Home - फोन में छिपा है फेक मैसेज पकड़ने वाला फीचर, Google Lens और...

फोन में छिपा है फेक मैसेज पकड़ने वाला फीचर, Google Lens और Circle to Search बताएंगे सच

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

गूगल के Circle to Search और Google Lens फीचर्स की मदद से यूजर्स संदिग्ध मैसेज में स्कैम के संकेत पहचान सकते हैं। जानें अपने फोन में इन फीचर्स का इस्तेमाल कैसे करें।

साइबर स्कैम से बचने के लिए अब यूजर्स गूगल के दो कमाल के फीचर्स की मदद ले सकते हैं। Google Lens और Circle to Search किसी संदिग्ध मैसेज की जांच कर सकते हैं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बता सकते हैं कि उसमें स्कैम के संकेत मौजूद हैं या नहीं। खास बात यह है कि इनके जरिए बैंक अकाउंट बंद होने, पार्सल अटकने या किसी रिलेटिव के मुसीबत में फंसने जैसे मैसेज की भी जांच की जा सकती है। गूगल ने इस फंक्शन को पहले से मौजूद टूल्स के जरिए इस्तेमाल करने का तरीका फिर से सामने रखा है।

साइबर क्रिमिनल्स लोगों को जाल में फंसाने के लिए अलग-अलग तरह के मैसेज भेजते हैं। इनमें तुरंत पैसे भेजने, किसी लिंक पर क्लिक करने या बैंक से जुड़ी जानकारी अपडेट करने के लिए कहा जाता है। कई बार ये मैसेज इतने असली लगते हैं कि यूजर्स इनके चक्कर में आ जाते हैं। ऐसे में Circle to Search की मदद से संदिग्ध मैसेज की जांच की जा सकती है।

ऐसे स्कैन किए जा सकते हैं स्कैम मैसेज

सबसे पहले यूजर को फोन की स्क्रीन पर मौजूद संदिग्ध मैसेज को चुनना होगा। इसके बाद गूगल का AI सिस्टम मैसेज में इस्तेमाल किए गए शब्दों, लिंक और स्कैम के संभावित संकेतों का एनालिसिस कर सकता है। नतीजे में AI Overview के जरिए बताया जा सकता है कि मैसेज संदिग्ध क्यों लग रहा है और यूजर को आगे क्या करना चाहिए।

उदाहरण के लिए, किसी अनजान नंबर से मैसेज आता है कि भेजने वाला किसी जगह फंस गया है और उसे तुरंत पैसे चाहिए। ऐसे मामले में AI मैसेज भेजने वाले की पहचान स्पष्ट ना होने, संदिग्ध लिंक और जल्दबाजी में पैसे मांगने जैसी बातों को खतरे के संकेत के रूप में बता सकता है। जरूरत पड़ने पर नंबर ब्लॉक करने और संबंधित परिचित से किसी दूसरे तरीके से संपर्क करने की सलाह भी मिल सकती है।

Circle to Search फीचर से ऐसे करें जांच

Circle to Search का इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले फोन में इस फीचर का उपलब्ध होना जरूरी है। इसके बाद स्क्रीन के नीचे मौजूद नेविगेशन बार या होम बटन को दबाकर रखें। फीचर खुलने पर संदिग्ध मैसेज के चारों ओर सर्कल बनाएं। इसके बाद गूगल सर्च उस टेक्स्ट का एनालिसिस करके उपलब्ध होने पर AI Overview के जरिए संभावित खतरे और उनसे बचने के तरीके बताएगा।

फीचर की खासियत यह है कि यूजर को मैसेज की जांच करने के लिए बार-बार ऐप बदलने या उसका टेक्स्ट कॉपी करके अलग से सर्च करने की जरूरत नहीं पड़ती। हालांकि, Circle to Search चुनिंदा एंड्रॉयड स्मार्टफोन में ही उपलब्ध है।

फोन में फीचर नहीं तो Google Lens आएगा काम

अगर आपके स्मार्टफोन में Circle to Search नहीं है, तो Google Lens की मदद से भी संदिग्ध मैसेज की जांच की जा सकती है। इसके लिए सबसे पहले मैसेज का स्क्रीनशॉट लेना होगा। इसके बाद Google ऐप खोलकर Lens पर टैप करें और गैलरी से स्क्रीनशॉट चुनें। अब सर्च करने पर गूगल AI और वेब पर उपलब्ध जानकारी की मदद से मैसेज का एनालिसिस कर सकता है।

बता दें, यह तरीका आईफोन यूजर्स के लिए भी उपयोगी है, क्योंकि वे Google ऐप में मौजूद Lens के जरिए इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि, AI बेस्ड रिजल्ट्स हर मैसेज के लिए परफेक्ट और सटीक हों, यह जरूरी नहीं है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN