Home - फोन से ऐसे स्कैन करें डॉक्यूमेंट, PDF बनाकर शेयर करना भी हो...

फोन से ऐसे स्कैन करें डॉक्यूमेंट, PDF बनाकर शेयर करना भी हो जाएगा आसान

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

एंड्रॉयड फोन से बिना अलग स्कैनर ऐप डाउनलोड किए जरूरी डॉक्यूमेंट को PDF या JPG में बदल सकते हैं। जानें Google Drive और फोन के कैमरा ऐप से डॉक्यूमेंट स्कैन करने का आसान तरीका क्या है।

अब किसी जरूरी डॉक्यूमेंट को स्कैन करने के लिए साइबर कैफे या अलग से स्कैनर की जरूरत नहीं है। अगर आपके पास एंड्रॉयड स्मार्टफोन है, तो आप उससे आधार कार्ड की कॉपी, जरूरी कागज, ऑफिस के डॉक्यूमेंट्स और नोट्स को डिजिटल फाइल में बदल सकते हैं। खास बात यह है कि इसके लिए अलग से थर्ड-पार्टी स्कैनर ऐप डाउनलोड करना भी जरूरी नहीं है। Google Drive ऐप में मौजूद स्कैनिंग फीचर की मदद से डॉक्यूमेंट को स्कैन करके PDF या JPG फॉर्मेट में सेव किया जा सकता है। कुछ स्मार्टफोन में यह सुविधा डिफॉल्ट कैमरा ऐप में भी मिलती है।

Google Drive से ऐसे स्कैन करें डॉक्यूमेंट

सबसे पहले अपने एंड्रॉयड स्मार्टफोन में Google Drive ऐप खोलें। स्क्रीन के निचले दाएं हिस्से में दिखने वाले कैमरा बटन पर टैप करें। अब जिस डॉक्यूमेंट को स्कैन करना है, उसे किसी समतल जगह पर रखें और फोन का कैमरा उसके ऊपर ले जाएं। कोशिश करें कि कागज के चारों कोने कैमरे के फ्रेम में साफ दिखाई दें।

डॉक्यूमेंट की पहचान होने पर स्क्रीन पर उसके किनारों के आसपास नीले रंग की आउटलाइन दिखाई दे सकती है। इसकी मदद से आप स्कैन होने वाले हिस्से को सही तरीके से सेट कर सकते हैं। इसके बाद कैप्चर बटन दबाकर डॉक्यूमेंट की तस्वीर लें। जरूरत के मुताबिक मैनुअल या ऑटो कैप्चर का विकल्प भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

स्कैन करने के बाद तस्वीर को बेहतर बनाने के लिए Crop and Rotate विकल्प से किनारों को ठीक करें। Filter विकल्प की मदद से उपलब्ध फिल्टर लगा सकते हैं, जबकि Clean विकल्प से स्कैन में दिखाई देने वाले कुछ अनचाहे निशान हटाए जा सकते हैं। अगर डॉक्यूमेंट कई पेज का है, तो Add बटन दबाकर बाकी पेज भी उसी फाइल में जोड़ सकते हैं। किसी पेज की फोटो ठीक नहीं आई है, तो उसे दोबारा स्कैन करने या हटाने का ऑप्शन भी मिलता है।

सभी पेज की जांच करने के बाद Done पर टैप करें। अब फाइल का नाम डालें और मौजूद ऑप्शंसमें से PDF या JPG फॉर्मेट चुनें। इसके बाद Google Drive में वह फोल्डर चुनें, जहां फाइल सेव करनी है। आखिर में Save पर टैप करें। इस तरह आपका डॉक्यूमेंट डिजिटल फाइल में बदल जाएगा, जिसे जरूरत के मुताबिक शेयर किया जा सकता है।

कैमरा ऐप से भी कर सकते हैं स्कैन

कुछ एंड्रॉयड स्मार्टफोन कंपनियां अपने डिफॉल्ट कैमरा ऐप में ही डॉक्यूमेंट स्कैन करने का फीचर देती हैं। इसके लिए फोन का कैमरा खोलें और कागज को किसी सपाट सतह पर रखें। अब कैमरे को डॉक्यूमेंट की तरफ करें। अगर स्क्रीन पर पेज या डॉक्यूमेंट स्कैन करने का आइकन दिखाई देता है, तो उस पर टैप करें।

इसके बाद स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करें। जरूरत पड़ने पर Retake विकल्प से दोबारा फोटो ले सकते हैं और Save पर टैप करें। स्कैन किया गया डॉक्यूमेंट फोन की Gallery या Files ऐप में सेव हो सकता है। हालांकि, यह सुविधा और इसके ऑप्शंस स्मार्टफोन के ब्रैंड और मॉडल के हिसाब से अलग हो सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN