Home BUSINESS NEWS HINDI पाकिस्तान के शेयर बाजार में त्राहिमाम, 6700 अंक से ज्यादा टूटा इंडेक्स

पाकिस्तान के शेयर बाजार में त्राहिमाम, 6700 अंक से ज्यादा टूटा इंडेक्स

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Pakistan stock market crash: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान के साथ संघर्ष विराम समाप्त होने संबंधी घोषणा के बाद पाकिस्तान के शेयर बाजार में बुधवार को भारी गिरावट दर्ज की गई। पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक केएसई-100 कारोबार के अंत में 4,626.19 अंक यानी 2.48 प्रतिशत गिरकर 1,81,629.36 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय सूचकांक 6,751.21 अंक की गिरावट के साथ 1,79,504.34 तक लुढ़क गया था।

क्या कहते हैं एक्सपर्ट?

विश्लेषकों ने कहा कि बाजार में यह गिरावट अमेरिका और ईरान के बीच तनाव दोबारा बढ़ने की आशंका से जुड़ी है। ट्रंप ने ईरान के साथ संघर्ष विराम समझौता खत्म होने की घोषणा की है जिससे निवेशकों का भरोसा कमजोर पड़ा। पाकिस्तान की चर्चित न्यूज वेबसाइट डॉन की एक खबर के मुताबिक AKD सिक्योरिटीज में रिसर्च डायरेक्टर अवैस अशरफ ने कहा कि ट्रंप की टिप्पणियों के बाद निवेशकों का भरोसा कम हुआ, जिससे मध्य पूर्व से तेल की सप्लाई में रुकावट की आशंका फिर से बढ़ गई।

भारतीय बाजार में भी बिकवाली

भारतीय शेयर बाजारों में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,677.12 अंक यानी 2.15 प्रतिशत गिरकर 76,503.60 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,921.69 अंक लुढ़ककर 76,259.03 अंक पर आ गया था। इस गिरावट के बीच बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण 8.96 लाख करोड़ रुपये घटकर 4,71,23,612.10 करोड़ रुपये (4.95 लाख करोड़ डॉलर) रह गया।

इसी तरह, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 516.65 अंक यानी 2.12 प्रतिशत टूटकर 23,882.05 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शामिल सभी 30 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), मारुति, हिंदुस्तान यूनिलीवर, बजाज फाइनेंस, कोटक महिंद्रा बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।

व्यापक बाजार में मझोली कंपनियों का बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 2.14 प्रतिशत की गिरावट पर रहा जबकि छोटी कंपनियों का स्मॉलकैप सेलेक्ट 1.61 प्रतिशत के नुकसान में रहा। बीएसई पर सूचीबद्ध कुल 3,211 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए जबकि 1,070 शेयरों में तेजी रही और 173 अन्य अपरिवर्तित रहे। इस बीच, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 59 पैसे कमजोर होकर 95.55 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

एशियन बाजारों का हाल

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 5.35 प्रतिशत गिर गया, जबकि जापान का निक्की 2.11 प्रतिशत और चीन का शंघाई कम्पोजिट 0.49 प्रतिशत नीचे आया। हालांकि, हांगकांग का हैंगसेंग 2.99 प्रतिशत चढ़ गया।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN