Source :- LIVE HINDUSTAN

कार-बाइक वाले इस दौर में साइकिल कम ही सड़कों पर दिखती है लेकिन इसे चलाने से कई फायदे शरीर को मिलते हैं। फर्रुखाबाद में ऐसे कई बुजुर्ग हैं, जिनकी उम्र 60 पार हो चुकी है और साइकिल चलाने से उनके घुटनों का दर्द खत्म हो गया। तो चलिए जानते हैं क्या साइकिलिंग वाकई सेहत के लिए फायदेमंद है।

Health Benefits of Cycling: आजकल के युवा घंटों जिम में पसीना बहाते हैं और उसके बाद भी कभी उनके घुटने में दर्द रहता है, तो कभी मसल्स में। यहां तक कि 2-3 सीढ़ियां चढ़ने में भी अच्छे अच्छों की सांस फूल जाती है। फर्रुखाबाद के बुजुर्गों ने कई किलो मीटर साइकिल चलाकर अपने घुटनों का दर्द कम कर लिया और दवाइयां भी बंद हो गई। जी हां, आपने कई बार सुना होगा कि साइकिल चलाने से शरीर में फुर्ती बनी रहती है और पैर मजबूत होते हैं लेकिन फर्रुखाबाद के 60 के उम्र वाले कई बुजुर्गों ने खुद इस बात को साबित कर दिया है। चलिए आपको बताते हैं क्या वाकई साइकिल चलाकर घुटनों का दर्द कम किया जा सकता है, इस पर डॉक्टर्स का क्या कहना है।

क्या करते हैं बुजुर्ग

ज्यादातर 60 साल की उम्र के हो चुके इन बुजुर्गों का कहना है कि हम अपने जवानी के दिनों से ही 10-15 किमी साइकिल चलाकर आते-जाते थे। वही आदत आज भी लगी हुई है और अब हम लोग सुबह करीब 10 किमी साइकिल चलाते हैं। साइकिल चलाने से घुटनों का दर्द ठीक हो गया और शरीर में आलस की जगह चुस्ती बनी रहती है। एक बुजुर्ग नरदेश कुमार का कहना है कि पहले उनके घुटनों में हल्का-फुल्का दर्द रहता था, जिसकी वह दवाई लेते थे। साइकिल फिर से शुरू करने से घुटनों का दर्द खत्म हो गया और अब उन्हें दवा की जरूरत नहीं पड़ती है।

फ्री वाली कसरत है साइकिलिंग

57 वर्षीय रघुराज सिंह का कहना है कि हमारे लिए साइकिल चलाना मतलब कसरत होता है, जो फ्री है। हम अपने छोटे-मोटे कामों के लिए साइकिल ही लेकर जाते हैं। इसमें ना तो कोई पेट्रोल का खर्चा है और ना ही बैट्री का। बस साइकिल लेकर जाते हैं और काम निपटा लेते हैं, इससे पैर भी सही बने रहते हैं और साथ में ब्लड प्रेशर-शुगर भी कंट्रोल में रहते हैं।

क्या कहते हैं डॉक्टर

साइकिल चलाने से क्या वाकई में घुटनों का दर्द कम हो सकता है। इस बारे में लोहिया अस्पताल के ह्रदय रोग विशेषज्ञ मनोज पांडे ने बताया। उन्होंने कहा- साइकिल चलाने से शरीर को वाकई में कई फायदे मिलते हैं और इससे खासतौर पर पैरों की मांसपेशियां मजबूत हो जाती हैं। आम भाषा में कहे तो साइकिल चलाना एक बेहतरीन कार्डियो और लो-इम्पैक्ट एरोबिक एक्सरसाइज है, जिसे हर उम्र के लोग आसानी से कर सकते हैं। इससे और भी कई फायदे मिलते हैं।

शारीरिक फायदे क्या होते हैं-

  • 1. दिल को रखे स्वस्थ

रोजाना साइकिल चलाने से दिल की कार्यक्षमता बेहतर होती है। जब व्यक्ति रोजाना रूटीन से साइकिलिंग करता है, तो शरीर में ब्लड सर्कुलेशन तेज और बैलेंस के साथ बना रहता है। इससे दिल मजबूत होता है और हार्ट अटैक, हाई कोलेस्ट्रॉल तथा अन्य दिन से जुड़ी बीमारियों का खतरा कम हो सकता है।

  • 2. वजन कम करने में मदद

साइकिल चलाना कैलोरी बर्न करने का एक असरदार तरीका है। डेली साइकिलिंग करने से शरीर में जमा एक्स्ट्रा चर्बी धीरे-धीरे कम होने लगती है। खासकर पेट, कमर और जांघों के फैट को कम करने में यह काफी मददगार साबित होती है। जो लोग अपना वजन कंट्रोल में रखना चाहते हैं, उनके लिए रोजाना साइकिल चलाना ज्यादा फायदेमंद हो सकता है।

  • 3. मांसपेशियां मजबूत होती हैं

साइकिल चलाने से शरीर की कई मांसपेशियां एक्टिव बनी रहती हैं। खासतौर पर पैरों, जांघों, कमर और पिंडलियों की मांसपेशियां मजबूत बनती हैं। रोजाना साइकिलिंग से शरीर में ताकत बढ़ती है और मांसपेशियों की सहनशक्ति भी बेहतर होती है। इससे व्यक्ति लंबे समय तक काम करने में भी कम थकान महसूस करता है।

  • 4. जोड़ों पर कम दबाव

दौड़ने या भारी एक्सरसाइज की तुलना में साइकिल चलाना जोड़ों के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। इसमें घुटनों और टखनों पर कम दबाव पड़ता है, इसलिए यह बुजुर्गों और जोड़ों के दर्द से परेशान लोगों के लिए भी अच्छा माना जाता है। नियमित साइकिलिंग शरीर को एक्टिव रखती है और जोड़ों की लचक बनाए रखने में मदद करती है।

  • 5. शुगर और बीपी कंट्रोल में मदद

रोजाना साइकिलिंग करने से शरीर में ब्लड शुगर लेवल बैलेंस रखने में हेल्प मिलती है। इससे डायबिटीज का खतरा कम हो सकता है। इसके अलावा साइकिल चलाने से ब्लड सर्कुलेशन कंट्रोल में रहता है और हाई ब्लड प्रेशर की समस्या भी नहीं होती है।

मानसिक फायदे भी जान लीजिए-

  • 1. तनाव कम करता है

साइकिल चलाने से मन को शांति मिलती है और मानसिक तनाव कम होता है। जब व्यक्ति खुली हवा में साइकिल चलाता है, तो उसका मूड बेहतर होता है। इससे चिंता, तनाव और मानसिक थकान कम होती है। रोजाना साइकिलिंग दिमाग को तरोताजा और पॉजिटिव बनाए रखने में मदद करती है।

  • 2. नींद अच्छी आती है

जो लोग रोजाना एक्सरसाइज करते हैं, उन्हें अच्छी और गहरी नींद आती है। साइकिल चलाने से शरीर की ऊर्जा सही दिशा में इस्तेमाल होती है, जिससे रात में जल्दी नींद आती है और नींद बेहतर होती है। इससे शरीर और मन दोनों को ही आराम मिलेगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN