Home rss sports hindi पाकिस्तानी तेज गेंदबाजों ने बरपाया कहर, श्रीलंका ने रावलपिंडी में बनाया सबसे...

पाकिस्तानी तेज गेंदबाजों ने बरपाया कहर, श्रीलंका ने रावलपिंडी में बनाया सबसे शर्मनाक स्कोर

6
0

Source :- KHABAR INDIATV

रावलपिंडी में पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों ने ऐसा कहर बरपाया कि श्रीलंका की पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। दूसरे टेस्ट के पहले ही दिन पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों ने मेहमान टीम को महज 98 रन पर समेट दिया। श्रीलंका की पूरी पारी 35.3 ओवर में खत्म हो गई। इसके साथ ही रावलपिंडी के मैदान पर टेस्ट क्रिकेट का अब तक का सबसे कम टीम स्कोर भी दर्ज हो गया। इससे पहले इस मैदान पर कोई भी टीम 100 रन के भीतर ऑलआउट नहीं हुई थी। रावलपिंडी में टेस्ट क्रिकेट के सबसे कम टीम स्कोर की बात करें तो इस सूची में पाकिस्तान का नाम भी कई बार शामिल रहा है। पाकिस्तान ने 2025 में 138, 1998 में 145 और 2024 में 146 रन बनाए थे।

रावलपिंडी में सबसे कम टेस्ट स्कोर

  • श्रीलंका – 98 (2026)
  • इंग्लैंड – 112 (2024)
  • पाकिस्तान – 138 (2025)
  • वेस्टइंडीज – 139 (1997)
  • पाकिस्तान – 145 (1998)
  • पाकिस्तान – 146 (2024)

पाकिस्तानी तेज गेंदबाजों ने झटके 10 विकेट 

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम पाकिस्तान के तेज गेंदबाजी अटैक के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई। कोई भी खिलाड़ी बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं रहा और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद अब्बास, रजाउल्लाह और आमेर जमाल ने गेंद से जमकर कहर बरपाया। इन तीनों गेंदबाजों ने श्रीलंका की बल्लेबाजी को तहस-नहस करके रख दिया। अब्बास, रजाउल्लाह और जमाल ने तीन-तीन विकेट झटके। वहीं, एक विकेट साकिब खान को मिला। श्रीलंका की ओर से सिर्फ 2 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छू सके। कप्तान और विकेटकीपर-बल्लेबाज कुसल मेंडिस ने सबसे ज्यादा 32 रन बनाए। वहीं, सोनल दिनुशा ने 21 रनों का योगदान दिया।

पाकिस्तान की धरती पर लंका का शर्मनाक स्कोर

98 रन पर सिमटने के साथ ही श्रीलंका ने पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में अपना चौथा सबसे कम स्कोर दर्ज किया। श्रीलंका का पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट में सबसे कम स्कोर 71 रन है, जो उसने 1994 में कैंडी में बनाया था। लंका की टीम टेस्ट में पाकिस्तान की धरती पर पहली बार 100 रन के भीतर ऑलआउट हुई है।

पाकिस्तान के खिलाफ श्रीलंका का सबसे कम टेस्ट स्कोर 

  • 1994 – 71 रन, कैंडी
  • 2006 – 73 रन, कैंडी
  • 2017 – 96 रन, दुबई
  • 2026 – 98 रन, रावलपिंडी

यह भी पढ़ें:

आईपीएल 2027 से पहले बहुत बड़ा ऐलान, आज सामने आएगी 10 टीमों की रिटेंशन लिस्ट

IND vs NZ टेस्ट सीरीज से पहले झटका, स्टार खिलाड़ी टीम से हो गया अचानक बाहर

Latest Cricket News

SOURCE : KHABAR INDIAN TV