिलंबरसन, तिरुपति, मेंजीसुंदरम, सबरी, पोन मुथु, निजांत, कार्तिक राजा, मुगिलन, सेल्वा, तरूण, राजकुमार, प्रवीण, मुथु इलंगो और राजुवीन के रूप में की गई।

IGP ने क्या कहा?

साउथ जोन के पुलिस महानिरीक्षक (IGP) विजयेंद्र बिदारी ने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान भागे हुए कैदियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक उन्होंने कहा, “तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने भागे हुए एक कैदी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, डिंडीगुल के पुलिस अधीक्षक एस. जयकुमार ने बताया कि कैदियों के भागने के बाद सुरक्षा टीमों ने वाहनों की जांच तेज कर दी है, जबकि पुलिस ने एहतियात के तौर पर पड़ोसी डिंडीगुल जिले में 16 जगहों पर चेकपॉइंट बनाए हैं।

फिलहाल वरिष्ठ पुलिस और जेल अधिकारी संभावित सुरक्षा चूक और भागने की घटनाओं के क्रम की जांच कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें-

दिल्ली की रोहिणी जेल में मर्डर से मचा हड़कंप, झगड़े के बाद कैदी पर धारदार हथियार से हमला

पैरोल पर आया उम्रकैदी… पत्नी को त्रिशूल से गोदकर 3 घंटे लाश के पास बैठा रहा, नातिन की हत्या में पहले से काट रहा सजा

SOURCE : - KHABAR INDIA NEWS