Home LIFESTYLE NEWS HINDI बिना तंदूर, तवे पर बना सकती हैं तंदूरी प्याज का पराठा! इस...

बिना तंदूर, तवे पर बना सकती हैं तंदूरी प्याज का पराठा! इस संडे ट्राई करें ये चटपटी रेसिपी

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

सादे प्याज के पराठे तो आपने घर पर खूब बनाए होंगे। लेकिन क्या कभी तंदूरी प्याज का पराठा बनाया है? जी नहीं, इसके लिए आपको तंदूर की बिल्कुल जरूरत नहीं है। बस इस ट्रिक से आप तवे पर ही टेस्टी सा पराठा बनाकर तैयार कर सकते हैं।

ढाबे पर सबसे ज्यादा लोग तंदूरी पराठे ही ऑर्डर करते हैं। इनका स्मोकी फ्लेवर और मसालेदार टेस्ट, खाने का जायका बढ़ा देता है। उसमें भी प्याज के तंदूरी पराठे की बात ही कुछ अलग है। अगर आप भी नॉर्मल पराठे से ज्यादा तंदूरी पराठे खाने के शौकीन हैं, तो घर पर इन्हें बनाने का ये तरीका आपको जरूर पसंद आएगा। लोगों को अक्सर लगता है कि घर में बिना तंदूर के इन्हें बनाना पॉसिबल ही नहीं है, जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं है। घर पर बहुत आसामी से आप ढाबा स्टाइल तंदूरी प्याज का पराठा बना सकते हैं, बिल्कुल वही टेस्ट आता है। रेसिपी काफी सिंपल है और ट्रिक भी। एक बार ट्राई कर लेंगे तो इस चटपटे प्याज के तंदूरी पराठे से आपको प्यार ही हो जाएगा। तो चलिए फटाफट से इसकी रेसिपी जान लेते हैं –

तंदूरी प्याज का पराठा बनाने के लिए जरूरी सामग्री

घर पर ही ढाबा स्टाइल तंदूरी चटपटा प्याज का पराठा बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- बारीक कटी हुई प्याज (2-3), बारीक कटी हुई हरी या लाल मिर्च (3-4), ताजा हरा धनिया और कुछ बेसिक मसाले जैसे लाल मिर्च पाउडर, स्वादानुसार नमक, धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर। इसे और चटपटा और टेस्टी बनाने के लिए आप एक नींबू का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।

इस ट्रिक से घर पर ही बनाएं ढाबे जैसा तंदूरी प्याज पराठा

नॉर्मल पराठे की जगह एक बार ये तंदूरी प्याज का पराठा घर पर जरूर ट्राई करें। वही ढाबे वाला स्मोकी और चटपटा सा टेस्ट आता है, जिसे घरवाले खूब पसंद करने वाले हैं। इसके लिए सबसे पहले प्याज को बारीक काट लें। अब अगर आपको तीखा पसंद है, तो अपने हिसाब से आप हरी या लाल मिर्च को बारीक काटकर प्याज में एड कर सकते हैं। साथ में हरा धनिया भी चॉप कर के डालें।

अब बारी है इसमें कुछ बेसिक मसाले एड करने की। आप अपने स्वादानुसार नमक, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर और धनिया पाउडर इसमें मिला सकते हैं। प्याज के मसाले को थोड़ा चटपटा बनाना है, तो एक नींबू निचोड़ना बिल्कुल ना भूलें। इन सभी चीजों को आपस में अच्छे से मिक्स कर लें। फिर परात में अच्छी तरह से फैला लें।

इसके बाद आपको रोटी के नॉर्मल आटे से एक लोई तोड़ लेनी है। उसपर जरा सा सूखा आटा लगाकर बेल लें। ना बहुत ज्यादा मोटी बेलें, ना ही पतली। अब इस रोटी को प्याज के मसाले के ऊपर रखें और हल्का सा दबा दें, ताकि प्याज का मसाला रोटी की एक तरफ अच्छे से चिपक जाए। रोटी की दूसरी तरफ आपको पानी लगा लेना है।

तंदूरी पराठे को तवे पर सेंकने का सही तरीका

गर्म तवे पर रोटी को पानी लगी हुई साइड से सेंकने के लिए डालें। ये साइड हल्की सी सिक जाए तो दूसरी प्याज लगी हुई साइड को गैस की फ्लेम पर डायरेक्ट सेंक लें। आप तवे को हाथ से उल्टा कर के प्याज वाली साइड को सीधा गैस की फ्लेम पर सेंक सकते हैं। इससे ही वो हल्का कच्चा और भुनी हुई प्याज वाला तंदूरी टेस्ट आता है। अब पराठे को तवे से हटाएं और चिमटे की मदद से दोनों साइड्स अच्छी तरह सेंक लें। तंदूरी प्याज पराठा बनकर तैयार है।

सर्विंग टिप: पराठे की दोनों साइड खूब भर-भर के मक्खन या देसी घी लगाएं। इससे ही असली तंदूरी पराठे का टेस्ट आता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN