Source :- LIVE HINDUSTAN
Russia ukraine war update: रूस के राष्ट्रपति पुतिन द्वारा तीन दिवसीय युद्ध विराम की घोषणा को यूक्रेन ने मजाक बताया है। कीव ने कहा कि पुतिन यह सब संयुक्त राज्य अमेरिका को धोखा देने के लिए कर रहे हैं।

रूस-यूक्रेन युद्ध शांति के रास्ते पर आगे बढ़ते-बढ़ते और भी ज्यादा उलझता जा रहा है। यूक्रेन ने पुतिन द्वारा प्रस्तावित तीन दिवसीय युद्ध विराम को संयुक्त राज्य अमेरिका और यूक्रेन को धोखा देने की साजिश बताते हुए ठुकरा दिया है। कीव ने इसके साथ ही रूस के ऊपर आरोप लगाया कि उसने रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर ड्रोन हमला किया है। इस हमले में दक्षिण-पूर्वी एक रूसी शहर के कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इस हमले में एक 12 साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि 3 बच्चे घायल हो गए।
यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय के प्रमुख एंडी यरमक ने कहा कि रूस अभी भी 1 हजार किलोमीटर की सीमा पर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा है। इसी कोशिश में वह लगातार रिहायशी इलाके को कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि पुतिन चाहे तो अपनी सेनाओं को रुकने का आदेश दे सकते हैं लेकिन वह ऐसा नहीं करेंगे क्योंकि वह ऐसा चाहते ही नहीं है।
यरमक ने आरोप लगाया कि पुतिन युद्ध विराम का नाटक केवल अमेरिका का सहयोग पाने के लिए कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रूस हमेशा ही हर चीज को खारिज करता आ रहा है। वह दुनिया को बरगलाता रहा है और अब अमेरिका को भी धोखा देने की कोशिश कर रहा है।
यरमक ने कहा कि अगर सीजफायर होना है तो वह तत्काल,पूरी तरह से और बिना किसी शर्त के होना चाहिए.. और वह भी कम से कम 30 दिनों के लिए। ताकि इस सब के दौरान यह सुनिश्चित किया जा सके कि इसमें पुतिन की कोई चाल नहीं है या फिर यह पूरी तरह से सुरक्षित है। यूक्रेन के इस दावे पर फिलहाल क्रेमलिन की तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया है।
यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक संघर्ष विराम का बहाना कर रहे रूस ने खारकीव में भी 20 ड्रोन्स और 31 बमों से हमला किय । एक रूसी ड्रोन को मार गिराया गया, जिसके मलबे की वजह से राजधानी कीव के एक इलाके में आग लग गई।
आपको बता दें कि ईस्टर के मौके पर युद्ध विराम की घोषणा करने वाले रूसी राष्ट्रपति ने एक बार फिर से तीन दिवसीय युद्धविराम की घोषणा की थी। हालांकि इस बार उन्होंने इसके बारे को ज्यादा जानकारी नहीं दी थी कि आखिर 8 मई से 10 मई के बीच तक चलने वाले इस अस्थायी युद्ध विराम को कैसे लागू किया जाएगा। हालांकि इस रूस की तरफ से युद्धविराम की इस घोषणा को कीव ने मजाक बताया।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN