Home rss business hindi प्याज खरीदने वालों के लिए गुड न्यूज! अब बफर स्टॉक से ₹35/kg...

प्याज खरीदने वालों के लिए गुड न्यूज! अब बफर स्टॉक से ₹35/kg में होगी बिक्री; जानिए अपने शहर का भाव

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

देश में लगातार बढ़ी प्याज की कीमतों से परेशान उपभोक्ताओं को आने वाले दिनों में राहत मिल सकती है। केंद्र सरकार ने महंगी प्याज की कीमतों पर लगाम लगाने के लिए अपने बफर स्टॉक से अब तक करीब 4,000 टन प्याज 17 शहरों में सब्सिडी वाले दाम पर बेच दिया है। सरकार की इस पहल के बाद प्याज की खुदरा कीमतों में करीब ₹2-3 प्रति किलो की कमी देखने को मिली है। उपभोक्ता मामलों की सचिव निधि खरे ने बताया कि सरकार लगातार प्रमुख उत्पादक राज्यों से प्याज को उन शहरों तक पहुंचा रही है, जहां इसकी कीमतें ज्यादा हैं। इसके लिए ट्रकों के अलावा विशेष रेलवे सेवा ‘कांदा एक्सप्रेस’ का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। सरकार की कोशिश है कि बाजार में प्याज की उपलब्धता बढ़ाकर कीमतों को नियंत्रित किया जाए और आम लोगों को महंगी प्याज से राहत मिले।

1.21 लाख टन प्याज का बफर स्टॉक

केंद्र सरकार ने 2026 के लिए एजेंसियों के जरिए 1.21 लाख टन प्याज का बफर स्टॉक तैयार किया है। इसमें NCCF और NAFED जैसी एजेंसियां शामिल हैं। बफर स्टॉक से प्याज को चुनिंदा शहरों में ₹35 प्रति किलो की सब्सिडी कीमत पर बेचा जा रहा है। सरकार का कहना है कि इस हस्तक्षेप से उपभोक्ताओं को कुछ राहत मिली है और बाजार कीमतों में मामूली गिरावट आई है।

करीब 1,500 टन बफर प्याज सेल

दिल्ली और चेन्नई तक ‘कांदा एक्सप्रेस’ के जरिए बड़ी मात्रा में प्याज पहुंचाया जा चुका है, जबकि अगली खेप गुवाहाटी भेजने की तैयारी की जा रही है। NCCF की मैनेजिंग डायरेक्टर अनिस जोसेफ चंद्रा के मुताबिक, उनकी संस्था अब तक अलग-अलग शहरों में करीब 1,500 टन बफर प्याज बेच चुकी है। NCCF प्याज की बिक्री अपने स्टोर, मोबाइल वैन, सहकारी समितियों और स्थानीय प्रशासन की ओर से तय अन्य माध्यमों से कर रही है।

लगभग ₹2-3 प्रति किलो की आई कमी

सरकार की यह रिटेल पहल दिल्ली-NCR, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, केरल, राजस्थान, पंजाब, ओडिशा समेत कई राज्यों में चल रही है। बफर प्याज की छंटाई, ग्रेडिंग, पैकिंग और संबंधित राज्यों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी CWC (Central Warehousing Corporation) संभाल रही है। सरकारी अधिकारियों के अनुसार सब्सिडी वाले प्याज की बिक्री शुरू होने के बाद कीमतों में लगभग ₹2-3 प्रति किलो की कमी आई है। हालांकि, देशभर में प्याज की औसत रिटेल कीमत अभी भी ₹50.79 प्रति किलो है, जबकि 28 अगस्त को सरकारी बिक्री शुरू होने के समय यह करीब ₹48.50 प्रति किलो थी, यानी राष्ट्रीय औसत के स्तर पर कीमत में अभी भी दबाव बना हुआ है और अलग-अलग शहरों में स्थिति काफी अलग है।

किस शहर में क्या है प्याज का भाव?

5 सितंबर के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में प्याज करीब ₹58 किलो, मुंबई में ₹53 किलो, चेन्नई में ₹63 किलो और रांची में करीब ₹40 किलो बिक रहा था। वहीं देश का औसत थोक भाव करीब ₹42.79 प्रति किलो दर्ज किया गया। प्याज की कीमतों पर आगे राहत मिलने की उम्मीद का सबसे बड़ा कारण आने वाली खरीफ प्याज की फसल है। अधिकारियों के मुताबिक इस फसल की संभावनाएं अच्छी हैं और अक्टूबर के मध्य से बाजारों में इसकी आवक शुरू होने की उम्मीद है। खरीफ प्याज की आवक बढ़ने से बाजार में सप्लाई मजबूत हो सकती है, जिससे कीमतों पर दबाव कम होने की संभावना है।

हालांकि, इससे पहले सरकार का बफर स्टॉक बाजार में अतिरिक्त प्याज उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। ऐसे में आने वाले कुछ हफ्ते प्याज की कीमतों के लिहाज से बेहद अहम रहने वाले हैं और अगर नई फसल की आवक उम्मीद के मुताबिक रही, तो आम उपभोक्ताओं को महंगी प्याज से जल्द राहत मिलने की उम्मीद बढ़ सकती है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN