Home LIFESTYLE NEWS HINDI नजर कमजोर होने का कैसे चलेगा पता? डॉक्टर ने बताए 5 कॉमन...

नजर कमजोर होने का कैसे चलेगा पता? डॉक्टर ने बताए 5 कॉमन साइन

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

आंखों की दिक्कत हमेशा साफ नजर नहीं आती। कई बार धुंधला दिखना, सिरदर्द या आंखों में थकान जैसी छोटी-छोटी बातें भी बताती हैं कि अब आंखों का चेकअप करवाने का समय आ गया है।

हम आमतौर पर आंखों के बारे में तब सोचते हैं, जब नजर कमजोर लगने लगे या साफ दिखना कम हो जाए। लेकिन आंखों से जुड़ी कई दिक्कतें धीरे-धीरे शुरू होती हैं। शुरुआत में इन्हें थकान, ज्यादा देर मोबाइल चलाने या लगातार काम करने का असर समझ लिया जाता है। बार-बार धुंधला दिखना, पढ़ते समय सिरदर्द होना, आंखों में जलन या दूर देखने के लिए आंखें सिकोड़ना ऐसी बातें हैं, जिन पर ध्यान देना जरूरी है। डॉ. रिचा शर्मा, देवी आई हॉस्पिटल, बताती हैं कि रोजमर्रा में होने वाले कुछ बदलावों को इग्नोर नहीं करना चाहिए। समय पर आंखों का चेकअप करवाने से नजर से जुड़ी दिक्कत का पता लगाने में मदद मिलती है।

1. बार-बार धुंधला दिखना

कभी-कभी थकान के बाद नजर थोड़ी धुंधली लगना आम बात है। लेकिन अगर ऐसा बार-बार होने लगे तो इसे सिर्फ थकान समझकर छोड़ना ठीक नहीं। किताब या मोबाइल का लिखा साफ पढ़ने में दिक्कत होना, दूर की चीजें या सड़क के बोर्ड साफ न दिखना, बार-बार फोन या किताब आंखों के पास लाना या हर चीज धुंधली-सी नजर आना, इन बातों पर ध्यान दें।

2. पढ़ने के बाद सिरदर्द होना

अगर पढ़ाई या काम के बाद अक्सर सिरदर्द होने लगता है, तो इसकी वजह सिर्फ काम का तनाव नहीं है। लंबे समय तक कंप्यूटर या मोबाइल देखने के बाद सिरदर्द के साथ आंखों में खिंचाव भी महसूस हो तो नजर जरूर चेक करवाएं। खासकर पढ़ते समय सिरदर्द होना, लंबे समय तक किसी चीज पर ध्यान लगाने में दिक्कत होना या कुछ देर पढ़ने के बाद आंखों को आराम देने की जरूरत महसूस होना इस तरफ इशारा करता है कि आंखों पर ज्यादा जोर पड़ रहा है।

3. आंखों में सूखापन और थकान

दिनभर स्क्रीन देखने से आंखें थक सकती हैं। मोबाइल या कंप्यूटर पर लगातार ध्यान लगाने के दौरान हम कम पलकें झपकाते हैं, जिससे आंखों में सूखापन बढ़ सकता है। आंखों में जलन, चुभन या किरकिरापन महसूस होना, आंखों का भारी लगना या स्क्रीन देखने के बाद काफी देर तक आंखों को आराम न मिलना, इन चीजों को इग्नोर न करें।

4. बार-बार आंखें सिकोड़कर देखना

दूर की चीज देखने के लिए क्या आप बार-बार आंखें सिकोड़ते हैं? टीवी, सड़क का बोर्ड या ऑफिस की स्क्रीन साफ देखने के लिए आंखों पर जोर लगाना नजर में बदलाव की वजह से भी हो सकता है। अगर पढ़ते समय पहले से ज्यादा रोशनी चाहिए या किसी चीज को साफ देखने के लिए आंखें सिकोड़ने की आदत बढ़ गई है, तो एक बार आंखों का चेकअप जरूर करवाएं।

5. रात में साफ देखने में दिक्कत

दिन में नजर ठीक रहती है, लेकिन रात या कम रोशनी में चीजें साफ नहीं दिखतीं, तो इस पर भी ध्यान देना चाहिए। कम रोशनी में देखने में दिक्कत, तेज रोशनी से आंखों को ज्यादा परेशानी, आंखों के सामने धब्बे या चमकती रोशनी दिखना या उजाले से अंधेरे में जाने के बाद आंखों को सामान्य होने में ज्यादा समय लगना, इन बदलावों को नजरअंदाज न करें।

सिर्फ चश्मे के नंबर के लिए नहीं!

आंखों का चेकअप सिर्फ यह पता करने के लिए नहीं होता कि चश्मे का नंबर बढ़ा है या नहीं। इससे आंखों की पूरी सेहत के बारे में भी पता चलता है। इसलिए अगर ऊपर बताई गई कोई चीज बार-बार हो रही है, तो अपनी तरफ से वजह मानने के बजाय डॉक्टर से मिलना बेहतर रहेगा। और अगर अभी कोई दिक्कत नहीं है, तब भी समय-समय पर आंखों को चेक करवाते रहना अच्छी आदत है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN