Source :- LIVE HINDUSTAN
WhatsApp ने Android और iPhone यूजर्स की सुरक्षा के लिए नया सिक्योरिटी अलर्ट रोलआउट करना शुरू किया है। अगर आपके फोन का ऑपरेटिंग सिस्टम पुराना है, तो WhatsApp लॉगिन रोक सकता है। जानें नया नियम क्या है।
WhatsApp ने सुरक्षा के लिए उठाया बड़ा कदम, सॉफ्टवेयर अपडेट किए बिना नहीं मिलेगा एक्सेस
WhatsApp का इस्तेमाल करने वाले करोड़ों Android और iPhone यूजर्स के लिए जरूरी खबर है। अगर आपके फोन का सॉफ्टवेयर काफी पुराना है, तो WhatsApp अकाउंट में लॉगिन करने में परेशानी हो सकती है। मैसेजिंग ऐप अब ऐसे यूजर्स को नया सिक्योरिटी अलर्ट दिखा रहा है, जिनके डिवाइस में पुराना ऑपरेटिंग सिस्टम चल रहा है। इस अलर्ट में फोन का सॉफ्टवेयर अपडेट करने के लिए कहा जाता है। WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक इस चेतावनी को नजरअंदाज करके आगे नहीं बढ़ पाएंगे। उन्हें फोन की सेटिंग में जाकर उपलब्ध सॉफ्टवेयर अपडेट इंस्टॉल करना होगा। हालांकि, अभी कंपनी ने यह साफ नहीं किया है कि Android और iOS के किन-किन वर्जन पर लॉगिन रोक दिया जाएगा। ऐसे में अगर आपके फोन में WhatsApp सही से चल रहा है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। लेकिन फोन का सॉफ्टवेयर अपडेट रखना आपकी सुरक्षा के लिए जरूरी है।
WhatsApp का नया सिक्योरिटी अलर्ट
WhatsApp अपने यूजर्स की सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए एक नया कदम उठा रहा है। कंपनी ऐसे Android और iPhone यूजर्स को सिक्योरिटी अलर्ट दिखा रही है, जिनके फोन का ऑपरेटिंग सिस्टम पुराना हो चुका है। इस अलर्ट के बाद प्रभावित यूजर्स को WhatsApp में दोबारा लॉगिन करने से पहले फोन का सॉफ्टवेयर अपडेट करना होगा। यह बदलाव फिलहाल चुनिंदा यूजर्स के लिए रोलआउट किया जा रहा है। WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, यह नया नियम WhatsApp के किसी एक खास ऐप वर्जन तक सीमित नहीं है। इसे सर्वर की तरफ से लागू किया जा रहा है। इसका मतलब है कि केवल WhatsApp ऐप को अपडेट करने से समस्या हल होना जरूरी नहीं है। फोन के ऑपरेटिंग सिस्टम को भी अपडेट करना पड़ सकता है।
WhatsApp लॉगिन करने से पहले दिखेगा नया अलर्ट
WhatsApp के इस नए सिक्योरिटी फीचर का मकसद उन डिवाइस की सुरक्षा बेहतर बनाना है, जिनमें पुराना सॉफ्टवेयर चल रहा है। अगर किसी प्रभावित यूजर का फोन पुराने Android या iOS वर्जन पर काम कर रहा है, तो लॉगिन करने की कोशिश के दौरान उसे एक स्क्रीन दिखाई दे सकती है। इस स्क्रीन पर फोन का ऑपरेटिंग सिस्टम अपडेट करने के लिए कहा जाएगा। यूजर को अपने फोन की सेटिंग में जाकर उपलब्ध अपडेट इंस्टॉल करना होगा। अपडेट पूरा होने के बाद ही वह WhatsApp में दोबारा लॉगिन कर पाएगा।
लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि सभी पुराने फोन पर WhatsApp अचानक बंद हो जाएगा। अगर कोई फोन लंबे समय तक अपडेट नहीं होता, तो उसमें मौजूद कुछ बग रहते हैं। साइबर अपराधी उन बग का फायदा उठाकर डिवाइस में नुकसान पहुंचाने वाले सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करने या पर्सनल डिटेल तक पहुंचने की कोशिश कर सकते हैं।
फोन का सॉफ्टवेयर अपडेट कैसे करें?
Android यूजर्स के लिए:
Step 1: फोन की Settings खोलें।
Step 2: System या Software Update ऑप्शन पर जाएं। कुछ फोन में यह ऑप्शन About Phone के अंदर भी मिल सकता है।
Step 3: Check for Updates पर टैप करें। अगर अपडेट उपलब्ध है, तो उसे डाउनलोड और इंस्टॉल करें।
Step 4: फोन रीस्टार्ट होने के बाद WhatsApp खोलकर लॉगिन करने की कोशिश करें।
iPhone यूजर्स के लिए:
Step 1: iPhone की Settings खोलें।
Step 2: General ऑप्शन पर जाएं।
Step 3: Software Update पर टैप करें।
Step 4: अगर नया iOS अपडेट उपलब्ध है, तो उसे डाउनलोड और इंस्टॉल करें। अपडेट पूरा होने के बाद WhatsApp खोलें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




