Home LIFESTYLE NEWS HINDI बिना मावा, 1 लीटर दूध से बनाएं टेस्टी मलाई मोदक, गणेश चतुर्थी...

बिना मावा, 1 लीटर दूध से बनाएं टेस्टी मलाई मोदक, गणेश चतुर्थी पर बप्पा को लगाएं भोग!

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

गणेश चतुर्थी पर बप्पा को मोदक का भोग लगाने के लिए आप ये मलाई मोदक की रेसिपी ट्राई कर सकते हैं। बिना मावा, सिर्फ 1 लीटर दूध से खूब टेस्टी और मलाईदार मोदक बनकर तैयार होते हैं। बेस्ट बात है कि ये रेसिपी कुछ ही मिनटों में बन जाती है।

गणेश चतुर्थी के मौके पर गणपति बप्पा को मोदक का भोग जरूर लगाया जाता है। कहते हैं भगवान गणेश को मोदक सबसे प्रिय हैं, इसलिए भक्त उन्हें तरह-तरह के मोदक प्रसाद स्वरूप अर्पित करते हैं। घर पर बने मोदक बप्पा के भोग के लिए सबसे शुभ माने जाते हैं। क्योंकि इनमें ना मिलावट का डर रहता है और शुद्धता का भी पूरा ध्यान रहता है। लेकिन अक्सर लोगों को लगता है मोदक बनाने में काफी टाइम लग जाता है। ऐसा बिल्कुल नहीं है। बप्पा के भोग के लिए आप फटाफट से मलाई मोदक बनाकर तैयार कर सकते हैं। बहुत ही सिंपल रेसिपी है और खाने में ये मोदक बहुत ही ज्यादा टेस्टी लगते हैं। तो इस गणेश चतुर्थी बप्पा को भोग लगाने के लिए ये रेसिपी जरूर ट्राई करें।

मलाई मोदक बनाने के लिए सामग्री

गणेश चतुर्थी पर गणपति बप्पा के प्रिय मलाई मोदक बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- दूध (1 लीटर), सिरका और पानी का घोल (1 चम्मच), देसी घी (1 चम्मच), मिल्क पाउडर (250 ग्राम), कंडेंस्ड मिल्क (आधा कप), देसी घी (1 चम्मच) और गार्निशिंग के लिए चांदी का वर्क।

टिप- मलाई मोदक बनाने के लिए गाढ़े दूध का इस्तेमाल करें। पैकेट वाला दूध ले रहे हैं तो फुल क्रीम दूध लेना सबसे बढ़िया रहेगा।

गणपति बप्पा को लगाएं मलाई मोदक का भोग

मलाई मोदक बनाने के लिए सबसे पहले दूध को उबलने के लिए रख दें। तब तक एक बाउल में थोड़ा सा सफेद सिरका और पानी मिलाकर एक घोल तैयार कर लें। इसे दूध को फाड़ने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। जैसे ही दूध में एक उबाल आ जाएगा आपको ये मिक्सचर उसमें एड कर देना है और लगातार चलाते हुए दूध को फाड़ लेना है।

काम की टिप- दूध उबालते हुए बर्तन में पहले थोड़ा सा पानी डालें, फिर दूध डालें। ऐसा करने से दूध बर्तन की तली पर चिपकता नहीं है।

दूध फट जाए तो एकस्ट्रा पानी को निचोड़कर छेना अलग कर लें। अब एक पैन में 1 चम्मच देसी घी गर्म करें, फिर उसमें तैयार किया हुआ छेना डालकर हल्का सा भून लें। साथ में मिल्क पाउडर और कंडेस्ड मिल्क एड करें और सभी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स करें। कुछ देर इन्हें चलाते हुए भूनें, एक गाढ़ा सा मिक्सचर तैयार हो जाएगा। इसी से आपको मोदक बनाकर तैयार कर लेने हैं।

मोदक को ऐसे से दें आकार

मोदक बनाने के लिए आप मार्केट में मिलने वाले सांचे का इस्तेमाल कर सकते हैं या फिर अपने हाथों से ही मोदक की शेप दे सकते हैं। सांचे से मोदक बना रहे हैं तो सबसे पहले इसपर हल्का सा देसी घी लगाकर ग्रीस कर लें। फिर मोदक वाले मिक्सर को सांचे के नीचे वाली ओपनिंग से अंदर फिल करें। इसे हल्का सा दबाएं और मोदक की शेप दें। इसी तरह एक-एक कर के सारे मोदक बनाकर तैयार कर लें।

गार्निशिंग टिप- मोदक बनने के बाद इनपर हल्का-हल्का चांदी का वर्क लगा दें। आप चाहें तो कटे हुए ड्राई फ्रूट्स भी ऊपर से डाल सकते हैं।

(Images Credit- Pinterest)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN