Source :- LIVE HINDUSTAN

Fridge Cleaning Tips: क्या आपके फ्रिज से भी अजीब सी बदबू आती है? या फिर पीलेपन की वजह से फ्रिज गंदा दिखता है? दोनों में से कोई भी प्रॉब्लम हो, ये डीप क्लीनिंग सॉल्यूशन बनाकर रख लें। आपका फ्रिज नए जैसा चमक उठेगा!

फ्रिज हमारी रसोई में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले उपकरणों में से एक है। मौसम कोई भी हो, बची हुई सब्जी, आटा, दाल या बाकी फूड्स को स्टोर करने के क्या फ्रिज का ही इस्तेमाल होता है। हालांकि लगातार इस्तेमाल की वजह से फ्रिज का गंदा होना भी बड़ा नॉर्मल है। कई बार इसके अंदर का हिस्सा पीला पड़ने लगता है, उसमें सब्जी वगैरह के दाग लग जाते हैं या फिर अजीब से बदबू पनप जाती है। गर्मियों के मौसम में तो खासकर ये प्रॉब्लम्स और ज्यादा बढ़ जाती हैं। ऐसे में फ्रिज की डीप क्लीनिंग बहुत जरूरी है। बेस्ट बात है कि इसे आप घर पर ही आसानी से कर सकते हैं। बस आपको एक सॉल्यूशन बनाकर तैयार करना है, इससे फ्रिज की बदबू और पीलापन काफी हद तक गायब हो जाएगा। आइए जानते हैं कैसे-

फ्रिज की डीप क्लीनिंग के लिए बनाएं ये सॉल्यूशन

अगर आपके फ्रिज में पीलापन और बदबू की समस्या है, तो घर पर ही आप ये डीप क्लीनिंग सॉल्यूशन बनाकर तैयार कर सकते हैं। इसके लिए आपको एक बड़े बर्तन में एक गिलास गर्म पानी लेना है। इसमें एक चम्मच खाने वाला सोडा (बेकिंग सोडा), एक चम्मच सफेद नमक, एक चम्मच डिटर्जेंट पाउडर और एक चम्मच ही सफेद सिरका यानी विनेगर मिला लें। इन सभी चीजों को अच्छे से मिक्स कर लें। आपका डीप क्लीनिंग सॉल्यूशन बनकर तैयार है।

इस तरह करें फ्रिज की सफाई

फ्रिज की डीप क्लीनिंग के लिए सबसे पहले उसे बंद करें और उसमें रखा सारा सामान बाहर निकाल लें। आप फ्रिज की ट्रे और बास्केट को भी बाहर निकाल सकते हैं। इससे सफाई करने में आसानी होगी। अब तैयार सॉल्यूशन में एक साफ कपड़ा भिगोकर सारा पानी निचोड़ लें। फिर इसे फ्रिज की ट्रे, दीवारों और बाहर के एरिया पर रगड़ते हुए साफ कर लें। इसे 5 मिनट के लिए लगाकर छोड़ दें, फिर कोई दूसरा साफ कपड़ा लें और उससे इस सॉल्यूशन को पोंछकर क्लीन कर दें। फ्रिज का सारा पीलापन, गंदगी और बदबू काफी हद तक दूर हो जाएगी।

क्यों असरदार है ये तरीका?

इस सॉल्यूशन में सारी वो चीजें मिली हुई हैं, जो फ्रिज की क्लीनिंग को आसान बनाती हैं। बेकिंग सोडा फ्रिज के अंदर जमा गंदगी और बदबू को कम करने में मदद करता है। वहीं सफेद सिरका भी चिकनाई, पीलापन और गंदी बदबू को सोखने का काम करता है। नमक डीप क्लीनिंग के लिए अच्छा माना जाता है और डिटर्जेंट फ्रिज की सतह पर जमा गंदगी और धूल मिट्टी को क्लीन करता है। कुल मिलाकर फ्रिज को डीप क्लीन करना है, तो ये सॉल्यूशन आपकी मदद कर सकता है।

काम की टिप: फ्रिज की डीप क्लीनिंग के बाद इसमें एक छोटी कटोरी में बेकिंग सोडा भर कर रख दें। ये फ्रिज में मौजूद नमी और बदबू को सोखने में मदद करता है। आप चाहें तो इसके साथ आधा कटा हुआ नींबू भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN