Home LIFESTYLE NEWS HINDI नवरात्रि की पूजा थाली कैसे सजाएं? घर में मौजूद सामान से करें...

नवरात्रि की पूजा थाली कैसे सजाएं? घर में मौजूद सामान से करें सुंदर डेकोरेशन, देखें 5 तरीके

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

नवरात्रि में मां दुर्गा की पूजा के लिए आप थाली की सुंदर डेकोरेशन भी कर सकते हैं। घर में मौजूद लेस, मोती और चुनरी से बहुत ही सुंदर डेकोरेशन की जा सकती है। इस थाली में आप पूजा के लिए भोग, कुमकुम, अक्षत और फूल आदि रख सकते हैं।

नवरात्रि के नौ दिनों में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना का विशेष महत्व होता है। इस दौरान भक्त माता रानी को प्रसन्न करने के लिए विधि-विधान से पूजा करते हैं, उन्हें फूल, अक्षत, कुमकुम और प्रसाद अर्पित करते हैं। इस दौरान पूजा की थाली सजाने का भी अपना महत्व है। पूजा के दौरान फल, प्रसाद और बाकी सामग्री रखने के लिए इसका इस्तेमाल होता है, लेकिन ये थाली जरा खास होती है। इसलिए भक्त इसे अलग-अलग तरीकों से डेकोरेट करना पसंद करते हैं। अगर आप भी नवरात्रि में मां दुर्गा की पूजा के लिए थाली को आकर्षक ढंग से सजाना चाहते हैं, तो ये आइडियाज ट्राई कर के देख सकते हैं। घर में मौजूद सामान से ही थाली बहुत खूबसूरत नजर आएगी और ज्यादा समय भी नहीं लगेगा।

आइडिया 1- फूलों से सजाएं पूजा की थाली

पूजा की थाली को आकर्षक तरीके से सजाने के लिए फूलों का इस्तेमाल किया जा सकता है। बस गेंदे और गुलाब के फूलों की पंखुड़ियों से थाली पर सुंदर डिजाइन बना लें। इन्हें थाली के किनारों पर लगाकर बीच में कुमकुम, अक्षत, प्रसाद और पूजा की दूसरी सामग्री रखी जा सकती है।

आइडिया 2- लाल चुनरी या कपड़े से दें पारंपरिक लुक

पूजा की थाली सजाने के लिए आप माता की लाल चुनरी या लाल कपड़े का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। सबसे आसान तरीका है कि थाली के नीचे इसे बिछा लें और ऊपर से पूजा का सामान रख दें। बाकी आप चाहें तो लाल वेलवेट के कपड़े को काटकर थाली पर चिपका सकते हैं। साथ में लेस और गोटा लगाकर थाली को और भी आकर्षक लुक दिया जा सकता है।

आइडिया 3- आम के पत्तों से करें डेकोरेशन

आम के पत्ते पूजा-पाठ में शुभ माने जाते हैं। इन्हें आप थाली डेकोरेशन में भी इस्तेमाल कर सकते हैं। ताजे और साफ आम के पत्तों को थाली के किनारों पर खूबसूरती से सजाएं। इसके साथ ही आप फूलों की पंखुड़ियों का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।

आइडिया 4- कुमकुम और रंगोली से सजाएं थाली

थाली डेकोरेशन के लिए कुमकुम और चावल के पेस्ट का इस्तेमाल किया जा सकता है। लाल और सफेद रंग से आप थाली पर सुंदर फूल-पत्ती और पारंपरिक आकृतियां उकेर सकते हैं। थोड़ा क्रिएटिव होना चाहते हैं तो थाली पर छोटी कलरफुल रंगोली भी बनाई जा सकती है।

आइडिया 5- मोती और लेस से दें आकर्षक लुक

नवरात्रि पूजा थाली और भी सुंदर और रॉयल लुक देना चाहते हैं तो मोती और सुनहरी लेस का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले थाली पर लाल कपड़े का बेस चिपकाएं। अब किनारों पर लेस लगाकर मोती से सुंदर डिजाइन बना लें। आप अपनी क्रिएटिविटी के हिसाब से थाली को डेकोरेट कर सकते हैं। सिंपल पीतल या स्टील की थाली भी बेहद सुंदर दिखने लगेगी।

(Images Credit- Pinterest)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN