Source :- LIVE HINDUSTAN
Apple App Store चलाने के लिए अब बच्चों को अपने पैरेंट्स की परमिशन लेनी होगी। अमेरिका के टेक्सास में, यूजर्स के लिए यह नया नियम लागू हो रही है। इसका असर नए ऐप्पल अकाउंट होल्डर्स पर पड़ेगा, नाबालिगों के लिए माता-पिता की मंजूरी जरूरी होगी।
अब 18 साल से कम उम्र के बच्चे, माता-पिता की मंजूरी के बिना Apple App Store नहीं चला पाएंगे। अमेरिका के टेक्सास में, ऐप स्टोर यूजर्स के लिए उम्र की पुष्टि करने वाले नए नियम लागू किए जा रहे हैं। यह कदम हाल ही में आए एक अदालती फैसले के बाद उठाया गया है, जिसमें ऐप मार्केटप्लेस से जुड़े राज्य के एक कानून को लागू करने की मंजूरी दी गई थी। इन बदलावों का असर नए ऐप्पल अकाउंट होल्डर्स पर पड़ेगा, नाबालिगों के लिए माता-पिता की मंजूरी जरूरी होगी, और ऐप डेवलपर्स के लिए नियमों का पालन करने की अतिरिक्त जिम्मेदारियां होंगी। कंपनी ने ऐसे टूल्स और फ्रेमवर्क भी बताए हैं जिन्हें डेवलपर्स को नए नियमों को पूरा करने के लिए अपनाना होगा। यह अपडेट इस कानून और इसके लागू होने को लेकर महीनों तक चली कानूनी अनिश्चितता के बाद आया है।
यूजर्क को कराना होगा एज वेरिफिकेशन
टेक्सास का कानून ऐप्पल को ऐप स्टोर पर उम्र की पुष्टि (age verification) की सुविधा जोड़ने के लिए मजबूर करता है। प्पल डेवलपर वेबसाइट पर पब्लिश एक अपडेट के अनुसार, टेक्सास में बनाए गए नए ऐप्पल अकाउंट्स पर अब राज्य के SB 2420 कानून लागू होंगे। कंपनी ने कहा कि हाल ही में आए एक कोर्ट के फैसले के बाद, जिससे इस कानून को लागू करने का रास्ता साफ हो गया, ये बदलाव 4 जून से लागू हो गए हैं।
टेक्सास में नया ऐप्पल अकाउंट बनाने वालों को अब रजिस्ट्रेशन पूरा करने से पहले अपनी उम्र से जुड़ी जानकारी देनी होगी। 18 साल से कम उम्र के यूजर्स के लिए, ऐप डाउनलोड करने, ऐप्पल इन-ऐप खरीदारी करने और ऐप से जुड़े कुछ बदलाव करने के लिए माता-पिता या अभिभावक की मंजूरी की जरूरत होगी। नाबालिगों के अकाउंट के लिए जिम्मेदार वयस्क पहले दी गई मंजूरी को वापस भी ले सकेंगे।
नए नियम ऐप डेवलपर्स पर भी लागू होते हैं। ऐप्पल ने कहा कि डेवलपर्स ‘Declared Age Range API’ के जरिए उम्र-कैटेगरी की जानकारी हासिल कर सकते हैं और जब अपडेट के लिए माता-पिता या अभिभावकों से अतिरिक्त मंजूरी की जरूरत हो, तो ‘परमिशनकिट’ फ्रेमवर्क में ‘सिग्निफिकेंट चेंज API’ का इस्तेमाल कर सकते हैं।
ऐप्पल डेवलपर्स यह तय करने के लिए भी जिम्मेदार हैं कि कब किसी ऐप अपडेट के लिए माता-पिता या अभिभावक की नई मंजूरी की जरूरत है। इसके अलावा, कंपनी ने एक नोटिफिकेशन सिस्टम शुरू किया है जो डेवलपर्स को तब अलर्ट करता है, जब कोई ऑथराइज्ड एडल्ट किसी बच्चे या किशोर द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे ऐप के लिए दी गई मंजूरी को हटा देता है।
क्यूपर्टिनो की टेक कंपनी ने डेवलपर्स से कई नए टूल्स अपनाने को कहा है, जिनमें ‘डिक्लेयर्ड एज रेंज API’, ‘सिग्निफिकेंट चेंज API’, ‘स्टोरकिट’ में उम्र-रेटिंग प्रॉपर्टी का नया प्रकार और ‘ऐप स्टोर सर्वर नोटिफिकेशन्स’ शामिल हैं। कंपनी ने डेवलपर्स को यह भी सलाह दी है कि वे यूजर्स के लिए अपडेट जारी करने से पहले अपने डेवलपमेंट एनवायरनमेंट में इन बदलावों को टेस्ट कर लें।
पहले ऐप्पल ने किया विरोध, दिया यह तर्क
‘टेक्सास ऐप स्टोर अकाउंटेबिलिटी एक्ट’ नाम के इस कानून को शुरू में 1 जनवरी, 2026 से लागू किया जाना था। अदालतों द्वारा इसके लागू होने पर रोक लगाने से पहले, ऐप्पल ने इस कानून की तैयारी के लिए अपने सिस्टम में बदलाव करने की योजना का खुलासा किया था।
SB 2420 डिजिटल ऐप मार्केटप्लेस चलाने वालों पर उम्र की पुष्टि करने की जिम्मेदारी डालता है और 18 साल से कम उम्र के यूजर्स के लिए माता-पिता की निगरानी से जुड़ी अतिरिक्त जरूरतें लागू करता है। यह कानून डेवलपर्स से यह भी अपेक्षा करता है कि वे नियमों का पालन करने के लिए जरूरी सहमति और सूचना देने वाले सिस्टम को सपोर्ट करें।
ऐप्पल ने टेक्सास और दूसरी जगहों पर उम्र की पुष्टि करने वाले कानूनों का लगातार विरोध किया है। कंपनी का तर्क है कि ऐसे नियमों की वजह से टेक्नोलॉजी कंपनियों को यूजर्स से ज्यादा निजी जानकारी इकट्ठा करनी पड़ सकती है, और उसने प्राइवेसी पर पड़ने वाले संभावित असर को लेकर चिंता जताई है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN






