Home LIFESTYLE NEWS HINDI पाकिस्तानियों से ज्यादा जीते हैं भारतीय, WHO रिपोर्ट में मौत की बड़ी...

पाकिस्तानियों से ज्यादा जीते हैं भारतीय, WHO रिपोर्ट में मौत की बड़ी वजह का खुलासा

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

WHO की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय लोग पाकिस्तानियों से ज्यादा लंबी उम्र जीते हैं। हालांकि, भारतीय इस लिस्ट में बांग्लादेश से पीछे हैं। रिपोर्ट में इसकी वजह और मौत के कारण का भी खुलासा किया गया है, आइये विस्तार से जानते हैं।

पुराने जमाने के लोग 80-90 की उम्र तक आसानी से जीते थे और अब ये उम्र घटकर 65-70 तक सीमित हो गई है। ये हाल सिर्फ भारत का ही नहीं बल्कि अन्य देशों का भी है और इस पर WHO (विश्व स्वास्थ्य संगठन) की रिपोर्ट आई है। इस रिपोर्ट में विस्तार से बताया गया है कि भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश जैसे देशों में लोग किस उम्र तक जीते हैं और मौत किन कारणों की वजह से होती है। इस रिपोर्ट में आया है कि लंबी उम्र के मामले में भारत पाकिस्तान से आगे हैं लेकिन बांग्लादेश से आज भी पीछे है। आइये जानते हैं सभी देशों की औसतन उम्र क्या है और इसके पीछे क्या कारण सामने आए हैं।

भारत-पाकिस्तान समेत इन देशों की औसतन उम्र क्या है

WHO के 2023 के आंकड़ों के अनुसार, भारत में जन्म के समय औसत जीवन प्रत्याशा 71.0 साल है। वहीं पाकिस्तान में यह 68.2 साल और बांग्लादेश में 72.7 साल है। यूनाइटेड स्टेट्स में यह 78.5 साल और कनाडा में 81.4 साल है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, कनाडा में लोग सबसे लंबी उम्र जीते हैं और उसके बाद यूएस का नाम है।

सिर्फ लंबी उम्र नहीं, स्वस्थ रहना भी जरूरी

अगर आप 80 साल की उम्र जी रहे हैं लेकिन शरीर आपका बीमार है, तो ऐसी उम्र का कोई फायदा नहीं है। सरल भाषा में समझा जाए तो लंबी उम्र काफी नहीं है, बल्कि शरीर का स्वस्थ रहना भी जरूरी है। इसी को हेल्दी लाइफ एक्सपेक्टेंसी यानी स्वस्थ जीवन प्रत्याशा कहा जाता है। WHO के मुताबिक, 2023 में दुनिया में स्वस्थ जीवन की औसत अवधि 62.8 साल रही। इसका मतलब है कि लोग अपनी कुल उम्र के आखिरी कुछ सालों में किसी न किसी बीमारी या स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे थे।

दुनिया में मौतों का कारण क्या है

रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया में अब ज्यादातर मौतें ऐसी बीमारियों के कारण हो रही हैं, जो लंबे समय तक बनी रहती है जैसे कैंसर या दिल की कोई गंभीर बीमारी। इन बीमारियों को गैर-संचारी रोग कहा जाता है। 2023 में दुनिया में हुई कुल मौतों में करीब 74 फीसदी मौतें गैर-संचारी बीमारियों की वजह से हुईं। सबसे ज्यादा मौतें दिल से जुड़ी बीमारियों के कारण हुईं, जिसमें सांस की समस्या, स्ट्रोक या किसी तरह का संक्रमण शामिल था। इसके अलावा लंबी बीमारियों में डायबिटीज भी शामिल है।

भारत-पाक में इस्केमिक हार्ट डिजीज और कोरोना है बड़ी वजह

भारत-पाकिस्तान में इस्केमिक हार्ट डिजीज मौत की सबसे बड़ी वजह है। WHO के मुताबिक, दक्षिण-पूर्व एशिया में हृदय रोग से जुड़ी समस्याएं सबसे ज्यादा और तेजी से बढ़ी है। इसके अलावा कोरोना महामारी के बाद मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का असर भी लोगों पर काफी पड़ा। 2019 से 2023 के बीच डिप्रेशन के कारण हेल्दी लाइफ के गंवाए गए सालों में करीब 20% और एंग्जायटी के कारण करीब 45% की बढ़ोतरी हुई।

भारत-पाकिस्तान की उम्र में क्यों है अंतर?

भारत में सबसे लंबी उम्र 71 साल है, यह पाकिस्तान के 68.2 साल से ज्यादा है। हालांकि, भारत की जीवन प्रत्याशा दुनिया के औसत 73.3 साल से भी कम है। अगर सिर्फ भारत और पाकिस्तान की औसत जीवन प्रत्याशा की बात करें तो इसमें अंतर के पीछे कई कारण हो सकते हैं। उम्र में कमी के कारण सही स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता, इलाज तक लोगों की पहुंच, मां एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, साफ पानी और स्वच्छता जैसे कई फैक्टर्स पर भी गौर करना चाहिए। इसके अलावा गंभीर और लंबी चलने वाली बीमारियां खास वजह है, जिसका इलाज सही समय पर ना होने से लोगों की मौत हो सकती है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN