Source :- LIVE HINDUSTAN
वेनेजुएला में 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंपों से भारी तबाही मची है। राजधानी कराकास में कई इमारतें ढह गईं और कई लोग घायल हैं। कैरेबियाई देशों के लिए सुनामी का अलर्ट जारी किया गया है।
वेनेजुएला बुधवार शाम एक के बाद एक आए दो बेहद शक्तिशाली भूकंप के झटकों से दहल उठा। इन झटकों की वजह से राजधानी कराकास में कई इमारतें ढह गईं और पूरे इलाके में धूल का गुबार छा गया। भूकंप की भयावहता को देखते हुए कैरेबियाई क्षेत्र के कई हिस्सों में सुनामी का अलर्ट जारी कर दिया गया है।
महज कुछ मिनटों में कांपी धरती
US जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक, भूकंप के दोनों झटके महज कुछ ही मिनटों के अंतराल पर महसूस किए गए।
पहला झटका- स्थानीय समयानुसार शाम 18:04 बजे 7.1 की तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र तटीय समुदाय मोरोन के पश्चिम में मोंटालबान के पास 13 किलोमीटर की गहराई में था।
दूसरा झटका- कुछ ही मिनटों बाद उसी इलाके में 7.5 तीव्रता का दूसरा और पहले से अधिक शक्तिशाली भूकंप आया। इस बार भूकंप का केंद्र मोरोन से 16 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में और गहराई 10 किलोमीटर थी।
भूकंप का असर इतना व्यापक था कि इसके तेज झटके पड़ोसी देश कोलंबिया में भी लोगों द्वारा महसूस किए गए।
राजधानी कराकास में भारी दहशत
भूकंप की वजह से राजधानी कराकास में सबसे ज्यादा नुकसान देखने को मिला है। जब गगनचुंबी इमारतें हिलने लगीं और दीवारें गिरने लगीं, तो दहशत में आए लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
वेनेजुएला के गृह मंत्री डियोसडाडो काबेलो ने सरकारी टेलीविजन पर जानकारी देते हुए बताया कि कराकास के अल्तामिरा इलाके में हालात बेहद चिंताजनक हैं। यहां कई घर और इमारतें ढह गई हैं। उन्होंने इस भीषण आपदा में कई लोगों के घायल होने की भी जानकारी दी है।
सरकार की लोगों से अहम अपील
राहत और बचाव कार्यों को तेजी से चलाने के लिए गृह मंत्री काबेलो ने नागरिकों से कुछ जरूरी अपीलें की हैं।
- आफ्टरशॉक (भूकंप के बाद आने वाले झटके) के खतरे को देखते हुए लोग अभी अपने घरों के बाहर और खुले मैदान में ही रहें।
- रेस्क्यू टीमों और इमरजेंसी सेवाओं की गाड़ियों की आसान आवाजाही के लिए सड़कों को खाली रखा जाए।
- छोटे बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। फोन करके अपने करीबियों और रिश्तेदारों की सुरक्षा के बारे में जानकारी लें।
इन इलाकों में जारी हुआ सुनामी का अलर्ट
भूकंप के इन शक्तिशाली झटकों के तुरंत बाद अमेरिकी सुनामी वार्निंग सिस्टम ने वेनेजुएला, अरूबा और बोनेयर के लिए सुनामी का अलर्ट जारी कर दिया है। इसके अलावा प्यूर्टो रिको और ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स के लिए भी सुनामी को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है। यूएस पैसिफिक सुनामी वार्निंग सेंटर ने भी प्यूर्टो रिको और वर्जिन आइलैंड्स को अलर्ट पर रखा है।
फिलहाल, प्रभावित इलाकों में भारी संख्या में इमरजेंसी सेवाओं को तैनात कर दिया गया है। ढही हुई इमारतों के मलबे में फंसे संभावित पीड़ितों की तलाश और नुकसान का आकलन करने के लिए बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




